SP से शिकायत लाखों के जेवरात की चोरी करने वालों को पुलिस बचा रही - rashtrmat.com

SP से शिकायत लाखों के जेवरात की चोरी करने वालों को पुलिस बचा रही

*बड़े पिता के बेटे पर जताया संदेह
*बैकुंठपुर पुलिस की जांच पर उठाए सवाल
राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के ग्राम छिवला में हुई चोरी की घटना अब पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर विवादों में आ गई है। चोरी के शिकार परिवार के सदस्य आकाश पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक रीवा को शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच किसी अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से कराए जाने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने बैकुंठपुर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए संदेह जताया है कि पुलिस जानबूझकर एक संदिग्ध को बचाने का प्रयास कर रही है।
घर पहुंचकर सामान की जांच की
शिकायत के मुताबिक, आकाश पाण्डेय 1 नवंबर 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे अपने ग्राम छिवला स्थित घर में ताला लगाकर पुणे (महाराष्ट्र) के लिए रवाना हुए थे। अगले दिन 2 नवंबर की सुबह करीब 5:30 बजे उनके बड़े पिता दिवाकर प्रसाद पाण्डेय ने फोन पर सूचना दी कि घर का ताला टूटा हुआ है और अंदर का सामान बिखरा पड़ा है। चोरी की खबर मिलते ही आकाश वापस रीवा लौटे और 4 नवंबर को घर पहुंचकर सामान की जांच की।
सोने-चांदी के जेवरात सहित नकदी गायब
फरियादी का दावा है कि घर से सोने के झुमके, बिजली, मनचली, मंगलसूत्र, सोने की चेन, नथनी सहित चांदी की चूड़ियां, पायल, 11 अंगूठियां और करीब एक पाव चांदी के टुकड़े चोरी हुए हैं। इसके अलावा घर में रखे 1 लाख 70 हजार रुपये नकद भी गायब मिले। शिकायतकर्ता के मुताबिक चोरी गए सामानों की कुल कीमत लाखों रुपये में है।
रिपोर्ट में सामानों का विवरण नहीं
आकाश पाण्डेय ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि घटना के बाद बैकुंठपुर थाने में दर्ज एफआईआर क्रमांक 0377, दिनांक 2 नवंबर 2026 में चोरी गए सामानों का पूरा विवरण दर्ज नहीं कराया गया। इतना ही नहीं, शिकायतकर्ता ने अपने बड़े पिता के बेटे पर चोरी की घटना में संलिप्त होने का संदेह जताया है।
अब तक निष्पक्ष जांच नहीं की गई
आरोप है कि थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों को वास्तविक तथ्यों से अवगत कराने के बावजूद अब तक निष्पक्ष जांच नहीं की गई। शिकायतकर्ता का दावा है कि यदि संदिग्ध युवक से गंभीरता से पूछताछ की जाए तो चोरी का खुलासा हो सकता है। उसने पुलिस पर संदिग्ध को बचाने और मामले को दबाने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने यह भी कहा है कि उसके पास आपसी बातचीत की कुछ रिकॉर्डिंग मौजूद हैं, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर जांच अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जा सकता है।
शिकायतकर्ता आकाश पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि बैकुंठपुर थाने में दर्ज एफआईआर की समुचित जांच कराई जाए और मामले की विवेचना किसी अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को सौंपी जाए, ताकि चोरी गए जेवरात और नकदी की बरामदगी हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *