राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट में राष्ट्रपति अवार्डी शिक्षक सुनील मेश्राम ने अपने फेस बुक में लिखा कि मुझे तड़ीपार माननीय केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलना है। सुनील मेश्राम एक उच्च श्रेणी शिक्षक हैं। कलेक्टर मृणाल मीणा के निर्देश पर आदिवासी विकास विभाग की सहायक आयुक्त शकुंतला डामोर ने उन्हें निलंबित कर दिया है। साथ ही कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

कलेक्टर ने स्पष्टीकरण मांगा
निलंबित शिक्षक सुनील मेश्राम परसवाड़ा के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक स्कूल में पदस्थ थे। शिक्षक सुनील मेश्राम ने अपने फेसबुक अकाउंट से भारत सरकार और राज्य शासन के खिल टिप्पणी की थी। कलेक्टर मृणाल मीणा ने इस मामले को गंभीरता से लिया। इसके बाद 4 दिसंबर को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया।
गृहमंत्री को कहा था तड़ीपार
शिक्षक मेश्राम ने 8 दिसंबर को अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया, जिसे संतोषजनक नहीं पाया गया। अधिकारियों के अनुसार, उनके इस कृत्य से शासन की छवि धूमिल हुई और शिक्षक जैसे गरिमामय पद पर रहते हुए ऐसा आचरण अनुचित माना गया।इसके परिणामस्वरूप, मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
पोस्ट अपने अकाउंट से हटा दिया
सुनील मेश्राम एक राष्ट्रपति अवार्डी शिक्षक हैं। निलंबन के बाद उन्होंने बताया कि पोस्ट किसी राजनीतिक दल या सामाजिक संगठन से संबंधित नहीं थी। उन्होंने खेद व्यक्त किया कि यदि किसी व्यक्ति विशेष की भावनाएं आहत हुई हैं। मेश्राम ने यह भी दावा किया कि वह पोस्ट उनकी नहीं थी और उन्होंने उसे अपने अकाउंट से हटा दिया है।