बालाघाट में महिला कांग्रेस ने मंत्री विजय शाह का पुतला फूंका - rashtrmat.com

बालाघाट में महिला कांग्रेस ने मंत्री विजय शाह का पुतला फूंका

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।बालाघाट में महिला कांग्रेस ने मंत्री विजय शाह के बयान के विरोध में उनका पुतला फूंका। यह विरोध प्रदर्शन लाडली बहनों को लेकर दिए गए मंत्री के एक बयान के खिलाफ किया गया, जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री का सम्मान न करने वाली बहनों की जांच कराने की बात कही थी।मंत्री विजय शाह के पुतले पर गलती से मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की तस्वीर लगा दी गई थी।

मुख्यमंत्री का सम्मान नहीं करेंगी

महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय से रैली निकाली और नगर के हनुमान चौक पर पुतला जलाया। मंत्री विजय शाह ने कहा था कि जो बहनें मुख्यमंत्री का सम्मान नहीं करेंगी, उनकी जांच कराई जाएगी। महिला कांग्रेस ने इस बयान को लाडली बहनों के लिए मंत्री की धमकी बताया है।

शाह के पुतले पर  विजयवर्गीय की तस्वीर

इस विरोध प्रदर्शन के दौरान एक खास बात सामने आई। मंत्री विजय शाह के पुतले पर गलती से मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की तस्वीर लगा दी गई थी।पत्रकारों द्वारा यह जानकारी सामने लाने पर प्रदेश महासचिव और जिलाध्यक्ष लक्ष्मी वाघाड़े ने स्पष्ट किया कि पुतला मंत्री विजय शाह का ही फूंका गया था, लेकिन कैलाश विजयवर्गीय का फोटो गलती से लग गया था।

 विजय शाह महिलाओं का अपमान करते है

लक्ष्मी वाघाड़े ने कहा कि मंत्री विजय शाह महिलाओं का अपमान करते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार को यह नहीं भूलना चाहिए कि यदि प्रदेश की महिलाओं ने उन्हें वोट नहीं दिया होता, तो उनकी सरकार नहीं बन सकती थी। महिला कांग्रेस ने मांग की है कि मंत्री विजय शाह अपने बयान के लिए माफी मांगें और सरकार उनसे इस्तीफा ले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *