सरकारी पोर्टल में BJP नेता का मोबाइल,जीमेल पंचायत सचिव की जगह - rashtrmat.com

सरकारी पोर्टल में BJP नेता का मोबाइल,जीमेल पंचायत सचिव की जगह

राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। सरकारी पंचायत पोर्टल पर दर्ज जानकारियां पंचायत की पहचान और प्रशासनिक कामकाज का महत्वपूर्ण आधार होती हैं। लेकिन जब सरकारी पोर्टल पर पंचायत सचिव के नाम के सामने किसी राजनीतिक पदाधिकारी का मोबाइल नंबर और Gmail दर्ज मिले, तो सवाल उठना लाजिमी है!
सरकारी पोर्टल पर छेड़छाड़
मामला मऊगंज जिले की पीड़रियां ग्राम पंचायत का है। जहां मेरी पंचायत पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार पंचायत सचिव राजाराम पटेल के मोबाइल नंबर और Gmail की जगह भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष आनंद साहू का मोबाइल नंबर और Gmail दर्ज होने की बात सामने आई है।
यह जानकारी किसने दर्ज की
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर सरकारी पोर्टल पर यह जानकारी किसने दर्ज की? किसके निर्देश पर दर्ज हुई? क्या सचिव की जानकारी के बिना यह बदलाव किया गया या फिर इसके पीछे कोई दूसरी वजह है?
 पोर्टल की एंट्री ने खड़े किए सवाल
जिस पोर्टल पर पंचायत सचिव की आधिकारिक जानकारी उपलब्ध होनी चाहिए, वहां किसी राजनीतिक संगठन के पदाधिकारी का मोबाइल नंबर और ईमेल दर्ज होना प्रशासनिक पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर रहा है।अगर पोर्टल पर दर्ज जानकारी सही है, तो यह पता लगाना जरूरी है कि सचिव राजाराम पटेल की आधिकारिक संपर्क जानकारी आखिर क्यों और कैसे हटाई गई? क्या यह महज डाटा एंट्री की गलती है या फिर जानबूझकर किया गया बदलाव?
क्या जवाब मांगती है
इस पूरे मामले में राजनीतिक जवाबदेही का सवाल भी उठ रहा है। भारतीय जनता पार्टी सार्वजनिक रूप से गलत काम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात करती रही है। ऐसे में अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पार्टी अपने पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष आनंद साहू से इस मामले में क्या जवाब मांगती है और क्या कदम उठाती है।
जांच कराने का आश्वासन दिया 
पूरे मामले को लेकर मऊगंज जनपद पंचायत के सीईओ परमानंद तिवारी से भी बातचीत की गई। उन्होंने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। उनका कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अब इन सवालों के जवाब जरूरी
पंचायत सचिव राजाराम पटेल का आधिकारिक मोबाइल नंबर और Gmail पोर्टल से क्यों गायब है?
आनंद साहू का मोबाइल नंबर और Gmail किसने दर्ज किया?क्या इस बदलाव के लिए कोई आधिकारिक आदेश जारी हुआ था?पोर्टल में बदलाव किस यूजर आईडी और लॉगिन से किया गया?क्या जनपद पंचायत प्रशासन ने इस बदलाव की कभी जांच की?जांच के बाद क्या संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी?
जवाबदेही से जुड़े कई सवाल खड़े
फिलहाल पीड़रियां ग्राम पंचायत का यह मामला सरकारी पोर्टल पर दर्ज जानकारियों की विश्वसनीयता और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़े कई सवाल खड़े कर रहा है। अब देखना होगा कि जनपद पंचायत की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं? पोर्टल पर मोबाइल नंबर और Gmail दर्ज होने के पीछे असली वजह क्या है? और अगर जांच में किसी की लापरवाही या अनियमितता सामने आती है, तो क्या उसके खिलाफ कार्रवाई होती है?  क्योंकि सरकारी पोर्टल किसी व्यक्ति विशेष की सुविधा के लिए नहीं, बल्कि सरकारी व्यवस्था की पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *