राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। रीवा संभाग के आई जी गौरव सिंह राजपूत ने ज्वाइनिंग के समय दावा किया था कि वो रीवा को नशा मुक्त बना देंगे। जबकि वे जानते हैं ड्रग्स और कोरेक्स के धंधे में राजनीति के बड़े आकाओं के लोगों का हाथ है। इन दिनों सोशल मीडिया में सिरमौर विधान सभा के युवा कांग्रेस अध्यक्ष अवनीश सिंह गहरवार ड्रग्स बेचते एक वीडियो में दिख रहे हैं। इस वीडिया के जारी होने पर बीजेपी नेताओं का मुंह खुल गया है कि कहां अभय मिश्रा जो कहते थे कि रीवा ड्रग्स सिटी बन गया है। उनके ही लोग रीवा को ड्रग्स सिटी बनाने में बढ़ चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं। इससे इंकार नहीं है कि ड्रग्स के बढ़ते कारोबार में बीजेपी,कांग्रेस सहित अन्य धंघे बाज लोग शामिल हैं। आई जी किस किस का गला पकड़ेंगे,वो खुद भी नहीं जानते। इसलिए अभी तक इस धंघे में जो पकड़े गए हैं, वो बड़ी मछली नहीं है।

अभय क्या बालेंगे अब
सिरमौर युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अवनीश सिंह गहरवार का नशीले पदार्थ बेचते हुए वीडियो सामने से भाजपा ताली बजा रही है। उसे मौका मिल गया बयान बाजी करने का। वे कह रही है कि कांग्रेस की रीवा को ड्रग्स सिटी बना दी है। देखना है कि इस मामले में सेमरिया विधान सभा के विधायक अभय मिश्रा क्या कहते हैं। वैसे उन्होंने मोबाइल नहीं उठाया। इन दिनों वो उनकी कंपनी का खाता सीज होने के बाद डिप्टी सीएम के खिलाफ बोलना बंद कर दिये हैं। लेकिन कांग्रेस के एकलौते विधायक होने के नाते बीजेपी उनका घेराव करेगी ही। कांग्रेस नशे का धंधा करने वालों को संरक्षण देती है,बीजेपी के इस आरोप पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष इंजीनियर राजेन्द्र शर्मा भी चुप हैं।

ड्रग्स विक्रेता नेता की बड़ी पहुंच
युवा कांग्रेस अध्यक्ष अवनीश सिंह गहरवार वीडियो में कोरेक्स और ब्राउन शुगर जैसे नशीले पदार्थ बेचते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आते ही विपक्ष हमलावर हो गया है। इसलिए कि अवनीश की फोटो पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल के साथ है,जो बताती है कि उनकी नजदीकी बड़े लोगों के साथ कितनी है। इसी तरह मउंगज के पूर्व विधायक सुखेन्द्र सिंह बन्ना सिंह के साथ वो खड़े दिख रहे हैं।अवनीश सिंह ड्रग्स के रेकैट चला रहे हैं या नहीं यह तो पुलिस ही बता सकती है। लेकिन गंदा है,मगर है तो धंधा ही,बीजेपी वाले कह रहे हैं।

ऑपरेशन प्रहार का सच
आईजी गौरव सिंह राजपूत बड़े जोर शोर से ऑपरेशनप्रहार का अयोजन किया था। दावा किया था कि कोई भी पुलिस कर्मी बख्सा नहीं जाएगा। लेकिन कोई इस मामले में निलंबित नहीं हुआ। न ही उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ। सिर्फ चेतावनी की बात हुई। जबकि सच्चाई है कि ऐसा कोई थाना नहीं है जहां ड्रग्स का ध्ंाधा नहीं होता। पकड़ने की थोड़ी बहुत औपचारिकता हुई।रीवा के कबाड़ी मोहल्ले में सीसीटीवी कैमरा लगाा दिये गए। लेकिन ड्रग्स का धंधा बंद नहीं हुआ। अब शहर में बिकने की बजाए, शहर से बाहर लोग बेचते हैं। सिरमौर क्षेत्र के थाना प्रभारी को सब पता है।
पुलिस कड़ा रूख अपनाए-गुप्ता
अब देखना है कि युवा कांग्रेस अध्यक्ष अवनीश सिंह गहरवार के मामले पर राजनीति,सत्ता और पुलिस क्या करती है।बीजेपी जिला अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता कहते हैं जो वीडियो में दिख रहा है यदि यह सच है तो इस मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए और पुलिस को पता करना चाहिए कि ड्रग्स के रैकेट में और कौन कौन लोग शामिल हैं। ड्रग्स का कारोबार निश्चय ही रीवा के लिए ठीक नहीं है। इस धंधे पर पुलिस को कड़ा रूख अपनाना चाहिए।