राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। आम जनता को मिलावट रहित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश पर जिले में लगातार निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम द्वारा मिलावटी खाद्य पदार्थों और स्वच्छता मानकों के उल्लंघन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
20 नमूने जांच के लिए भेजे गए
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने बालाघाट के गायखुरी स्थित मां कुष्मांडा किराना एवं भवानी किराना प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सूजी, जीरा, मैदा, नमक आदि के कुल 6 नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए लिए गए। साथ ही दोनों दुकानों के पास खाद्य पंजीकरण न होने के कारण उनके विरुद्ध प्रकरण तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। इसके अलावा भटेरा स्थित गुरु नानक एवं वाहेगुरु किराना से साबूदाना, खाद्य तेल, मसाले आदि के 4 नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए। वहीं गुजरी क्षेत्र से मिलेट्स जैसे ज्वार, बाजरा, रागी आदि के 10 नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए एकत्रित किए गए हैं।
शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यदि जांच में कोई भी नमूना अमानक पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेश कुमार डोंगरे एवं गीता तान्डेकर उपस्थित रहे। विभाग द्वारा आगे भी इस तरह की निरीक्षण एवं कार्रवाई निरंतर जारी रखने की बात कही गई है, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।