बिहार में पार्षद की मां, बहन और भाभी को मिला PM आवास - rashtrmat.com

बिहार में पार्षद की मां, बहन और भाभी को मिला PM आवास

कसबा (पूर्णिया)। नगर परिषद कसबा में प्रधानमंत्री आवास योजना  का लाभ असहाय गरीबों के बदले पार्षद के परिजनों को खुलेआम मिल रहा है। इस खुलासे से प्रधानमंत्री आवास योजना पर प्रश्नचिह्न लग गया है। पूरा मामला नगर परिषद कसबा के वार्ड संख्या-2 का बताया जा रहा है।मामले को लेकर वार्ड पार्षद मो. इफ्तेखार ने बताया कि मेरे परिवार के लोग प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेने के लिए योग्य थे, इसलिए उन्हें लाभ दिया गया।

ऑनलाइन आवेदन किया गया

  नगर परिषद के वार्ड संख्या-2 के पार्क टोला निवासी कोकिल कुमार के द्वारा आरटीआई से मांगी सूचना के जवाब के बाद हुआ, जिसमें वार्ड संख्या-2 से कुल 217 लाभुकों द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ लिए ऑनलाइन आवेदन किया गया था।इनमें से 15 लाभुकों का चयन प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए हुआ। इन सभी 15 लाभुकों को प्रथम किस्त के रूप में 1-1 लाख रुपए की राशि उनके बैंक खातों भेज भी दी गई है। इन सभी 15 लाभुकों में से 4 लाभुक वार्ड संख्या के पार्षद मो. इफ्तेखार आलम के परिजन खुद हैं।

आम जनता की आवाज कौन उठाएगा

लाभुकों की चयनित सूची में पहले स्थान पर वार्ड पार्षद मो इफ्तेखार आलम की मां अख्तरी बेगम, दूसरे स्थान पर वार्ड पार्षद की सगी बहन रोशन आरा, जबकि तीसरे स्थान पर वार्ड पार्षद सगे भाई की पत्नी सना परवीन तथा सूची के 13वें स्थान पर वार्ड पार्षद का फुफेरे भाई मो समीम का नाम दर्ज है।इन सभी लाभुकों को प्रथम किस्त के रूप में 1 लाख रुपए का भुगतान किया जा चुका है। इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना में प्रतीक्षा सूची में वार्ड पार्षद की सास जलिसा बेगम पहले स्थान पर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जनप्रतिनिधि ही सरकारी योजना का लाभ आम जनता को ना दिला कर खुद ही अपने परिवारों को लाभ देते रहेंगे तो आम गरीब लोगों का एवं आम जनता की आवाज कौन उठाएगा।

जो योग्य लाभुक है, उनका ही सूची में नाम

नगर परिषद कसबा के प्रधानमंत्री आवास योजना के जेई अमित कुमार ने बताया कि जो योग्य लाभुक है, उनका ही सूची में नाम है। कुल 15 लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किस्त प्रदान की गई है, जबकि प्रतीक्षा सूची में 31 लाभुकों का नाम शामिल है।इस संबंध में जब नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी दीपक कुमार से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्होंने कोई जानकारी नहीं है। अगर पार्षद के परिवार के लोग प्रधानमंत्री आवास योजना की सारे शर्तों को नियमानुसार पूरा करते हैं तो वो योग्य लाभुक कहलाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *