बेटियों को स्कूटी,शादी में एक लाख की मदद,योगी 10 लाख को रोजगार देंगे - rashtrmat.com

बेटियों को स्कूटी,शादी में एक लाख की मदद,योगी 10 लाख को रोजगार देंगे

राष्ट्रमत न्यूज,लखनऊ (ब्यूरो)। योगी सरकार ने 2027 चुनाव से पहले अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश किया। विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस बार बजट में पिछले साल से 12% की बढ़ोत्तरी की गई है।साथ ही 43 हजार करोड़ रुपए की नई योजनाएं शुरू करने का ऐलान हुआ है। महिलाओं के बड़े वर्ग को साधने के लिए अब बेटियों की शादी के लिए 51 हजार की जगह 1 लाख 1 हजार रुपए दिए जाएंगे।

News Article Hero Image

8.7 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का बजट

औद्योगिक विकास विभाग के अनुसार पांच हजार करोड़ रुपये नए औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और पुराने औद्योगिक क्षेत्रों के विस्तारीकरण पर खर्च किए जाएंगे।वित्त मंत्री ने 9.12 लाख करोड़ का बजट पेश किया है। यह योगी सरकार 10वां बजट है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में यूपी सरकार ने 8.7 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का बजट पेश किया था।

13 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी

पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए सरकार ने अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास के लिए 23990.76 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया था। राज्य की अर्थव्यवस्था वन ट्रिलियन डालर तक पहुंचाने के लिए सरकार औद्योगिक निवेश पर जोर दे रही है। बजट में इस मद में 13 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी की गई है।

10 लाख रोजगार देने का वादा

युवा वर्ग लुभाने के लिए वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने 10 लाख रोजगार देने का वादा किया है। प्रदेश में 60 मेडिकल कॉलेज हैं, 14 नए और खोले जाएंगे। 3 यूनिवर्सिटीज को भी शुरू किया जाएगा। 7 शहरों को स्मार्ट बनाएगी।मेधावी छात्राओं को 400 करोड़ रुपए से स्कूटी बांटी जाएगी। हालांकि पिछले साल भी बजट में इसका प्रावधान किया गया था, लेकिन किसी को नहीं दी गई।

एयरपोर्ट में अब 2 की बजाय 5 रनवे बनेंगे

मध्यम वर्ग को घर दिलाने के लिए उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद न्यू रेजीडेंशियल स्कीम लॉन्च करेगी। 34 हजार करोड़ रुपए से नार्थ-ईस्ट कॉरिडोर बनाया जाएगा। यह गोरखपुर से लेकर नेपाल बॉर्डर होते हुए सहारनपुर तक जाएगा। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट में अब 2 की बजाय 5 रनवे बनेंगे।

लोन बिना ब्याज, बिना गारंटी मिलेगा

योगी सरकार ने बजट का 25% इंफ्रास्ट्रक्चर को दिया है। कृषि को 12%, उच्च से लेकर बेसिक एजुकेशन को 12.50 से 15% तक, जबकि हेल्थ को 6-8% राशि दी गई है। सीएम युवा उद्यमी योजना के तहत पांच लाख रुपए तक का लोन बिना ब्याज, बिना गारंटी मिलेगा।

स्मार्ट फोन के लिए 2374 करोड़ रुपए

सरकार ने AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए 225 करोड़ रुपए दिए हैं। योगी सरकार ने धार्मिक पर्यटन का इस बार भी खास ध्यान रखा है। अयोध्या और नैमिषारण्य के विकास के लिए 100-100 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। सरकार प्रदेश के बड़े मंदिरों का जीर्णोद्धार भी करेगी। इसके अलावा, मेरठ, मथुरा-वृंदावन और कानपुर विकास प्राधिकरण के विकास के लिए 800 करोड़ रुपए दिए है।छात्रों को फ्री टैबलेट और स्मार्ट फोन के लिए 2374 करोड़ रुपए बांटे जाएंगे। चुनाव में छुट्टा गोवंश बड़ा मुद्दा बनता है, इसलिए इनके रख-रखाव के लिए 2000 करोड़ रूपए का बजट प्रावधान किया है।

 इन्हें निराशा हाथ लगी

= शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को उम्मीद थी कि उनका मानदेय बढ़ाया जाएगा। विधवा, निराश्रित, दिव्यांग और वृद्धावस्था पेंशन बढ़ाने की भी उम्मीद थी, लेकिन सभी के हाथ खाली रहे।

= उम्मीद थी कि एक अप्रैल, 2026 से यूपी में 8वां वेतनमान लागू करने की घोषणा होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

= 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को भी उम्मीद थी कि उन्हें रोडवेज में मुफ्त यात्रा सुविधा दी जाएगी, लेकिन यह भी नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *