डी-मार्ट से 1.29 लाख रुपये का गोवर्धन घी जब्त - rashtrmat.com

डी-मार्ट से 1.29 लाख रुपये का गोवर्धन घी जब्त

राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। जिले भर में मिलावट से मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने शहर के डी.मार्ट स्टोर पर दबिश देकर भारी मात्रा में गोवर्धन ब्रांड का घी जब्त किया है। यह अमानक घी था जिसे बेचा जा रहा था।यह कार्यवाही भोपाल स्थित आयुक्त खाद्य सुरक्षा कार्यालय से आई जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है। जिसमें उक्त घी के नमूने गुणवत्ता के अनुरूप नहीं पाये गये थे। यह घी पुणे से आया था।

1.29 लाख रुपये का गोवर्धन घी जब्त

जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षाप्रशासन की टीम ने डी-मार्ट स्टोर पहुंचकर तुरंत बिक्री पर रोक लगाई और मौके से गोवर्धन घी के कुल 198 पैकेट जब्त कर लिए। जब्त किए गए घी की कुल मात्रा लगभग 150 लीटर बताई जा रही है, जिसकी बाजार में कुल कीमत एक लाख उनतीस हजार रुपये आंकी गई है। यह घी महाराष्ट्र के पुणे स्थित पराग मिल्क फूड्स लिमिटेड द्वारा डी-मार्ट रीवा को बिक्री के लिए सप्लाई किया गया था। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जब्त घी के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।