राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट ब्यूरो)। किरनापुर थाना क्षेत्र में आज शुक्रवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना किरनापुर देवनदी पुल के पास हुई। दोनों बाइक सवार युवक बिजली कंपनी में ठेकेदारी का काम करते थे।मृतकों की पहचान जामड़ीटोला बोरबन निवासी रेखलाल पंद्रे (28) और साकरीटोला निवासी संजय पुसाम (29) के रूप में हुई है। दोनों युवक बाइक से बालाघाट के वारासिवनी आ रहे थे।

इलाज के दौरान दम तोड़ दिया
यह हादसा उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार क्रेटा कार ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार क्रेटा कार अत्यधिक तेज गति में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। जहां सामने से आ रही बाइक को संभलने का भी मौका तक नहीं मिला। हादसे में बाइक चला रहे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर तड़पता रहा। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल किरनापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
क्रेटा कार जब्त
कार किरनापुर के ज्वेलर्स व्यवसायी सत्यनारायण शर्मा चला रहे थे, जो किरनापुर की ओर आ रहे थे। सूचना मिलते ही किरनापुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों के शव बरामद कर किरनापुर अस्पताल भिजवाया। वहीं, हादसे में शामिल क्रेटा कार को जब्त कर लिया गया है तथा वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जाचं शुरू कर दी है।

संकेतक बोर्ड नही लगे है
इस हादसे से एक बार फिर व्यवस्था पर सवाल उठने लगे है। स्थानीय लोगो ने कहा कि इस मार्ग से हजारो वाहनो की आवाजाही होती है, लेकिन ब्लैक स्पॉट पर स्पीड ब्रेकर, संकेतक बोर्ड नही लगे है। यह हादसा एक बार फिर साबित करता है कि तेज रफ्तार न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि मौत को खुला निमंत्रण भी है। जरूरत है कि वाहन चालक जिम्मेदारी समझें और प्रशासन सख्त कदम उठाए, ताकि निर्दोष जिंदगियों को यूं सड़क पर असमय काल का ग्रास बनने से बचाया जा सके।