राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।जबलपुर में 21 सितंबर को आयोजित संभागीय फुटबॉल प्रतियोगिता के मिनी वर्ग में बालाघाट की बेटियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में बालाघाट की टीम ने डिंडोरी को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से पराजित कर प्रतियोगिता में अपनी श्रेष्ठता साबित की।
3-0 से शानदार जीत
बालाघाट जिले की ओर से कन्या शिक्षा परिसर बालाघाट, गोंगलाई की छात्राओं ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। टीम की खिलाड़ियों ने पूरे टूनार्मेंट के दौरान बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और खेल कौशल का परिचय दिया। फाइनल मुकाबले में भी खिलाड़ियों ने शुरू से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए डिंडोरी की टीम पर दबाव बनाए रखा और 3-0 से शानदार जीत दर्ज की।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता
संस्था के पीटीआई कमल किशोर तेलासे ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर टीम की 10 खिलाड़ियों का चयन विभागीय राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए किया गया है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 23 सितंबर को शहडोल में किया जाएगा।