राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।कटंगी तहसील अंतर्गत जमुनिया बांध के चैन क्रमांक.30 में रिसाव हो हो रहा है। अधिकारियों ने निरीक्षण करने के बाद कहा कि चूहे और केकड़े भी बांध की मिट्टी को काट देते हैं जिसकी वजह से रिसाव होेने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। मौके पर जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण किया और कहा कि जलस्तर कम होने के पश्चात बांध के अपस्ट्रीम हिस्से में मिट्टी की बोरियों की लोडिंग कर रिसाव को बंद करने की कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में रिसाव वाले स्थान पर रेत, गिट्टी एवं बोल्डर का फिल्टर तैयार कर रिसाव को नियंत्रित किया जा रहा है। साथ ही स्लूस गेट के माध्यम से लगातार पानी नहर में छोड़ा जा रहा है, जिससे बांध का जलस्तर कम किया जा सके। जलस्तर कम होने के बाद रिसाव के वास्तविक स्रोत का पता लगाकर तकनीकी मापदंडों के अनुरूप आवश्यक सुधार कार्य किया जाएगा।

इसी प्रकार चूहे एवं केकड़े भी बांध की मिट्टी में सुरंगनुमा रास्ते बनाते हैं, जिससे बांध के अंदर पानी के प्रवाह का मार्ग बनने की संभावना रहती है।विभागीय अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में जमुनिया बांध सुरक्षित है तथा रिसाव को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक तकनीकी उपाय किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता जल संसाधन विभाग, वैनगंगा कछार सिवनी उदय सिंह परते, समस्त कार्यपालन यंत्री, अनुविभागीय अधिकारी एवं समस्त उपयंत्री उपस्थित रहे।