भगवती नर्सिग होम ने कहा,छह लाख और दो कैलाश की लाश ले जाओ - rashtrmat.com

भगवती नर्सिग होम ने कहा,छह लाख और दो कैलाश की लाश ले जाओ

राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। रीवा के भगवती नर्सिग होम में कई सप्ताह से भर्ती कैलाश साकेत की मौत हो जाने के बाद नर्सिग होम ने छह लाख रुपए और मांगे शव देने के लिए। जबकि परिजनों ने 16 लाख रुपए नर्सिग होम को दे चुके थे। यह नर्सिग होम डाॅ दिनेश पटेल का है। संजय गांधी अस्पताल में चिकित्सक हैं। कैलाश पटेल के परिजन का आरोप है कि 16 लाख लेने के बाद भी नहीं बची कैलाश साकेत की जान। 6 लाख के अतिरिक्त बिल को लेकर विवाद है। जबकि परिजनों ने दर्जनों लोगों से कर्ज लेकर इलाज करा रहे थे। परिजनों का आरोप है कि छुट्टी मांगने पर भी नहीं दिया गया।मरीज के डिस्चार्ज को लोकर विवाद हुआ।


शव सौंपने में आनाकानी

  जिले के भगवती अस्पताल में इलाज और बिल भुगतान को लेकर एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। परासी पंचायत निवासी कैलाश साकेत की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज के नाम पर लाखों रुपये वसूलने, मरीज को दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए छुट्टी नहीं देने और बकाया भुगतान के विवाद में शव सौंपने में आनाकानी करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले ने निजी अस्पतालों की जवाबदेही और गरीब मरीजों के साथ होने वाले व्यवहार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
परिवार को उम्मीद दिलाई गई थी
परिजनों के मुताबिक, कैलाश साकेत के इलाज के लिए अस्पताल प्रबंधन को करीब 16 लाख रुपये दिए गए थे। परिवार को उम्मीद दिलाई गई थी कि मरीज स्वस्थ हो जाएगा। लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद कैलाश की जान नहीं बच सकी। परिवार का आरोप है कि जब उन्होंने मरीज की हालत को देखते हुए उसे दूसरे अस्पताल में ले जाने के लिए छुट्टी मांगी, तब भी उन्हें डिस्चार्ज नहीं दिया गया।
16 लाख रुपये खर्च करने के बाद
परिजनों ने यह सवाल भी उठाया कि एक दिन पहले तक कैलाश हंस-बोल रहा था, फिर अचानक ऐसा क्या हुआ कि उसकी मौत हो गई? आखिर इलाज के दौरान ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बनीं, जिनकी निष्पक्ष जांच जरूरी है? मामले का सबसे संवेदनशील पहलू यह है कि परिजनों के अनुसार, पहले ही करीब 16 लाख रुपये खर्च करने के बाद अस्पताल की ओर से लगभग 6 लाख रुपये का अतिरिक्त बिल बना दिया गया। परिवार का आरोप है कि अतिरिक्त रकम जमा नहीं करने पर शव सौंपने में भी आनाकानी की गई। इस घटनाक्रम ने अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
समाज के लोगों से आर्थिक मदद जुटाई
कांग्रेस नेता दिलीप तिवारी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद बताया कि कैलाश साकेत का परिवार बेहद गरीब है। इलाज के लिए परिवार ने कर्ज लेने के साथ-साथ समाज के लोगों से आर्थिक मदद जुटाई। करीब 50 लोगों की सूची सामने आई है, जिसमें किसी ने 2 हजार, किसी ने 5 हजार तो किसी ने 10 हजार रुपये तक का सहयोग दिया। लोगों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार मदद की, ताकि कैलाश का इलाज हो सके।
गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ा
दिलीप तिवारी ने अस्पताल प्रबंधन के रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि गरीब परिवार ने कर्ज लेकर इलाज के लिए लाखों रुपये दिए, लेकिन इसके बावजूद उन्हें गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन ने शव सौंपने के मामले में भी संवेदनहीनता दिखाई।
इस दौरान कांग्रेस नेता धीरेन्द्र राणा भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली और न्याय दिलाने की मांग की।
जांच किए जाने की मांग उठ रही
इस मामले में भगवती अस्पताल के संचालक डॉ. दिनेश पटेल को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि वे संजय गांधी अस्पताल में पदस्थ होने के बावजूद निजी अस्पताल का संचालन कर रहे हैं। ऐसे में उनकी निजी प्रैक्टिस और अस्पताल संचालन से जुड़े नियमों की भी जांच किए जाने की मांग उठ रही है।
अब उठ रहे हैं ये बड़े सवाल
क्या इलाज के दौरान मरीज को दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए छुट्टी देने से इनकार किया गया था?
16 लाख रुपये लेने के बाद 6 लाख रुपये का अतिरिक्त बिल किस आधार पर बनाया गया?
क्या बकाया भुगतान के विवाद में शव सौंपने में देरी या आनाकानी की गई?
मरीज की मौत के वास्तविक कारण क्या थे?
सरकारी अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर के निजी अस्पताल संचालन की वैधानिक स्थिति क्या है?
सख्त कार्रवाई की मांग की गई है
कैलाश साकेत के परिवार को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस नेताओं ने पूरी राशि वापस कराने, इलाज से जुड़े दस्तावेजों और बिलों की जांच कराने तथा पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही, यदि जांच में लापरवाही, अनियमितता या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
पीड़ित परिवार को न्याय कब मिलता है
सवाल सिर्फ कैलाश साकेत की मौत का नहीं, बल्कि उस व्यवस्था का भी है जिसमें एक गरीब परिवार अपने मरीज की जान बचाने के लिए कर्ज लेकर लाखों रुपये जुटाता है और अंत में उसे अपने ही परिजन के शव को लेकर संघर्ष करना पड़ता है। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन इस गंभीर मामले में कब संज्ञान लेते हैं और पीड़ित परिवार को न्याय कब मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *