सरदार पटेल कॉलेज के BAMS की 100 सीटों पर लगा ब्रेक - rashtrmat.com

सरदार पटेल कॉलेज के BAMS की 100 सीटों पर लगा ब्रेक

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।  सरदार पटेल आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीएएमएस पाठ्यक्रम में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई है। कॉलेज में बीएएमएस की कुल 100 सीटें हैं। राष्ट्रीय भारतीय चिकित्सा पद्धति आयोग की ओर से जारी सूची में कॉलेज का नाम उन संस्थानों में शामिल किया गया है, जिन्हें नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश की अनुमति नहीं मिली है।

भविष्य को लेकर सवाल

आदेश में राष्ट्रीय भारतीय चिकित्सा पद्धति आयोग अधिनियम, 2020 की धारा 28 और संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई का उल्लेख किया गया है। इसका सीधा असर कॉलेज की 100 बीएएमएस सीटों पर पड़ेगा। आयोग ने कॉलेज को अनुमति से वंचित श्रेणी में रखा है। सूची में कॉलेज की निर्धारित 100 सीटों का भी उल्लेख किया गया है। ऐसे में 2026-27 सत्र में यहां बीएएमएस में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों और प्रवेश की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
39 शिक्षकों के शिक्षक कोड हुए थे निलंबित…
गौरतलब है कि इससे पहले राष्ट्रीय भारतीय चिकित्सा पद्धति आयोग ने सरदार पटेल आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय से जुड़े 39 शिक्षकों के शिक्षक कोड एक वर्ष के लिए निलंबित किए थे। इस कार्रवाई के बाद कॉलेज में कथित ‘कागजी शिक्षक’, यानी दस्तावेजों में दर्ज लेकिन वास्तविक रूप से संस्थान में मौजूद नहीं रहने वाले शिक्षकों को लेकर गंभीर सवाल उठे थे। अब 2026-27 सत्र के लिए प्रवेश की अनुमति नहीं मिलने के बाद कॉलेज प्रबंधन के सामने संबंधित कमियों को दूर कर नियामक अनुमति हासिल करने की चुनौती है। विद्यार्थियों और अभिभावकों की नजर अब आयोग की आगामी प्रक्रिया पर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *