राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष इंजी राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि कल रीवा में बीजेपी के नेता,मंत्री और मुख्यमंत्री सहित कई बीजेपी नेता लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ आंदोलन करने जा रहे हैें। मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव बताए कि केन्द्र में और राज्य में उनकी पार्टी की सरकार है ऐसे में लोकतंत्र को किससे खतरा है।

संविधान की बात करने वालों का खौफ है
जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष इंजी.राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि मुझे हैरानी हो रही है कि प्रदेश में बीजेपी की सरकार है,केन्द्र में भी है, ऐसी स्थिति में प्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव,भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला सहित कई भाजपा नेता लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ आन्दोलन में भाग लेने के लिए रीवा आ रहे हैं। ऐसे में यह सवाल उठना लाजिमी है कि बीजेपी सरकार को क्या उस बेरोजगार से,किसान से या उस विपक्ष से खतरा है जो संविधान की बात करता है।
हाई कोर्ट के आदेश की अवहेलना है
उन्होने कहा कि कार्यक्रम जिस स्थान पर होने जा रहा है वह ग्राउण्ड शिक्षण संस्था का ग्राउण्ड है जिसके लिए मान्नीय उच्च न्यायालय का स्पष्ट निर्देश है कि एन.सी.सी. ग्राउण्ड मे कोई भी राजनैतिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम पूर्णतः प्रतिबंधित है। रीवा कलेक्टर द्वारा कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित रोझौंही कार्यक्रम के उपरांत यह निर्देश निकाला गया कि उनकी अनुमति के बिना कोई भी राजनैतिक कार्यक्रम आयोजित किये जा सकते किन्तु धारा 163 लगे होने के बावजूद भी शहर में रैली के आयोजन की अनुमति क्या ली गई है? क्या उस ग्राउण्ड की अनुमति प्राचार्य से ली गई है? क्या उच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ प्राचार्य को अनुमति देने का अधिकार है?

APSU बीजेपी का सियासी केन्द्र बन गया
पिछले 6 महीने से रीवा की जनता सड़को की धूल के गुब्बारों एवं गड्ढ़ों तथा इनके कारण निर्मित जाम से जूझ रही है। धूल के कारण लोगों को दमे की बीमारी हो रही है ।ऐसी स्थिति में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री के आगमन पर सड़कों की धुलाई की जा रही है तो क्या आम जनता के हिस्से में धूल आएगी? आगे उन्होने कहा कि अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय भाजपा की राजनैतिक गतिविधियों संचालन का केन्द्र बन गया है । वहां के एक प्राध्यापक पर परीक्षा के अंको बढ़ाने को लेकर पैसे के लेन देन का आरोप लगा तो उसकी जांच के लिए आयोग का गठन किया गया ।क्योंकि वह शिक्षक उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के कृपा पात्र है, वहीं दूसरे शिक्षक एबीवीपी के समर्थित नहीं है तो उनको निलंबित कर दिया।
प्रदर्शन करने वाले छात्र बहकें हुए छात्र हैं
विगत् दिनों संविधान बचाओं दिवस के अवसर विश्वविद्यालय के कुलपति एवं प्राध्यापकों द्वारा छात्रों को यह बताया जा रहा था कि दिल्ली में प्रदर्शन करने वाले छात्र बहकें हुए छात्र हैं आपको उनके बहकावों में नहीं आना है एवं उनकी किसी भी गतिविधि में आपको सहभागी नहीं बनना है। इसतरह पूरा विश्वविद्यालय भाजपा का प्रशिक्षण केन्द्र बन गया है।
BJP लोकतंत्र खत्म कर रही
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए इंजी. राजेन्द्र शर्मा ने दृढ़ता से कहा कि भारतीय जनता पार्टी स्वतः लोकतंत्र को समाप्त करने में लगी है खुद अराजकता फैला कर अनेको प्रकार के अनुचित साधनों का प्रयोग कर सत्ता मे बार बार स्थापित होना चाहती है, युवाओं को, किसानों को, महिलाओं को एवं आम जनमानस को प्रलोभन एवं झूठे आश्वासन देकर सत्ता मे बने रहने का प्रयास कर रही है, यदि सभी आत्ममंथन करें तो भाजपा से पूरे लोकतंत्र एवं संविधान को खतरा है और इसी पार्टी के लोग ही अराजकता फैलाते हैं। पत्रकार वार्ता में प्रमुख रुप से महापौर अजय मिश्रा बाबा, शहर अध्यक्ष अशोक पटेल झब्बू, जिला उपाध्यक्ष सत्यनारायण तिवारी, कार्यालय सह प्रभारी जी. पी. त्रिपाठी उपस्थित रहें।