डॉक्टर का पता पूछकर महिला से झुमके और मंगलसूत्र लेकर ठग फरार - rashtrmat.com

डॉक्टर का पता पूछकर महिला से झुमके और मंगलसूत्र लेकर ठग फरार

 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले के वारासिवनी में एक महिला से ठगी का मामला सामने आया है। सब्जी बेचने का काम करने वाली विद्या ठाकरे से अज्ञात बदमाश सोने के जेवर लेकर फरार हो गए। महिला ने मामले की शिकायत वारासिवनी थाने में दर्ज कराई है।घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है। विद्या ठाकरे अपने घर जा रही थीं, तभी दो महिलाओं के साथ आए एक पुरुष ने उन्हें रोका और डॉ. रेखा का पता पूछा।

पर्स अपने पास ही रख लिया

महिला ने बताया कि जब उसने पता नहीं होने की बात कही, तो उस पुरुष ने उसे बातों में उलझा लिया। उसने कहा कि वह अपने कान के झुमके और मंगलसूत्र उतारकर पर्स में रख ले। साथ ही कहा कि चार कदम आगे जाकर घर पहुंचकर पर्स खोले और जेवर दूध से धोए। बदमाशों ने महिला से जेवर उतरवाकर पर्स में रखवा दिए, लेकिन चालाकी से पर्स अपने पास ही रख लिया। इसके बाद महिला को चार कदम आगे चलने और फिर लौटने को कहा।

आरोपी काफी दूर जा चुके थे

जब विद्या ठाकरे आगे बढ़कर वापस लौटीं तो वहां कोई नहीं था। ठग सोने के जेवर लेकर फरार हो चुके थे। इसके बाद महिला ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी काफी दूर जा चुके थे।शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घटना भाजपा कार्यालय के पास, सुराना और हिमांशु ज्वैलर्स के सामने की बताई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *