मंहगे शौक को पूरा करने किया कार चोरी,चार गिरफ्तार - rashtrmat.com

मंहगे शौक को पूरा करने किया कार चोरी,चार गिरफ्तार

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो) थाना कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी के  मामले का खुलासा करते हुए चोरी गई टाटा पंच कार बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी पीड़ित का करीबी दोस्त था, जिसने महंगे शौक पूरे करने के लिए पहले से ही कार की डुप्लीकेट चाबी बनवा ली थी और अपने साथियों के साथ मिलकर कार चोरी की साजिश रची थी।
अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गए
   पुलिस के अनुसार, फरियादी शिवायु पर्टले निवासी मंडला, हाल निवासी भटेरा बालाघाट ने 31 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई कि 30 जुलाई की रात घर के सामने खड़ी उनकी टाटा पंच कार (एमपी 51 जेडई 0469) अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गए। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 523/2026 धारा 303(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
फरियादी का करीबी मित्र था
नगर पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान एक गोपनीय जानकारी के आधार पर ग्राम अमोली से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही उनकी निशानदेही पर चोरी गई कार भी बरामद कर ली गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी धनेश उर्फ लक्की उर्फ राजा कटरे, फरियादी का करीबी मित्र था। उसने पहले ही कार की नकली चाबी तैयार करवा ली थी और साथियों के साथ मिलकर कार चोरी कर उसे बेचने की योजना बनाई थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच से पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया। गिरफ्तार आरोपियों में धनेश उर्फ लक्की उर्फ राजा कटरे (20) निवासी बूटी हाल भटेरा, कपिल चौधरी (22), अनुराग सोनवाने (20) तथा आशीष रिनायत (23) निवासी ग्राम अमोली शामिल हैं।