बीजापुर के पत्रकारों को मिलेगा आवासीय भूखंड ; कश्यप - rashtrmat.com

बीजापुर के पत्रकारों को मिलेगा आवासीय भूखंड ; कश्यप

राष्ट्रमत न्यूज,बीजापुर(ब्यूरो)। गणतंत्र दिवस के अवसर पर बीजापुर पहुंचे वन एवं पर्यावरण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने जिले के पत्रकारों को बड़ी सौगात देने की पहल की है। उन्होंने बीजापुर में कार्यरत पत्रकारों को आवासीय भूखंड उपलब्ध कराने के लिए ठोस प्रयास किए जाने का आश्वासन देकर पत्रकार समुदाय में नई उम्मीद जगाई है।
सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई
26 जनवरी को स्थानीय सर्किट हाउस, बीजापुर में पत्रकारों ने प्रभारी मंत्री केदार कश्यप एवं पूर्व वन मंत्री महेश गागड़ा से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान जिले में संचालित विकास कार्यों, प्रशासनिक उपलब्धियों एवं जनहितकारी योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के सशक्त स्तंभ हैं, जो शासन-प्रशासन और आम जनता के बीच सेतु की भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जिले में सकारात्मक वातावरण निर्माण तथा जनसरोकारों को मजबूती देने में पत्रकारों की भूमिका की सराहना करते हुए उनके कल्याण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
सामाजिक सुरक्षा का लाभ  
इसी क्रम में मंत्री कश्यप ने पत्रकारों को आवासीय भूखंड उपलब्ध कराने हेतु प्रभावी पहल किए जाने का भरोसा दिलाया, जिससे पत्रकारों को स्थायित्व और सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सकेगा।इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार संतोष तिवारी, कमलेश पैंकरा, गणेश मिश्रा, पुष्पा रोकड़े, घनश्याम यादव, आशीष पद्मवार, अयूब खान, सिरोज विश्वकर्मा, ईश्वर सोनी, कुशल चोपड़ा, नितिन रोकड़े, सुरेश परतागिरी, नीरज गुप्ता, गोलू खान सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *