150 किमी. की रफ्तार से आगे बढ़ रहा चक्रवात अर्नब,तेज हवा के साथ बारिश - rashtrmat.com

150 किमी. की रफ्तार से आगे बढ़ रहा चक्रवात अर्नब,तेज हवा के साथ बारिश

 राष्ट्रमत न्यूज,नई दिल्ली(ब्यूरो)। बंगाल की खाड़ी में चक्रवात अर्नब 150 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। इसके 28 अक्टूबर की सुबह बापटला और विशाखापत्तनम के बीच तट से टकराने की आशंका है।आंध्र प्रदेश के 16 जिलों में भारी बारिश का रेडअलर्ट जारी किया गया है। तटीय इलाकों में लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया है। आंध्र-ओडिशा में करीब 4,000 शेल्टर बनाए गए हैं।बुधवार को 21 उड़ानें रद्द कर दी गईं।

डिंडीगुल जिले के पहाड़ी इलाके में भूस्खलन से पेरियाकुलम-कोडाइकनाल सड़क का एक हिस्सा धंस गया।

आंध्र प्रदेश में 2,131 राहत शिविर तैयार 

आंध्र प्रदेश सरकार ने राज्य के 20 जिलों में 2,131 चक्रवात राहत शिविर स्थापित किए हैं। तूफान से प्रभावित होने की आशंका वाले क्षेत्रों में 1,087 चिकित्सा दलों को तैयार रखा गया है। इसके अलावा, 8,281 आपातकालीन बिस्तरों और 1,274 एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ ही 1,351 गर्भवती महिलाओं को अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया है।

ट्राइबल एरिया में ठंड का असर ज्यादा

हिमाचल प्रदेश में सुबह-शाम और रात के समय ठंड बढ़ने लगी है। प्रदेश के 11 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। ट्राइबल एरिया में ठंड का असर ज्यादा है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 2.5 डिग्री और केलांग में पारा माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क चुका है।

बुधवार को 21 उड़ानें रद्द कर दी गईं

विजयवाड़ा और विशाखापत्तनम हवाई अड्डों पर मंगलवार और बुधवार को 21 उड़ानें रद्द कर दी गईं।आंध्र-ओडिशा में भारी बारिश शुरू हो गई है। समुद्र में नौकाएं ले जाने पर पाबंदी लगा दी गई है। स्कूल भी बंद हैं।मौसम विभाग ने तेलंगाना, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पुडुचेरी, बिहार और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अंडमान-निकोबार सहित तटीय इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

विजयवाड़ा की फ्लाइट के लिए एडवाइजरी जारी 

चक्रवात अर्नब के चलते एअर इंडिया ने विशाखापत्तनम और विजयवाड़ा आने-जाने वाली फ्लाइट के यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने यात्रियों से फ्लाइट का स्टेटस जांचने और एयरपोर्ट पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय रखने की अपील की है।एअर इंडिया ने कहा कि खराब मौसम के कारण सड़क से एयरपोर्ट पहुंचने में भी परेशानी हो सकती है।आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में भी चक्रवात के असर से कुछ इलाकों मे बारिश हुई है। समुद्र में लहरें तेज हैं और हालात खराब बने हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *