डॉ. नीरू मित्तल ‘नीर’ की कहानी जी उठी किताबें’ केवल किताबों के बिखरने और फिर सँभलने की कहानी नहीं है, बल्कि बदलते सामाजिक परिवेश में साहित्य के घटते महत्व, बुजुर्गों की भावनात्मक दुनिया और नई पीढ़ी की सोच पर एक गंभीर टिप्पणी है। कहानी बताती है कि किताबें कभी रद्दी नहीं होतीं, वे अनुभव, संस्कार और जीवन की समझ का खजाना होती हैं। जरूरत है तो बस उन्हें पढ़ने और समझने वाली आँखों की। कृष्णकांत जी की किताबें अंततः लोगों तक पहुँचकर फिर जीवित हो उठती हैं। किताबें तभी जीवित रहती हैं, जब उन्हें पढ़ने वाले जीवित रहते हैं। साहित्य को बचाना दरअसल संवेदनाओं और मानवीय मूल्यों को बचाना है।
जी उठी किताबें \ कहानी
“बेटा… जरा पानी पिला दे।”
कृष्णकांत जी की आवाज अब पहले जैसी ठोस नहीं रही थी, उसमें समय की थकान और असहयता घुल चुकी थी।

विनय ने अपनी बाँह का सहारा देकर कृष्णकांत जी को उठाया और सुराही से थोड़ा-सा पानी गिलास में लेकर पिला दिया। कुछ दिनों से उनकी तबीयत कुछ ज्यादा ही खराब चल रही थी। उनके कमरे की चारों दीवारों से सटी अलमारियों में हजारों किताबें सजी थीं। यह कमरा सिर्फ कमरा नहीं था बल्कि एक युग था, जो कागज और शब्दों में साँस ले रहा था।
बार-बार पुत्र विनय की तरफ से इस बात का दबाव बना रहता कि जैसे भी हो इन किताबों को हटाओ, परंतु कृष्णकांत जी किताबों को अपनी जान से ज्यादा प्यार करते थे और किसी भी सूरत में उन्हें अपने से अलग नहीं करना चाहते थे। पारिवारिक दबाव के बढ़ते उन्होंने निश्चय किया कि ये किताबें लाइब्रेरी में दे दी जाएँ, जिससे अन्य लोग भी इन्हें पढ़कर लाभ उठा सकें- “बेटा! एक बार तुम स्टेट लाइब्रेरी जा कर पता तो कर लो।”
“पिताजी, मेरे पास इतना समय नहीं कि मैं अलग-अलग लाइब्रेरियों में जाकर उनसे किताबें ले लेने का आग्रह करता फिरूँ। पिछली बार आपके कहने से मैं गया था एक लाइब्रेरी, उन्होंने कहा कि किताब का नाम, लेखक का नाम, प्रकाशन का वर्ष लिखकर किताबों की लिस्ट बनाओ। लिस्ट देख कर हम बताएँगे कि कौन-सी किताबें हम ले सकते हैं। अब आप ही बताइए पिताजी… मैं इतनी सारी किताबों की कहाँ तक लिस्ट बनाऊँ और उसके बाद भी चुनने का विकल्प उनका है। वह तो इस तरह व्यवहार कर रहे थे जैसे इन किताबों की कीमत दे रहे हों। जो कहना है कह लो, मुझसे यह सब नहीं होगा,” उसने अपनी असमर्थता दर्शाते हुए कहा।
“बेटा, ये किताबें मैंने बड़ी मुश्किल से एकत्र की हैं। तुम्हें तो पता ही है, इनमें से कई तो अत्यंत दुर्लभ हैं।”
“मुझे नहीं पता पिताजी, अब आप तो इन किताबों को कभी पढ़ नहीं पाओगे… आपसे इतना कहाँ पढ़ा जाता है। अब इन किताबों का जो भी हो सकता है, कीजिए, पर मुझे यह कमरा खाली चाहिए। अंकुश बड़ा हो रहा है, उसे भी अपनी किताबें और कपड़े रखने के लिए अलमारियाँ चाहिएँ। घर में बच्चे बड़े होने से जगह तो कम पड़ती ही है।”
“बेटा! मेरे मरने के बाद चाहे जो मर्जी करना, कम-से-कम जीते जी तो मेरी किताबें मेरे आस-पास रहने दो।” कृष्णकांत जी ने बहुत ही कातर स्वर में अपनी बात रखी। यह उनका आखिरी दाँव होता था, हर बार वह अपने मरने की बात करते और विनय ढीला पड़ जाता, परंतु इस बार वह भी पूरी तैयारी के साथ आया था।
“मेरी भी मजबूरी है पिताजी! मैं आपको दुखी नहीं करना चाहता, परंतु बच्चों की जरूरतों का ध्यान रखना भी तो मेरा फर्ज बनता है न!” फिर कुछ नरम होता हुआ बोला- “आप एक हफ्ते में सोच लीजिए कि इन किताबों का क्या किया जा सकता है। नहीं तो उसके बाद मैं रद्दी वाले को बुला कर बेच दूँगा,” विनय ने आज निर्णायक स्थिति में अपना अंतिम फैसला सुना दिया।
“इन्हें भला रद्दी में कैसे बेच सकता हूँ मैं?”
विनय जानता था कि पिताजी के आगे ज्यादा देर तक बहस नहीं कर पाएगा। उनका कातर स्वर सुनकर वह बेचैन हो जाता है। परंतु पत्नी और बच्चे भी अपनी जगह सही हैं। बहुत बार इस दुविधा में पड़ चुका था, इसलिए आज बिना जवाब दिए ही निकल गया।
शाम को कृष्णकांत जी ने रामानुज को फोन लगाया- “बेटा, मुझे तुमसे जरूरी काम है, जब समय मिले आकर मिल जाना।” रामानुज बहुत ही विनम्र, शालीन और कृष्णकांत जी की इज्जत करने वाला प्रिय शिष्य था, अगले ही दिन उपस्थित हो गया। कृष्णकांत जी कई बार उससे किताबों की कहीं और व्यवस्था करने की बात कर चुके थे, पर हर बार वह इधर-उधर धक्के खा कर रह जाता था। वह आया तो बिना कुछ बोले कातर दृष्टि से उसको देखते रहे। अंत में थक-हार कर रामानुज ने ही पूछा, “सर! आपको कोई काम था?”
“हाँ… काम तो था बेटा! ये मेरी प्रिय किताबें हैं, इनमें से कुछ तो बेहद दुर्लभ हैं, कई तो किताबों के प्रथम संस्करण हैं, इन्हें लाइब्रेरी में पहुँचा सको या किसी जरूरतमंद को दे सको तो अच्छा रहेगा।”
“सर! आपने पहले भी यह बात कही थी। तब मैं गवर्नमेंट स्कूल और कॉलेज की लाइब्रेरी में गया था, परंतु उन्होंने कहा कि हिंदी की किताबें वो नहीं ले सकते। आजकल बच्चे हिंदी की किताबें पढ़ते ही नहीं हैं तो उन्हें रखने के लिए जगह क्यों बर्बाद करें। अगर अंग्रेजी की किताबें होतीं तो वो ले भी लेते कि शायद बच्चे पढ़ लें।”
“कहीं और कोशिश करके देख लो बेटा, तुम्हारा तो साहित्यकारों में उठना-बैठना है।”

“पिछली बार अखिल भारतीय काव्य गोष्ठी में भी मैंने किताबों की बाबत बात चलाई थी, परंतु कोई उचित मार्गदर्शन नहीं मिल सका। कुछ लोगों ने नई लाइब्रेरी खोलने का सुझाव दिया था। लाला हरबंस लाल ने अपने फार्म हाउस में एक कमरा इस काम के लिए मुहैया कराने की बात भी की थी, परंतु आप ही बताइए, फार्म हाउस में किताबें पढ़ने के लिए कौन जाएगा? बिना रख-रखाव के वहाँ दीमक ही लग जाएगी। आप चिंता नहीं करें, यह बात मेरे दिमाग में है और जब भी सही मौका लगा, मैं इस मामले में जरूर कुछ करूँगा।”
“पर बेटा, अब मेरे पास सिर्फ एक हफ्ते का ही समय है, उसके बाद विनय इन किताबों को रद्दी में बेच देगा।”
इस बात से रामानुज भी कुछ परेशान हो गया। कृष्णकांत जी को किसी-न-किसी तरह किताबों का निपटारा करवा देने की तसल्ली दे कर चला गया। चार दिन बाद उन्होंने पुनः रामानुज को फोन करके किताबों की बाबत जानकारी चाही, परंतु फिर वही, सिर्फ आश्वासन ही मिल सका। विनय भी रोज शाम को आकर कृष्णकांत जी से पूछता- “किताबों के बारे में कुछ निर्णय हुआ?” हर बार कृष्णकांत जी मूक बने उसका मुँह देखते रहते।
रात-रात भर कृष्णकांत जी की आँखें एक पल के लिये भी नहीं झपकतीं, टकटकी लगाए किताबों की अलमारियों को देखते रहते। कभी जयशंकर प्रसाद की ‘कामायनी’ के चिंता सर्ग के पृष्ठ अपने आप खुल जाते और पंक्तियाँ हवा में गुनगुनाने लगतीं-
“हिमगिरी के उत्तुंग शिखर पर‚ बैठ शिला की शीतल छाँह।
एक पुरुष‚ भीगे नयनों से‚ देख रहा था प्रलय प्रवाह।
नीचे जल था‚ ऊपर हिम था‚ एक तरल था, एक सघन।
एक तत्त्व की ही प्रधानता, कहो उसे जड़ या चेतन।”
कभी ‘गोदान’ का होरी और उसके बैल हीरा-मोती उनको अजीब सी दृष्टि से देखते। होरी का कथन- “हम लोग समझते हैं कि बड़े आदमी बहुत सुखी होंगे लेकिन, सच पूछो तो वे हमसे ज्यादा दुखी हैं” उन्हें अपने ऊपर ही कहा हुआ प्रतीत होता।
कभी भीष्म साहनी की ‘तमस’ की आग सुलग रही थी- “अंधेरा सिर्फ बाहर ही नहीं, भीतर भी उतर आता है।” कभी धर्मवीर भारती का उपन्यास ‘गुनाहों का देवता’ हवा में लहराता हुआ चला आता, कभी जयदेव के ‘गीत गोविंद’ से वातावरण खुशनुमा हो जाता तो कभी दिनकर का ‘रश्मिरथी’ हुँकार कर निष्काम कर्म की प्रेरणा देता- सुख दुख मोह माया त्यागकर
बस कर्म अपना निष्काम कररण में तू हुँकार भर,इन पर तू प्रहार कर
धर्म संस्थापना हेतु इनका तू संहार कर
कृष्णकांत जी रात-दिन जाने क्या-क्या बड़बड़ाते रहते, किताबें जैसे चीख-चीख कर उन्हें बुलातीं। किताबों की आर्त पुकार उनके कानों से टकराती। वह अर्ध-चेतनावस्था में बोलते रहते। कभी-कभी कुछ अस्पष्ट-सा सुनाई भी दे जाता- “इन्होंने मुझे इतना प्यार दिया है कि इनके बिना मैं रह नहीं सकता…” कभी उत्तेजित हो जाते, “अब क्या मैं इन्हें रद्दी वाले को बेच दूँ? क्या कोई पिता अपने बच्चों को इस तरह बेच सकता है?” कभी असहाय से बुदबुदाते- “मैंने सोचा भी नहीं था कि मेरी वृद्धावस्था मुझे इस कदर मजबूर कर देगी कि मैं विद्या की देवी की रक्षा भी नहीं कर पाऊँगा। जिंदगी में जब भी मुझे कोई परेशानी आई, इन्होंने ही मेरा मार्गदर्शन किया है। आज कितनी दीन-हीन होकर मुझे पुकार रही हैं। मैं क्या करूँ… क्या करूँ…” उनकी आँखों के कोरों से विवशता झर-झर बहने लगती।
दिन-ब-दिन उनकी हालत खराब होती चली गई। रामानुज भी अपनी तरफ से किताबों को किसी लाइब्रेरी में रखवाने की जी तोड़ कोशिश करने लगा। बहुत मुश्किल से दस-पंद्रह धार्मिक महत्त्व की पुस्तकें ही किसी धार्मिक संस्था में रखवा पाया। एक बड़े रचनाकार का पूरा साहित्य बहुत ही एहसान के साथ स्टेट लाइब्रेरियन ने लेना स्वीकार किया। दिन बीतते गए और एक दिन कृष्णकांत जी की जीर्ण-शीर्ण काया में किताबों को ताकती दो आँखें हमेशा के लिए बंद हो गईं।
तेरहवीं की बैठक में उनके अनेक शिष्य आए। विनय ने स्पष्ट शब्दों में कह दिया- “जो ले जाना है ले जाओ, नहीं तो रद्दी वाला ले जाएगा।”
रामानुज दो साथियों के साथ कुछ किताबें लेकर पास के पार्क में बनी छतरी के नीचे बैठ गया। एक बोर्ड भी लगा दिया गया- “उत्तम साहित्य : नि:शुल्क”
कुछ लोग आए भी और किताबों को उलट-पलट कर देखा, फिर चले गए।
युवाओं की एक टोली उधर आई तो रामानुज के मन में आशा जागी। उनमें से एक ने पूछा- “सर! कोर्स की किताबें हैं क्या?”
“नहीं बेटा! यह साहित्यिक किताबें हैं, बड़े रचनाकारों की प्रसिद्ध रचनाएँ हैं।”
“इन्हें पढ़कर क्या होगा सर? न तो इम्तिहान पास होगा और न ही नौकरी मिलेगी।”
“कक्षा के इम्तिहान इन्हें पढ़कर पास नहीं होंगे, परंतु जिंदगी के इम्तिहान में ये बहुत सहायक होंगी।”
“आपने इन सबको पढ़ लिया है क्या?”
“हाँ बेटा… मैंने ऐसी बहुत-सी किताबें और भी पढ़ी हैं।”
“अगर जिंदगी के इम्तिहान में ये किताबें इतनी सहायक होतीं तो आप यहाँ छतरी के नीचे बैठे दिखाई नहीं देते,” एक व्यंग्यात्मक मुस्कान के साथ वे बच्चे चले गए।
रामानुज बच्चों की बातों से बेहद आहत हो गए। नई पीढ़ी का साहित्य के प्रति इतना नकारात्मक रवैया हृदय में शूल की तरह चुभ गया। शाम घिर आई थी, जैसे-तैसे करके किताबें पार्क तक लेकर आए थे, अब उन्हें वापस ले जाना संभव नहीं लग रहा था। साथियों ने सलाह दी- “दिनभर इन्हें कोई नहीं ले गया, रात को कौन ले जाएगा? यहीं पड़ी रहने देते हैं, कल सुबह फिर आ जाएँगे।” रामानुज किताबों को खुले पार्क में छोड़कर जाना नहीं चाहता था, परंतु और कोई चारा नहीं था। अतः साथियों की सलाह माननी पड़ी और वो किताबें वहीं छोड़कर चल पड़े।

अगले दिन सुबह जल्दी ही रामानुज पार्क पहुँचा। किताबें इधर-उधर छितरी पड़ी थीं, जैसे अपनी दुर्दशा पर कराह रही हों। हर पुस्तक ओस की बूँदों से नम थी। दूर से देखने पर उसे लगा जैसे कृष्णकांत जी अपनी बेबसी पर जार-जार रोए जा रहे हैं। उसने झुककर एक पुस्तक उठाई। उसके पन्ने भीगकर भारी हो गए थे, किनारे मुड़ गए थे—ठीक वैसे ही जैसे कृष्णकांत जी के अंतिम दिनों में उनकी आँखों के कोने भीगकर झुक गए थे।
उसने काँपते हाथों से किताबों को समेटना शुरू किया। हर पुस्तक को उठाते हुए उसे ऐसा लगता जैसे वह किसी जीवित स्मृति को छू रहा हो।
“सर… मैंने आपको निराश कर दिया…” उसके होंठ बुदबुदाए।
धीरे-धीरे उसके और साथी भी किताबें समेटने लगे। पार्क का वह कोना, जो कल तक एक असफल प्रयास का प्रतीक था, आज एक मौन शोकसभा में बदल गया था। उसी समय पास से एक बुजुर्ग टहलते हुए वहाँ आकर रुक गए। उन्होंने झुककर एक किताब उठाई, चश्मा ठीक किया और कुछ पन्ने पलटे- “ये… ये तो बहुत अच्छी पुस्तक है… आजकल तो ऐसी किताबें मिलती ही नहीं,” उन्होंने धीमे से कहा। रामानुज ने पहली बार सिर उठाकर किसी की आँखों में चमक देखी।
“बेटा, ये किताबें किसकी हैं?” उन्होंने पूछा।
रामानुज की आँखें भर आईं- “मेरे गुरु की… अब वो नहीं रहे…”
बुजुर्ग कुछ क्षण मौन रहे, फिर बोले- “अगर तुम अनुमति दो तो मैं कुछ किताबें ले जाऊँ पढ़ने के लिए।”
रामानुज ने उनकी ओर देखा- उस एक वाक्य में उसे जैसे आशा की एक किरण दिखाई दी। धीरे-धीरे दो-तीन और लोग रुकने लगे। कोई जिज्ञासा से, कोई सच में रुचि से। एक कॉलेज का लड़का आगे आया- “सर… ये ‘गोदान’ है क्या? मैंने नाम तो सुना है…”
रामानुज की आँखों में हल्की-सी चमक लौटी- “हाँ… और अगर पढ़ लोगे, तो शायद जिंदगी को थोड़ा और समझ पाओगे…”
लड़के ने संकोच से किताब उठा ली। रामानुज ने बाकी किताबों को सावधानी से समेटा और मन-ही-मन एक निर्णय लिया। कुछ ही दिनों बाद उसी पार्क के एक कोने में एक छोटी-सी लकड़ी की अलमारी रखी गई। ऊपर एक साधारण-सा बोर्ड टंगा था-“कृष्णकांत पुस्तक-कोना — पढ़ें, समझें, और लौटाएँ!”
रामानुज हर शाम वहाँ बैठता। रविवार को मोहल्ले के बच्चों को बुलाकर कहानियाँ सुनाता। पहले बच्चे ऊबते रहे… फिर धीरे-धीरे चुप हो गए… फिर एक ने पूछा- “फिर क्या हुआ सर?” रामानुज ने पढ़ना जारी रखा।
एक दिन वही लड़का, जिसने ‘गोदान’ ली थी, लौटा। उसकी आँखों में एक नई गंभीरता थी- “सर… होरी सच में मर गया… पर पता है… वो हार कर भी जीत गया…”
रामानुज चुप रहा। बस हल्की-सी मुस्कान उसके होंठों पर आ गई। उसे लगा- कहीं-न-कहीं, कृष्णकांत जी की आत्मा यह सब देख रही होगी। उसने आसमान की तरफ देखा लगा- जैसे किसी अदृश्य खिड़की से कृष्णकांत जी मुस्कुरा रहे हैं, उनकी आँखों में अब कोई बेबसी नहीं, एक संतोष है।
उनकी किताबें अब अलमारियों में कैद नहीं थीं, वे फिर से साँस ले रही थीं… पढ़ी जा रही थीं… जी रही थीं…
और शायद कृष्णकांत जी भी।

डॉ. नीरू मित्तल ‘नीर’
कोठी न. 40 सेक्टर 15 ,पंचकूला 134113
MO-9878779743