राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। रीवा में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, पैर बुरी तरह क्षत-विक्षत; इलाज के दौरान आज सुबह हुई मौत मध्य प्रदेश के रीवा शहर में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार चिंताजनक होता जा रहा है। ताजा मामला बिछिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गड्डि रोड बाईपास चौक जोरी कोठी रिंग रोड बाईपास के पास का है, जहाँ कल बीती शाम एक तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक Cg10 cg5268 ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में बाइक सवार व्यक्ति का एक पैर ट्रक के पहिए के नीचे आने से पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था। इलाज के दौरान आज सुबह उसकी मौत हो गई।

क्या था पूरा मामला
मृतक अपनी मोटरसाइकिल से गड्डि रोड बाईपास चौक के पास से गुजर रहा था। तभी तेज गति से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को कुचल दिया । बताया गया ट्रक का टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर जा गिरा और ट्रक का पहिया बाइक और युवक के पैर के ऊपर से निकल गया, जिससे उसका पैर बुरी तरह कुचल गया और रीढ़ की हड्डी टूट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई।
बाइक को टक्कर मार दी
बिछिया थाना प्रभारी अंकिता मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह दुर्घटना कल शाम करीब 4:30 बजे हुई थी। मृतक की पहचान बृजेश पटेल मूल निवासी टीकर, हाल निवास- कृष्णानगर चिरहुला, रीवा के रूप में हुई है। वे कल शाम करीब 4:30 बजे रीवा से अपने गांव टीकर जा रहे थे, तभी कोठी रिंग रोड बाईपास के पास ट्रक क्रमांक CG 10 CG 5268 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

अभय शर्मा की अनूठी इंसानियत
जब यह दुर्घटना हुई, सिलपरी के रहने वाले अभय शर्मा बाईपास मार्ग से अपने घर सिलपरी लौट रहे थे। रास्ते में सड़क पर भारी भीड़ देखकर उन्होंने अपनी गाड़ी रोक दी और नीचे उतरकर माजरा देखा। घायल व्यक्ति को खून से लथपथ और दर्द से छटपटाते देख अभय शर्मा ने बिना किसी औपचारिकता या देरी के तुरंत मानवता का परिचय दिया। उन्होंने अपनी सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए बिना एक पल गंवाए घायल व्यक्ति को अपनी मदद से रीवा के संजय गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल पहुँचाया।