राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि खिलाड़ी को खेल में जीतने के साथ सीखना भी चाहिए। हार जीत से परे रहकर अपनी टीम के लिये अपना सर्वोत्तम देना ही खिलाड़ी का दायित्व है। श्री शुक्ल ने खेलो एमपी यूथ गेम्स के तहत फुटबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।प मुख्यमंत्री ने बताया कि स्पोर्टस काम्पलेक्स में अप्रैल माह तक साढ़े दस करोड़ रूपये से सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण हो जायेगा

सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण हो जायेगा
स्पोर्टस काम्पलेक्स में राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी संभाग की टीमों के खिलाड़ियों को सम्बोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल भावना से खेलना चाहिए। हार-जीत से कोई फर्क नहीं पड़ता। जीतने पर घमण्ड न हो तथा हारने पर निराशा न हो। समभाव से अपना योगदान देकर सीखने की ललक के साथ प्रतियोगिता में भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी को अच्छे मैदान व खेल के आयोजन आवश्यक हैं। रीवा में खेल के मैदानों की कमी नहीं है और खेल प्रतियोगिताएँ भी आयोजित हो रही हैं जिनके माध्यम से खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी की पहल पर यह आयोजन हो रहा है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दी। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि स्पोर्टस काम्पलेक्स में अप्रैल माह तक साढ़े दस करोड़ रूपये से सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण हो जायेगा।
प्रदेश में स्थान अर्जित कर रहे हैं
इस अवसर पर विधायक मनगवां इंजी. नरेन्द्र प्रजापति ने कहा कि रीवा में खेलों के विस्तार के लिये उप मुख्यमंत्री जी द्वारा हर संभव प्रयास किये गये हैं। हमारे खिलाड़ी खेल सुविधा प्राप्त कर प्रदेश में अपना स्थान अर्जित कर रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान ने अपने उद्बोधन में कहा कि रीवा के लिये राज्य स्तरीय आयोजन की मेजबानी सौभाग्य का विषय है। रीवा से खेल प्रतिभाएँ आगे आ रही हैं। उन्हें अच्छे खेल मैदान व सुविधाएँ मिली हैं। श्री चौहान ने खिलाड़ियों से अपेक्षा की कि खेल को खिलाड़ी भावना से खेलें क्योंकि खेल में या तो जीत होती है या हार। पर हार से निराश न हों।

खिलाड़ियों से परिचय
इससे पूर्व संभागीय खेल अधिकारी एम.के. धोलपुरी ने बताया कि रीवा के स्पोर्टस काम्पलेक्स, टीआरएस मैदान तथा सैनिक स्कूल ग्राउण्ड में प्रदेश के संभाग के खिलाड़ी फुटबाल मैच खेल रहे हैं। रीवा से भी 400 से अधिक खिलाड़ी विभिन्न
प्रतियोगिताओं में भाग लेने राज्य स्तर पर गये हैं। उप मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।