राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।लांजी विधायक राजकुमार करार्हे का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें वे महिलाओं को लाडली बहना योजना की राशि से अंडा मछली मुर्गा खाने की नसीहत देते नजर आये और चुनाव में कमल का बटन ही दबाने की अपील करते नजर आये। अब विधायक का यह बयान चर्चाओ में आ गया है। हालांकि, उनके इस ब्यान के बाद उनकी कोई प्रतिक्रिया सामने नही है।

लेकिन वोट कमल फूल को ही देना
बताया जा रहा है कि वीडियो मंगलवार की शाम का है। जब विधायक राजकुमार कर्राहे क्षेत्र के आलीटोला में आयोजित मेले से लौट रहे थे। जहां रास्ते में उन्हें आदिवासी महिलाएं और बच्चे एक स्टॉल पर अंडा खाते हुए दिखाई दिए। उन्होंने अपनी कार रुकवाई और महिलाओं से पूछा कि क्या खा रहे हो। लाडली बहना का पैसा मिलता है, तो खूब अंडा खाओ….खूब मुर्गा खाओ….खूब मछली खाओ…, कोई दिक्कत नही, इनको खिलाओ 1500 रूपये में, बच्ची को भी खिलाओ, लेकिन वोट कमल फूल को ही देना। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद विधायक राजकुमार करार्हे चर्चा में आ गए हैं।
विधायक राजकुमार करार्हे अपनी राजनीतिक शुरूआत भाजपा से की थी, लेकिन पार्टी में अनदेखी के चलते आम आदमी पार्टी में चले गए थे। पिछले विधानसभा चुनाव से पहले उनकी भाजपा में वापसी हुई और पार्टी ने उन्हें लांजी से टिकट दिया। वहीं, महिलाओं का कहना है कि लाड़ली बहना योजना से मिलने वाली राशि से उन्हें आर्थिक राहत मिलती है और घरेलू जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है। हालांकि, विधायक की ओर से इस राशि को खर्च करने की नसीहत दिए जाने को कुछ महिलाओं ने अनुचित बताया है। महिलाओं ने यह भी कहा कि मतदान करना उनका स्वतंत्र अधिकार है और वे वक़्त आने पर अपने विवेक से वोट करेंगी।