राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट (ब्यूरो)। कान्हा टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र में सुबह उस समय अफरा.तफरी मच गई जब एक तेंदुआ ग्रामीण के घर में घुस गया। तेंदुए के घर में होने की सूचना मिलते ही पूरा गांव दहशतजदा हो गया। कान्हा टाइगर रिजर्व की रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची और अधिकारियों की निगरानी में तेंदुए का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। रेस्क्यू के दौरान तेंदुआ घायल अवस्था में मिला। जिसे प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए मुक्की वन्यजीव चिकित्सालय भेजा गया।

तेंदुए के शरीर में चोट के निशान
कान्हा टाइगर रिजर्व के बफर जोन अंतर्गत सिझोरा परिक्षेत्र के ग्राम खटोला में सुबह एक तेंदुआ अचानक एक ग्रामीण के घर में घुस गया। सूचना मिलते ही परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक दुबे के नेतृत्व में वन विभाग की टीम तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने की रणनीति तैयार की।रेस्क्यू के दौरान जांच में तेंदुए के शरीर पर चोट के निशान पाए गए।
वन विभाग को सूचना दें
सहायक संचालक आशीष कुमार पाण्डेय ने बताया कि तेंदुए का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। उसके शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, इसलिए उसे चिकित्सकीय देखरेख में रखा गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्र में दिखाई दे तो उसे पकड़ने घेरने या भगाने का प्रयास न करें। बल्कि तत्काल वन विभाग को सूचना दें।