राष्ट्रमत न्यूज,नोएडा(ब्यूरो)। नोएडा के सेक्टर-71 स्थित ग्लोबल इंडियन इंटरनेशनल स्कूल में दूसरी कक्षा के सात वर्षीय छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल में 15 से अधिक बच्चों ने उसे फ्लोर पर गिराकर पीटा। घर पहुंचने पर बच्चे ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पिता ने स्कूल प्रबंधन से शिकायत कर सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की।

फुटेज दिखाने में आनाकानी की
आरोप है कि प्रबंधन ने करीब नौ घंटे तक फुटेज दिखाने में आनाकानी की। बाद में मोबाइल फोन पर रिकॉर्डिंग दिखाई गई जिसमें कथित तौर पर कुछ बच्चे छात्र के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। बच्चे के पिता चिराग ढिंगरा की शिकायत पर कोतवाली फेज-3 पुलिस ने स्कूली बच्चों और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
छात्र को फ्लोर पर गिराकर पीटा
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-61 निवासी चिराग ढिंगरा ने कहा कि 27 अक्तूबर की सुबह करीब 7:40 बजे उन्होंने बेटे को स्कूल छोड़ा था। स्कूल का समय सुबह 7:45 बजे से है। आरोप है कि स्कूल में क्लास के बच्चों और दूसरी कक्षा के कुछ अन्य बच्चों ने छात्र को फ्लोर पर गिराकर पीटा। बच्चा स्कूल से घर पहुंचा तो उसने परिजनों को घटना के बारे में बताया। बच्चे ने दर्द होने की बात भी कही। इसके बाद पिता ने स्कूल प्रबंधन को घटना की जानकारी देकर सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग दिखाने का अनुरोध किया।शिकायत में आरोप है कि 27 अक्तूबर की सुबह से शाम 5 बजे तक स्कूल की क्लास टीचर, कोऑर्डिनेटर, वाइस प्रिंसिपल, प्रिंसिपल और अन्य स्टाफ ने फुटेज दिखाने में आनाकानी की। काफी अनुरोध के बाद स्कूल प्रबंधन ने सीसीटीवी रिकॉर्डिंग मोबाइल फोन पर दिखाई। पिता का दावा है कि फुटेज में करीब 20 से 30 मिनट तक बच्चे को पीटने की घटना स्पष्ट दिखाई दे रही है।