राष्ट्रमत न्यूज,बीजापुर(ब्यूरो)। चट्टानपारा क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण हटाकर पवित्र देव स्थलों की भूमि को मुक्त कराए जाने पर चिकट राज कल्याण समिति के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर संबित मिश्रा से सौजन्य भेंट कर जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। समिति ने प्रशासन की इस कार्रवाई को आस्था, परंपरा और कानून — तीनों की रक्षा करने वाला कदम बताया।

धार्मिक अनुष्ठान आयोजित
समिति के पदाधिकारियों — देव सियान/ग्राम प्रमुख मेघनाथ मांझी, परगना मांझी रामशंकर साहनी, मोदुल सिरहा सुखनाथ मांझी तथा सिरहा/ग्राम प्रमुख फागू राम साहनी — ने बताया कि उक्त भूमि न केवल वन मद की शासकीय भूमि है, बल्कि चिकट राज देव, कोण्डराज देव एवं कारी कंकालीन माता के पीड़ा पटानी एवं देव धामी से संबंधित पवित्र स्थल है, जहां प्रतिवर्ष पूजा-पाठ एवं धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाते हैं।
ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी
उन्होंने बताया कि मांझीपारा, अमानपारा, बैदरगुड़ा, बांडागुड़ा, भट्टीपारा, नयापारा, कन्हईगुड़ा सहित कुल 11 प्रमुख पाराओं के ग्राम प्रमुखों ने सर्वसम्मति से बैठक कर जिला, वन एवं नगरीय प्रशासन को अतिक्रमण हटाने हेतु आवेदन दिया था। प्रशासन द्वारा जनभावनाओं का सम्मान करते हुए की गई कार्रवाई से समिति एवं ग्रामीणों में संतोष और प्रसन्नता का माहौल है।
जिला प्रशासन ने पुनः स्पष्ट किया है कि शासकीय एवं वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण स्वीकार्य नहीं है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष अप्रैल माह में बीजापुर के आराध्य देव चिकट राज का भव्य मेला आयोजित किया जाता है। समिति के आग्रह पर कलेक्टर संबित मिश्रा द्वारा मेला दिवस पर स्थानीय अवकाश घोषित किए जाने से श्रद्धालुओं में विशेष हर्ष व्याप्त है। समिति के प्रतिनिधियों ने स्थानीय अवकाश की घोषणा पर भी जिला प्रशासन एवं कलेक्टर महोदय का आभार व्यक्त किया।