बीजापुर में बेखौफ मुरुम की अवैध खोदाई,माइनिंग विभाग चुप - rashtrmat.com

बीजापुर में बेखौफ मुरुम की अवैध खोदाई,माइनिंग विभाग चुप

राष्ट्रमत न्यूज,बीजापुर(ब्यूरो)। जिले में इन दिनों मुरुम और अन्य खनिज तत्वों की खोदाई का खेल धड़ल्ले से जारी है। जिले के विभिन्न इलाकों में जिस तरह से मुरुम का उत्खनन किया जा रहा है, उससे खनिज संपदा के संरक्षण और विभागीय निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि माइनिंग और राजस्व विभाग की निष्क्रियता के चलते ठेकेदारों के हौसले बुलंद हैं और नियम-कायदों को ताक पर रखकर मुरुम की खोदाई की जा रही है।
बिना अनुमति खोदाई हो रही है
मुरुम उत्खनन के लिए निर्धारित नियमों, अनुमति और रॉयल्टी की प्रक्रिया का पालन हो रहा है या नहीं, इसकी निगरानी की जिम्मेदारी संबंधित विभागों की है। लेकिन जिले में जिस तरह से खोदाई का काम चल रहा है, उससे विभागीय मॉनिटरिंग व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना लाजिमी है। यदि उत्खनन वैध है तो संबंधित विभाग इसकी अनुमति और रॉयल्टी का विवरण सार्वजनिक क्यों नहीं करते? वहीं यदि बिना अनुमति खोदाई हो रही है तो जिम्मेदार अधिकारियों की नजर अब तक इस पर क्यों नहीं पड़ी?
आरोपों की निष्पक्ष जांच होना जरूरी
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या ठेकेदारों को विभागीय कार्रवाई का कोई डर नहीं रह गया है? जिस तरीके से मुरुम और अन्य खनिज तत्वों का दोहन किया जा रहा है, उससे कहीं न कहीं विभागीय संरक्षण अथवा जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, माइनिंग और राजस्व विभाग की मिलीभगत के आरोपों की निष्पक्ष जांच होना जरूरी है।
सरकारी राजस्व को नुकसान
बिना अनुमति खनिज उत्खनन होने की स्थिति में शासन को रॉयल्टी के रूप में मिलने वाले राजस्व का नुकसान हो रहा है। वहीं अनियंत्रित खोदाई से जमीन की प्राकृतिक संरचना, जल निकासी और आसपास के पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बन है।
कितने ठेकेदारों ने विधिवत अनुमति ली है
अब सवाल यह है कि जिले में चल रहे मुरुम उत्खनन की जांच कब होगी? कितने ठेकेदारों ने विधिवत अनुमति ली है और कितने स्थानों पर बिना अनुमति खोदाई की जा रही है? माइनिंग विभाग और राजस्व विभाग संयुक्त रूप से जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाएंगे या फिर खनिज संपदा का यह दोहन इसी तरह जारी रहेगा?फिलहाल जिले में मुरुम उत्खनन को लेकर विभागीय कार्यवाही और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *