अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला,पटवारी जान बचाकर भागा - rashtrmat.com

अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला,पटवारी जान बचाकर भागा

 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले के किरनापुर थाना क्षेत्र के साल्हे गांव में सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाने गई टीम पर हमला हो गया। देवनदी के किनारे बने खेल के मैदान और लाखों रुपए के बगीचे की जमीन को खाली कराने पहुंचे पंच, पुलिस, पटेल और एक ग्रामीण के साथ मारपीट की गई है।पटवारी किसी तरह अपनी जान बचाकर भागते हुए पंचायत दफ्तर पहुंचे। इस  गुंडागर्दी की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज करा दी गई है।

वीडियो के आधार पर मामले की जांच

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कब्जा करने वाले लोग लाठी-डंडों और लात-घूसों से हमला करते दिख रहे हैं। हमले के बाद तहसील और पंचायत की टीम बिना काम पूरा किए ही वापस लौट आई।इस घटना के बाद पंच टिकाराम की शिकायत पर किरनापुर पुलिस ने एक्शन लिया है। पुलिस ने आरोपी रंगलाल पांचे, सालिकराम खरे, सुरेश खरे, मोतीलाल खरे और नेतलाल खरे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।पुलिस का कहना है कि शिकायत और वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

पटवारी जान बचाकर भागा

सरपंच के मुताबिक, जैसे ही टीम वहां पहुंची, कब्जा करने वाले लोगों ने विवाद शुरू कर दिया और पंच व पुलिस पटेल को डंडों और घूसों से पीटना शुरू कर दिया। हद तो तब हो गई जब आरोपी पटवारियों के पीछे भी डंडे लेकर दौड़ पड़े। पटवारी किसी तरह अपनी जान बचाकर भागते हुए पंचायत दफ्तर पहुंचे। इस  गुंडागर्दी की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज करा दी गई है।

 तहसील कोर्ट में केस चल रहा था

सरपंच त्रिवेंद्र पंचेश्वर ने बताया कि जिस जमीन पर यह बखेड़ा हुआ, वहां एक खेल का मैदान है और साल 2006-07 में करीब 2 लाख 92 हजार रुपए खर्च करके एक सुंदर बगीचा (उपवन) तैयार किया गया था।जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर तहसील कोर्ट में केस चल रहा था, जहां से अतिक्रमण हटाने के साफ आदेश जारी हुए थे। इन्हीं आदेशों का पालन करवाने के लिए तहसील के पटवारी, पंचायत के पंच, पुलिस पटेल और कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *