बिना अनुमति रैली,जुलूस और धरना-प्रदर्शन दो माह तक प्रतिबंधित - rashtrmat.com

बिना अनुमति रैली,जुलूस और धरना-प्रदर्शन दो माह तक प्रतिबंधित

राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। रीवा जिले में आगामी त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों को देखते हुए जिला प्रशासन ने कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 (1) के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं।जिला प्रशासन का यह आदेश आगामी दो माह तक प्रभावी रहेगा।
अनुमति लेना अनिवार्य होगा
जारी आदेश के मुताबिक अब सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना जिले में किसी भी प्रकार की रैली, जुलूस और धरना-प्रदर्शन आयोजित नहीं किया जा सकेगा। ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल के लिए भी अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
विद्वेष फैलाने वाली टिप्पणियों पर प्रतिबंध
इसके अलावा रैली और जुलूस में अस्त्र-शस्त्र लेकर चलने तथा उनके प्रदर्शन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन के लिए पंडाल का निर्माण भी नहीं किया जा सकेगा।प्रशासन ने सोशल मीडिया पर भी निगरानी के निर्देश दिए हैं। मोबाइल और कंप्यूटर के माध्यम से सोशल मीडिया पर विधि विरुद्ध संदेश, चित्र, कमेंट्स और पोस्ट करने तथा सांप्रदायिक विद्वेष फैलाने वाली टिप्पणियों पर प्रतिबंध लगाया गया है।
वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी
आदेश में होटल, लॉज और विश्राम गृहों में ठहरने वाले व्यक्तियों की जानकारी नजदीकी थाने में देना अनिवार्य किया गया है। वहीं वाहन चालकों को सड़क किनारे निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़े करने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात बाधित करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *