पुरानी पेंशन बहाली नहीं होने पर शिक्षकों ने निकाली आक्रोश रैली - rashtrmat.com

पुरानी पेंशन बहाली नहीं होने पर शिक्षकों ने निकाली आक्रोश रैली

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। वर्षों से लंबित विभिन्न सूत्रीय मांगों के निराकरण नहीं होने से आजाद अध्यापक शिक्षक संघ ने सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए रविवार को जमकर नारेबाजी की और प्रथम नियुक्ति दिनांक से सेवा गणना तथा पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर नगर में आक्रोश रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपा।


प्रदेशव्यापी आंदोलन की दी धमकी
दरअसल रविवार को आजाद अध्यापक शिक्षक संघ के बैनर तले मोती गार्डन में बैठक आयोजित कर सांकेतिक धरना.प्रदर्शन किया गया। इसके बाद जिले के प्राथमिक, माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षक संवर्गों ने संयुक्त रूप से रैली निकाली। रैली मोती गार्डन से होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंची। जहां शिक्षकों ने प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में यूपीएस के स्थान पर ओपीएस लागू करनेए प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना कर पूर्ण ग्रेच्युटी लाभ देने सहित लंबित मांगों के निराकरण की मांग की गई। शिक्षकों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर 12 अप्रैल को भोपाल में प्रदेशव्यापी धरना.प्रदर्शन किया जाएगा।
55 जिलों में एक साथ निकली रैली
संघ के जिला अध्यक्ष आशीष बिसेन ने बताया कि शिक्षकों की जायज मांगें वर्षों से लंबित हैं लेकिन शासन स्तर पर ठोस पहल नहीं हो रही। विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो इसलिए अवकाश दिवस पर आंदोलन किया गया। उन्होंने कहा कि सेवा गणना में दोहरी नीति अपनाई जा रही है। कई शिक्षक 1999.2000 से कार्यरत हैं, परंतु सेवा गणना 1 जुलाई 2018 से मानी जाती है। जबकि क्रमोन्नति में प्रथम नियुक्ति तिथि जोड़ी जाती है,जो अन्याय है। उन्होंने बताया कि प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर प्रदेश के 55 जिलों में एक साथ पेंशन रैली आयोजित हुई। संघ ने स्पष्ट किया कि मांगें नहीं मानी गईं तो भोपाल में विशाल आंदोलन होगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *