CM 60 जवानों को पूर्व पदोन्नति,कई विकास कार्यो का करेंगे लोकार्पण - rashtrmat.com

CM 60 जवानों को पूर्व पदोन्नति,कई विकास कार्यो का करेंगे लोकार्पण

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।  प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 09 फरवरी को बालाघाट जिले में आगमन प्रस्तावित है। इस दौरान वे जिले में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसमें नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में अदम्य साहस का परिचय देने वाले हॉक फोर्स के 60 जवानों को क्रम से पूर्व पदोन्नति प्रदान की जाएगी। साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा जिले के 100 करोड़ 90 लाख रुपये के 27 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया जाएगा।

वीरता का प्रदर्शन किया था

उल्लेखनीय है कि 14 जून 2025 को बालाघाट जिले के रूपझर थाना क्षेत्र अंतर्गत पचामादादर-कटेझिरिया पहाड़ी जंगल में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में हॉक फोर्स के जवानों ने अद्वितीय साहस और वीरता का प्रदर्शन किया था। इस मुठभेड़ में प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के जीआरवी डिवीजन के मलाजखंड दलम के 04 एरिया कमेटी सदस्यों – रीता उर्फ तुब्बी, श्रीरांगु हिड़ामी उर्फ देवचंद, सुमन, ईमला उर्फ तुलसी एवं रवि मड़ावी उर्फ बदरे को मार गिराने में जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

20 कार्यों का लोकार्पण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा इस साहसिक अभियान में शामिल जवानों को सम्मानित करते हुए उन्हें क्रम से पूर्व पदोन्नति प्रदान की जाएगी। मुख्‍यमंत्री डॉ यादव 09 फरवरी को पुलिस लाईन बालाघाट में आयोजित कार्यक्रम में 100 करोड़ 90 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण भी करेंगें। इसमें 31 करोड़ 07 लाख रुपये के 07 कार्यों का भूमिपूजन एवं 69 करोड़ 83 लाख रुपये के 20 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।