राष्ट्रमत न्यूज,भोपाल(ब्यूरो)।भोपाल की लेकपर्ल कालोनी के एक मकान में दतिया की आरटीओ इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले का खून से सना शव मिला है। सिर पर चोटों के निशान हैं। शव के पास ही खून से सना हथौड़ा भी पड़ा था। यह माना जा रहा है कि शादी को लेकर उनके प्रेमी पवन कुमार से विवाद हुआ होगा और विवाद हत्या मे तब्दील हो गया।
दंपती की तीन साल की बेटी है
मकान मीनाक्षी के प्रेमी पवन कुमार द्विवेदी (48) का है। मीनाक्षी रविवार शाम करीब 7 बजे केयरटेकर कृतिका के साथ यहां पहुंची थीं। मीनाक्षी के पति टीचर हैं और इंदौर में रहने वाले हैं। दंपती की तीन साल की बेटी है।करीब दो साल पहले मीनाक्षी का पति से तलाक हो चुका था।

जेब से बैंक पासबुक मिली है
रात में कृतिका मीनाक्षी की बेटी के साथ अंदर वाले कमरे में सोई थी। सोमवार सुबह करीब 7 बजे जागी तो बाहर वाले कमरे में मीनाक्षी का शव देखा। पुलिस को सूचना दी।खजूरी सड़क पुलिस के मुताबिक, पवन मीनाक्षी से शादी करना चाहता था जबकि वह इसके लिए तैयार नहीं थी। पुलिस को आशंका है कि इसी बात को लेकर रविवार देर रात विवाद के बाद पवन ने मीनाक्षी के सिर पर हथौड़े से वार कर दिया होगा। इसके बाद घर से करीब 20 मीटर दूर पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को उसकी जेब से बैंक पासबुक मिली है।

हम पवन को जानते हैं
मीनाक्षी के पिता नंदराम गोखले ने कहा- हम पवन को जानते हैं। इंटरकास्ट शादी की वजह से उसके परिवार से बात करना चाहते थे। मीनाक्षी बेटी और कृतिका को लेकर रविवार शाम दतिया से भोपाल आई थी। यहां से इंदौर जाना था।
मीनाक्षी का पति से तलाक हो चुका था
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पवन मूल रूप से सीधी जिले का रहने वाला था। वह इंदौर में कोचिंग क्लासेस चला चुका था। मीनाक्षी और पवन की मुलाकात इंदौर में ही हुई थी। उन दिनों मीनाक्षी अविवाहित थी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी।एडिशनल डीसीपी संजीव पाठक ने बताया कि करीब दो साल पहले मीनाक्षी का पति से तलाक हो चुका था।

शव घसीटकर कमरे में लाया
पुलिस का अनुमान है कि हत्या आंगन में की गई है। आरोपी शव को घसीटकर घर के पहले कमरे में ले गया। फिर बाहर से लॉक कर दिया।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ FSL से भी जांच कराई है। अधिकारियों ने कहा- पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।