*किटवरिया बायपास पर हादसा
* केबिन में फंसे ड्राइवर को गेट तोड़कर निकाला
राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। रीवा के चोरहटा थाना क्षेत्र के किटवरिया बायपास पर शुक्रवार सुबह कोहरे के कारण दो ट्रकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रक का ड्राइवर केबिन में फंस गया। उसे बाहर निकालने के लिए ट्रक का गेट तोड़ना पड़ा। हादसे में ड्राइवर का पैर कट गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बनारस और सतना की ओर जा रहे थे ट्रक
जानकारी के मुताबिक, एक ट्रक बनारस से सतना की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा सतना से उत्तर प्रदेश की तरफ जा रहा था। इसी दौरान किटवरिया बायपास पर दोनों ट्रक आपस में भिड़ गए। हादसे में शामिल ट्रकों के नंबर MP 17 HH 5350 और NL 01 AC 0672 हैं। हादसे की सूचना मिलने पर चोरहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। टक्कर के बाद एक ट्रक का ड्राइवर केबिन में फंस गया था। पुलिस ने ट्रक का गेट तोड़कर उसे बाहर निकलवाया और अस्पताल पहुंचाया।

घायल की पहचान करने में जुटी पुलिस
चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला ने बताया कि घायल ड्राइवर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी पहचान करने के प्रयास कर रही है।