राष्ट्रमत न्यूज,कोरबा(ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के मेरठ में हुए नीले ड्रम कांड को लोग अभी भूले भी नहीं हैं कि कोरबा जिले में सेप्टिक टैंक कांड सामने आया है। मेरठ में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की थी, जबकि कोरबा में एक युवक ने लिव-इन पार्टनर महिला की हत्या कर शव को सेप्टिक टैंक में छिपा दिया। करीब एक महीने बाद रक्षाबंधन पर महिला के भाई के घर नहीं पहुंचने और परिजनों की खोजबीन के बाद हत्या का राज खुला।

घटना के अगले दिन रक्षाबंधन था
संतोषी की शादी 2001 में करतला क्षेत्र में हुई थी। उसके 4 बच्चे हैं। लेकिन करीब 15 साल पहले पति की मौत के बाद वह अपने ससुराल में रह रही थी। इसके बाद करीब दो साल से वह मनोज के साथ लिव-इन में रहने लगी थी। मनोज की पत्नी की भी मौत हो चुकी है।आरोप है कि, 27 अगस्त को किसी बात को लेकर विवाद के बाद पार्टनर ने उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को घर के पीछे बने सेप्टिक टैंक में डालकर ढक्कन बंद कर दिया। घटना के अगले दिन रक्षाबंधन था।महिला के मायके नहीं पहुंचने पर उसके भाइयों ने पार्टनर से पूछताछ की। उसने बताया कि महिला एक दिन पहले ही कहीं चली गई है। कई दिन बाद भी वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। 19 सितंबर को भाई रामभरोस और बाकी परिजन मनोज के घर पहुंचे।

सेप्टिक टैंक से बदबू आई तो हुआ शक
परिजन घर के पीछे पहुंचे तो सेप्टिक टैंक का ढक्कन आधा खुला था। अंदर से तेज बदबू आ रही थी। संदेह होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद श्यांग थाना प्रभारी लक्ष्मण खूंटे टीम के साथ मौके पर पहुंचे।रविवार सुबह कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सेप्टिक टैंक खोला गया। इसमें एक सड़ी-गली लाश मिली। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

मारपीट के बाद मौत
पुलिस के मुताबिक, महिला की पहचान संतोषी के रूप में हुई है। मनोज ने संतोषी के साथ मारपीट की थी। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। आरोप है कि देर शाम उसने फिर संतोषी की पिटाई की, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
फॉरेंसिक और मेडिकल कॉलेज की टीम पहुंची
घटना की जानकारी मिलने के बाद फॉरेंसिक एक्सपर्ट और मेडिकल कॉलेज की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस शव की जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। हत्या के पूरे घटनाक्रम और आरोपी की भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है।