नाली बंद करने से घर में घुस रहा गंदा पानी,कलेक्टर से कार्रवाई की मांग - rashtrmat.com

नाली बंद करने से घर में घुस रहा गंदा पानी,कलेक्टर से कार्रवाई की मांग

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।शहर के बूढ़ी क्षेत्र स्थित सिद्धार्थ नगर वार्ड क्रमांक.1 गली नंबर.2 में निस्तारी एवं बारिश के पानी की निकासी बंद होने से लोगों के घरों में पानी घुस रहा है।समस्या से पीड़ित गीता मेश्राम ने जनसुनवाई में शिकायत देकर निस्तारी पानी की निकासी तत्काल बहाल करने और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


पाइप को झिल्ली से बंद कर दिया
शिकायत में गीता मेश्राम ने बताया कि उनका मकान सिद्धार्थ नगर में स्थित है। सड़क के दूसरी ओर नगर पालिका द्वारा नाली का निर्माण कराया गया है। जबकि उनके मकान की तरफ नाली नहीं होने के कारण उन्होंने स्वयं नाली बनाकर पाइप के माध्यम से पानी को सड़क के दूसरी ओर बनी नाली में पहुंचाने की व्यवस्था की थी। लेकिन यहां आवेदिका का आरोप है कि सुरेश पटले और श्रीधर मेश्राम ने उनकी नाली में मिट्टी व कंकर डालने के साथ पाइप को भी झिल्ली से बंद कर दिया। इससे निस्तारी और बारिश के पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है।
थाने में सूचना के बाद कुछ नहीं हुआ
पानी निकासी बंद होने के कारण गंदा पानी उनके घर के अंदर जा रहा है। जिससे घर में गंदगी और अस्वच्छता की स्थिति निर्मित हो रही है। गीता मेश्राम का आरोप है कि उन्होंने दोनों व्यक्तियों को नाली खोलने और पानी की निकासी बहाल करने के लिए समझाने का प्रयास किया। लेकिन उन्हें धमकी दी गई।आवेदिका के अनुसार उन्होंने इस मामले की सूचना 26 मई 2026 को थाना कोतवाली में भी दी थी। इसके बाद 15 जुलाई 2026 को कलेक्टर के समक्ष भी शिकायत प्रस्तुत की गई। लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *