विधायक के पहुंचते ही अवैध खनन कर रहे चालक टैक्टर छोड़कर भागे - rashtrmat.com

विधायक के पहुंचते ही अवैध खनन कर रहे चालक टैक्टर छोड़कर भागे

*रामपायली और सिंगोड़ी रेतघाट में नदी से निकाली जा रही थी रेत
 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट जिले के वारासिवनी विधानसभा क्षेत्र में अवैध रेत खनन और परिवहन की शिकायत पर विधायक विवेक पटेल शुक्रवार को रामपायली और सिंगोड़ी रेतघाट पहुंचे।उनके साथ ग्रामीण भी मौजूद थे। विधायक ने आरोप लगाया कि ठेकेदार अनुमति वाली जगह के बजाय दूसरी जगह से रेत निकालकर सिंगोड़ी में जमा कर रहे हैं।विधायक विवेक पटेल के पहुंचते ही माफियाओं में हडकंप मच गया और विधायक को देखकर चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग खड़े हुए।

सीमांकन के लिए पिलर मौजूद थे

दरअसल, ग्रामीणों की शिकायत पर वारासिवनी विधायक विवेक ‘विक्की’ पटेल ग्राम सिंगोड़ी और रामपायली रेत घाट पहुंचे, जहां नदी से अवैध रूप से रेत निकालने का खेल चल रहा था। विधायक और ग्रामीणों को देखते ही घाट पर मौजूद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों के अनुसार, घाटों पर लंबे समय से जेसीबी मशीनों और ट्रैक्टरों के जरिए अवैध उत्खनन व परिवहन जारी था। मौके पर न तो स्वीकृति का बोर्ड लगा था और न ही सीमांकन के लिए पिलर मौजूद थे।

चोरी की रेत डंप की जा रही है
विधायक पटेल ने बताया कि सिंगोड़ी और रामपायली घाटों से पहले ही रेत निकाली जा चुकी है और अब दूसरे स्थानों से चोरी की रेत लाकर यहां डंप की जा रही है। नियमों के मुताबिक हर साल पौधारोपण भी नहीं किया जा रहा, जिससे जलस्तर गिर रहा है और नदियों का स्वरूप बिगड़ रहा है। विधायक ने आरोप लगाया कि अनुमति किसी और स्थान की होती है और उत्खनन कहीं और किया जाता है। प्रशासन और खनिज विभाग की निष्क्रियता के चलते रेत ठेकेदारों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने मौके पर ही ठेकेदार को चेतावनी दी कि वे केवल स्वीकृत सीमा के भीतर ही कार्य करें।

रामपायली में भी यही स्थिति
विधायक विवेक विक्की पटेल ने कहा कि जिस घाट की स्वीकृति होती है, वहां पर बोर्ड होना आवश्यक है। इसके साथ ही जहां खुदाई की जाती है, वहां पीलर लगे होते है। सिंगोड़ी रेतघाट की रेत पहले ही निकाल ली गई है और अब अवैध रूप से दूसरे स्थान से रेत का उत्खनन करके यहां लाकर डम्प किया जा रहा है, जो पूरी तरह से अवैधानिक है। रामपायली में भी यही स्थिति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *