राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट पुलिस ने छिंदवाड़ा जिले के एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से 2 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।आरोपी पहले भी छिंदवाड़ा में गांजा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है और जमानत पर बाहर आते ही फिर से इसी अवैध धंधे में लग गया।
पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ा
कोतवाली थाना प्रभारी कामेश धूमकेती ने बताया कि पुलिस टीम धापेवाड़ा और जोधीटोला क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान एक व्यक्ति कंधे पर काला बैग टांगे संदिग्ध हालत में नजर आया। पुलिस की गाड़ी देखते ही वह झाड़ियों में छिपने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ा और पूछताछ की।
ओडिशा से लेकर लाया था गांजा
बैग की तलाशी लेने पर उसमें से खाकी टेप से लिपटे दो पैकेट मिले, जिनमें गांजा भरा हुआ था। आरोपी की पहचान छिंदवाड़ा निवासी 60 वर्षीय तेजराम वर्मा के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने कबूला कि वह यह खेप ओडिशा से लेकर आया था और छिंदवाड़ा जा रहा था।आरोपी पहले भी छिंदवाड़ा में गांजा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है और जमानत पर बाहर आते ही फिर से इसी अवैध धंधे में लग गया।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
आरोपी छिंदवाड़ा का रहने वाला है, लेकिन वह बालाघाट के ग्रामीण इलाके में पैदल क्यों घूम रहा था। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि क्या स्थानीय स्तर पर भी कोई उसके संपर्क में था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।