रीवा गुरुकुल स्कूल के हास्टल में छात्र की मौत,सुबह उठाने पर उठा नहीं - rashtrmat.com

रीवा गुरुकुल स्कूल के हास्टल में छात्र की मौत,सुबह उठाने पर उठा नहीं

राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)।जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र स्थित गुरुकुल स्कूल के हॉस्टल में एक 13 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान सूर्यांश गुप्ता के रूप में हुई है, जो कक्षा छठवीं का छात्र था और स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
परीक्षण के बाद मृत घोषित
जानकारी के मुताबिक, स्कूल प्रबंधन ने बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे सूर्यांश डिनर करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। सुबह जब स्कूल स्टाफ उसे पीटी (फिजिकल ट्रेनिंग) के लिए उठाने पहुंचा, तो वह नहीं उठा। इसके बाद तत्काल स्कूल प्रबंधन द्वारा उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
हास्टल में ही बच्चे की मौत हो गयी थी
सूर्यांश गुप्ता के पिता विनोद गुप्ता ने कहा कि मुझे साढ़े सात बजे गुरूकुल से फोन आया कि आप का बच्चा बीमार है। मैंने कहा कि उसे निजी अस्पताल में ले जाए। मैं आ रहा हूं। उन्होेंने कहा कि संजय गांधी अस्पताल में लाए हैं। मैंने कहा कि निजी अस्पताल में ले जाएं।बच्चे को यहां आए दो साल हो गया था। डाॅक्टरों का कहना है कि जब आपके बच्चे को लाया गया तब वो खत्म हो चुका था।
हार्ट अटैक की आशंका
प्रारंभिक तौर पर चिकित्सकों ने हार्ट अटैक की आशंका जताई है, हालांकि छात्र की मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने मौत के कारणों की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी, लेकिन परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं हैं। वे शव को घर ले जाना चाहते हैं।
मौत से कई सवाल खड़े हो रहे
वहीं, मामले की सूचना मिलने पर चोरहटा थाना पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस परिजनों और स्कूल प्रबंधन से पूछताछ कर घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।फिलहाल 13 वर्षीय छात्र की अचानक हुई मौत से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पोस्टमार्टम और आवश्यक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *