राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले के लालबर्रा वनपरिक्षेत्र अंतर्गत सोनेवानी कंजर्वेशन क्षेत्र में बाघ के हमले से 12 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना चिखलाबड्डी बीट के वन कक्ष क्रमांक 427 भाग-02 की बताई जा रही है। बाघ बालक को हमले के बाद करीब 500 मीटर तक घसीटकर ले गया। जहां मौके पर मौजूद मजदूरों ने दौड़कर बच्ची को बाघ के चंगुल से छुड़ाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

जंगल के भीतर ही कैंप लगा रखा है
मृत बालक सौरभ मरकाम परसवाडा क्षेत्र का निवासी और बैगा समाज से है। उसके पिता सुखचंद मरकाम सोनेवानी कंजर्वेशन क्षेत्र में कूप कटाई के कार्य में मजदूरी पर कार्य कर रहे है, जहां वे कैंप लगाकर रह रहे है। बताया जा रहा है कि वन विभाग ने पिछले करीब एक माह से मजदूरों के लिए जंगल के भीतर ही कैंप लगा रखा है। इसी कैंप में रहकर मजदूर कूप कटाई का कार्य कर रहे हैं। मजदूरों के परिवार भी उनके साथ जंगल में रह रहे थे। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
कोई निगरानी व्यवस्था थी?
घटना के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली और जंगल में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। जब वन विभाग को पहले से जानकारी थी कि मजदूरों को लंबे समय तक जंगल के भीतर कैंप लगाकर काम करना है, तो उनके परिवारों और बच्चों की सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए गए थे? क्या कैंप के आसपास बाघ की मौजूदगी को लेकर कोई निगरानी व्यवस्था थी? एक मासूम बालिका की मौत ने वन क्षेत्रों में कार्यरत मजदूर परिवारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। अब देखना होगा कि वन विभाग इस घटना के बाद क्या कदम उठाता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या सुरक्षा इंतजाम किए जाते हैं।