राष्ट्रमत न्यूज,भोपाल(ब्यूरो)। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि सिंगरौली में जी.रामजी में ए आई से फर्जी तस्वीर बनाकर करीब 120 लोगों को फर्जी भुगतान किया गया है। इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की जानी चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर ट्वीट कर आरोप लगाया कि ए आई के जरिये जनरेट करके फर्जी मजदूरों की तस्वीरें अपलोड कर भुगतान किया जा रहा है और इसमें कमीशन की मांग भी हो रही है।
कठोर कार्रवाई करने की मांग
सिंघार ने कहा कि सिंगरौली में 120 से अधिक फर्जी AI तस्वीरों के जरिए सरकारी धन की लूट हो रही है, लेकिन अब तक जिम्मेदारों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जी-रामजी को मजदूरों के सम्मान का माध्यम बनाया जाना चाहिए, न कि लूट का साधन। नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मामले का संज्ञान लेकर उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराने और दोषी अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।उन्होंने अपने ट्वीट में यह भी कहा कि भाजपा केवल नाम बदलने की राजनीति कर रही है, जबकि धरातल पर योजनाओं में भ्रष्टाचार हो रहा है और गरीब मजदूरों का हक मारा जा रहा है।
गुंडाराज का प्रमाण है
एक अन्य ट्वीट में सिंघार ने अशोकनगर जिले के चंदेरी में भाजपा नेता और सरपंच द्वारा एक युवक की कथित पिटाई का वीडियो साझा करते हुए इसे कानून व्यवस्था पर सवाल बताया। उन्होंने कहा कि सत्ता से जुड़े लोगों द्वारा कानून हाथ में लेना प्रशासन की विफलता और गुंडाराज का प्रमाण है।