राष्ट्रमत न्यूज नई दिल्ली(ब्यूरो)। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने पद संभालने के 209 दिन बाद सोमवार को 65 सदस्यों की कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया। राम माधव को उपाध्यक्ष और स्मृति ईरानी को महासचिव बनाकर वापस लाया गया है।भाजपा IT सेल के प्रभारी अमित मालवीय की जगह दीपक म्हस्के को लाया गया है। वहीं, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे उपाध्यक्ष बनी रहेंगी। राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष भी पद पर बने रहेंगे।55 साल की औसत उम्र वाली नितिन नवीन की टीम में 12 महिलाएं हैं। यूपी से दो मुस्लिम चेहरों तारिक मंसूर और बासित अली को शामिल किया गया है।


मध्य प्रदेश से छह नाम शामिल
अध्यक्ष नितिन नवीन की टीम में मध्य प्रदेश से छह नाम शामिल किए गए हैं, वहीं मप्र से राज्यसभा सांसद बने तरुण चुघ को भी टीम में जगह दी गई है। वो पंजाब के रहने वाले हैं। मध्य प्रदेश से लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, गजेंद्र सिंह पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री, कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री का पदभार सौंपा गया है। वहीं, विष्णुदत्त शर्मा को प्रकोष्ठ संकुल संयोजक, बंशीलाल गुर्जर को भाजपा किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा आशीष उषा अग्रवाल को मीडिया सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद बनाए गए तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी बनाया गया है।
नवीन की टीम में 12 महिलाएं, यूपी से 3
BJP अध्यक्ष नितिन नवीन की नई राष्ट्रीय टीम में 12 महिलाओं को जिम्मेदारी दी गई है। इनमें वसुंधरा राजे, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन दोशी, डॉ. भारती पवार और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।वहीं स्मृति ईरानी को महासचिव बनाया गया है। कविता पाटीदार, फांग्नोन कोन्यक और संगीता यादव को मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा अध्यक्ष और प्रीति गांधी को सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी मिली है।सबसे ज्यादा प्रतिनिधित्व उत्तर प्रदेश की 3 महिलाओं का है, जबकि महाराष्ट्र की 2 और बाकी राज्यों की 1-1 महिला हैं।

सांसद रूप कुमारी महिला मोर्चा अध्यक्ष
BJP की नई टीम में छत्तीसगढ़ को भी महत्वपूर्ण जगह मिली है। सांसद रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।छत्तीसगढ़ से सांसद रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा अध्यक्ष बनाए जाने को प्रदेश संगठन के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पार्टी के भीतर इसे राज्य में संगठनात्मक मजबूती और महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने के रूप में देखा जा रहा है।
13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया
भाजपा की ओर से जारी सूची के अनुसार, वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, डॉ. भारती प्रवीण पवार, सरदार मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, प्रो. एम. नागराजा, प्रो. तारिक मंसूर और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इस सूची में अलग-अलग राज्यों के नेताओं को जगह दी गई है, जिससे संगठन में क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व का भी ध्यान रखा गया है।