राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट के लालबर्रा थाना क्षेत्र के ददिया गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुए संघर्ष में दो महिला सहित करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। इनमें से एक महिला और सीताराम बिसेन को गोंदिया रेफर किया गया है। ग्रामीणों ने लालबर्रा पुलिस पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाते हुए मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

घर में घुसकर हमला
एसपी कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे एक पक्ष के राधेलाल बिसेन और उनके परिवार के सदस्यों ने यादवराव बिसेन के घर में घुसकर हमला कर दिया। यादवराव बिसेन, उनके पुत्र, नाती और महिलाएं उस समय घर में सो रहे थे। इस हमले में यादवराव बिसेन के पुत्र सीताराम बिसेन को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें गोंदिया के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कड़ी कार्रवाई की मांग
घटनाक्रम के अनुसार, यादवराव बिसेन और उनके भतीजे राधेलाल बिसेन के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते दोनों परिवारों के बीच अकसर झगड़े होते रहते हैं।ददिया निवासी मनीराम भोयर ने बताया कि इस मामले में लालबर्रा पुलिस ने काउंटर मामला दर्ज किया है। उनका आरोप है कि यादवराव बिसेन के परिवार के सदस्यों को ज्यादा चोटें आई हैं। उन पर रात में घर में घुसकर हमला किया गया था, फिर भी पुलिस की कार्रवाई पक्षपातपूर्ण है।ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय में शिकायत करते हुए घर में घुसकर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।