*PIT-NDPS एक्ट के तहत ओमप्रकाश गुप्ता को छह महीने के लिए जेल भेजने के आदेश पर चीफ जस्टिस की सख्त टिप्पणी,आदेश में बताई कई खामियां
राष्ट्रमत न्यूज,रीवा (ब्यूरो)। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण (हैबियस कॉर्पस) की एक याचिका पर सुनवाई के दौरान रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह को लेकर चीफ जस्टिस ने कड़ी टिप्पणी की। अदालत ने कहा कि कमिश्नर को बुनियादी ट्रेनिंग की जरूरत है। उन्हें निरोध (डिटेंशन) के संबंध में भी बुनियादी जानकारी स्पष्ट नहीं है। कोर्ट ने निरोध के आदेश में कई खामियां बताते हुए कहा कि यह बेहद जिम्मेदारी का काम है और इसमें गंभीरता बरतना जरूरी है।

प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की थी
मामला रीवा निवासी ओमप्रकाश गुप्ता से जुड़ा है। बताया गया कि PIT-NDPS एक्ट के तहत रीवा कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने उन्हें छह महीने के लिए भोपाल जेल में निरुद्ध करने का आदेश जारी किया था। इस आदेश को चुनौती देते हुए ओमप्रकाश गुप्ता की ओर से अधिवक्ता आलोक तिवारी ने हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की थी।

बेसिक नॉलेज भी स्पष्ट नहीं
25 नवंबर को हुई सुनवाई में उठीं आदेश की खामियां।मुख्य न्यायाधीश अल्पेश यशवंत कोकजे और न्यायमूर्ति विवेक जैन की खंडपीठ ने 25 नवंबर को मामले की सुनवाई की। सुनवाई के दौरान कमिश्नर द्वारा जारी निरोध आदेश में कई त्रुटियां सामने आने पर अदालत ने नाराजगी जाहिर की। चीफ जस्टिस ने टिप्पणी करते हुए कहा कि कमिश्नर को इस तरह के मामलों में बुनियादी प्रशिक्षण की आवश्यकता है। निरोध के संबंध में उनका बेसिक नॉलेज भी स्पष्ट नहीं दिखाई देता।अदालत ने यह भी रेखांकित किया कि किसी व्यक्ति को निरुद्ध करने का आदेश जारी करना एक गंभीर और जिम्मेदारी भरा प्रशासनिक दायित्व है। ऐसे मामलों में कानूनी प्रावधानों और निर्धारित प्रक्रिया की पूरी जानकारी होना जरूरी है।
दो दिन में मांगा संक्षिप्त जवाब
अदालत ने मामले में दो दिन का समय देते हुए दोबारा संक्षिप्त जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अब इस मामले में अगली सुनवाई के दौरान कमिश्नर की ओर से प्रस्तुत जवाब और निरोध आदेश की वैधानिकता पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। हाईकोर्ट की इस टिप्पणी को प्रशासनिक अधिकारियों के लिए महत्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है कि किसी व्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़े निरोध जैसे संवेदनशील मामलों में आदेश जारी करते समय कानून और प्रक्रिया की अनदेखी नहीं की जा सकती।