धान का पैसा नहीं मिला,दुकान नहीं मिली जैसी दर्जनों शिकायतें जनसुनवाई में - rashtrmat.com

धान का पैसा नहीं मिला,दुकान नहीं मिली जैसी दर्जनों शिकायतें जनसुनवाई में

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।जनसुनवाई में बालाघाट तहसील के ग्राम पंचायत खैरी निवासी 70 वर्षीय किसान गौरीशंकर मोहारे धान खरीदी के दौरान धोखाधडी किये जाने की शिकायत की। गौरीशंकर ने बताया कि 7 जनवरी को उन्होंने धान उपार्जन केंद्र कुम्हारी जरेरा में 552 बोरी धान तौल के लिए दी थी। लेकिन उनके खाते में केवल 511 बोरी की ही एंट्री और भुगतान किया गया। शेष 41 बोरी की एंट्री दो दिन में करने का आश्वासन दिया गया। जो अब तक नहीं हुआ है।
महाप्रबंधक को कार्यवाही करने कहा
किसान गौरीशंकर मोहारे ने बताया कि धान उपार्जन केंद्र में कई बार संपर्क करने के बावजूद निरंतर केंद्र के कर्मचारी टालमटोल कर रहे हैं। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान के अलावा मानसिक परेशानी उठानी पड़ रही है। किसान ने मामले की जांच कर शेष 41 बोरी धान की बकाया राशि दिलाने की मांग की है। इस प्रकरण में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बालाघाट के महाप्रबंधक को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया है।
मुख्यमंत्री कल्याण की राशि नहीं मिली
वारासिवनी तहसील के निवासी शुभम गजभिये मुख्यमंत्री कल्याणी विवाह की राशि नही मिलने की शिकायत लेकर आए थे। शुभम का कहना था कि उसने 01 वर्ष पूर्व कल्याणी विवाह योजना अंतर्गत अपना विवाह किया और विवाह सहायता राशि प्राप्त करने के लिए अपने सभी आवश्यक दस्तावेज जमा किये किंतु आज दिनांक तक उसे इस योजना के तहत सहायता राशि प्राप्त नही हुई है। इस प्रकरण में सामाजिक न्याय विभाग को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गए है।
PM जीवन ज्योति की राशि नहीं दे रहे
ग्राम गर्रा की निवासी महक बिसेन पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना की दावा राशि दिलाने की मांग लेकर आयी थी। महक ने बताया कि उसके पिता चित्रसेन बिसेन ने भारतीय स्टेट बैंक वारासिवनी में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में अपना खाता खुलवाया था। इस खाते में महक बिसेन को नामिनी नियुक्त किया गया था। जो उस समय नाबालिग थी। उसके पिता का 8 अगस्त 2021 को निधन हो चुका है। अब वह बालिग हो चुकी है। महक का कहना था कि उसने बैंक शाखा में जाकर खाते की जमा राशि एवं बीमा की दावा राशि प्राप्त करने का प्रयास किया, परंतु उसे अब तक राशि प्राप्त नहीं हो सकी।इस प्रकरण में अग्रणी बैंक प्रबंधक को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गए है।

अभी तक दुकान नहीं दी गयी
साथ ही ग्राम डोंगरमाली निवासी अब्दुल समी शेख ग्राम सरपंच द्वारा अवैध धन वसूली किये जाने की शिकायत लेकर आए थे। अब्दुल का कहना था कि बाजार चौक डोंगरमाली में उनकी वर्षों पुरानी किराना दुकान थी जिसे सरपंच द्वारा तीन नोटिस जारी कर हटवा दिया गया। अब्दुल ने बताया कि उन्हें आश्वासन दिया गया था कि 90 दिनों के भीतर उसी स्थान पर नया काम्पलेक्स बनाकर एक लाख इकसठ हजार रुपये लेकर दुकान कमरा आवंटित की जाएगी। लेकिन उन्हें केवल 60 हजार रुपये की रसीद प्रदान की गई। उन्हें अब तक दुकान आवंटित नहीं की गई है।
प्रधानमंत्री वंदन योजना की राशि दिलाएं
लालबर्रा तहसील के ग्राम पिपरिय घोटी की संजना कावरे प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की राशि दिलाने की मांग लेकर आयी थी। संजना का कहना था कि उसने लगभग 08 माह पूर्व इस योजना में गर्भावस्था के दौरान अपना फार्म जमा किया था। लेकिन उसे अब तक इस योजना की राशि नही मिली है। उसने एक माह पूर्व सीएम हेल्पलाईन में भी इसकी शिकायत की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *