*45 बच्चे और 12 युवतियां व महिलाएं जिला अस्पताल में भर्ती
*कलेक्टर आदित्य सिंह ने खाद्य विभाग को दिए जांच के निर्देश
राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले के किरनापुर तहसील क्षेत्र के ग्राम हिर्री में आयोजित मंडई मेले के दौरान मंचूरियन और चाउमिन खाने के बाद करीब 118 बच्चों, युवतियों और महिलाओं की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। अचानक इतनी बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से मेले में अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। पेट दर्द और उल्टियां होने की शिकायत के बाद सभी प्रभावितों को अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें 45 बच्चे और 12 युवतियां व महिलाएं जिला चिकित्सालय बालाघाट में भर्ती हैं, जबकि शेष बीमार लोगों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरनापुर में जारी है।

चिंता और दहशत का कारण बन गया
घटना की जानकारी सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। एक ही मेले में खानपान के बाद इतनी बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ना प्रशासनिक व्यवस्थाओं और खाद्य सुरक्षा की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। जिस मंडई में ग्रामीण परिवारों के साथ बच्चे उत्साह से पहुंचे थे, वही आयोजन अचानक चिंता और दहशत का कारण बन गया।

मंचूरियन और चाउमिन खाने के बाद उल्टियां
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हिर्री मंडई मेले में लगे फास्ट फूड के स्टॉल से मंचूरियन और चाउमिन खाने के बाद बच्चों सहित अन्य लोगों को पेट दर्द और उल्टियां होने लगीं। देखते ही देखते बीमार होने वालों की संख्या बढ़ती गई। परिजन घबराकर बच्चों और महिलाओं को लेकर सबसे पहले गांव के डॉक्टर के पहुचे, जिन्हे डॉक्टर ने सीधे किरनापुर अस्पताल जाने की सलाह दी, जिसके बाद एम्बुलेंस के जरिये सभी बच्चों को लेकर परिजन किरनापुर अस्पताल पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीरता और बेहतर चिकित्सकीय निगरानी की आवश्यकता को देखते हुए 45 बच्चों तथा 12 युवतियों व महिलाओं को जिला अस्पताल बालाघाट में भर्ती कराया गया। अन्य प्रभावितों का उपचार किरनापुर में चल रहा है.।
सभी मरीज खतरे से बाहर हैं
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. शत्रुघ्न सिंह दाहिया ने बताया कि जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में भर्ती सभी 45 बच्चों और मेडिकल वार्ड में भर्ती 12 वयस्कों की स्थिति अब सामान्य है। सभी मरीज खतरे से बाहर हैं और डॉक्टरों की विशेष टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
कलेक्टर और एसपी पहुंचे अस्पताल
रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर आदित्य सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने वार्ड में जाकर बीमार बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली और संबंधित फूड स्टॉल संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर के बाद एसपी माली जैन भी अस्पताल पहुंचे और भर्ती बच्चों से बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया।वही कलेक्टर ने खाद्य विभाग को घटना की जांच करने के निर्देश दिए हैं। अब खाद्य सुरक्षा विभाग की जिम्मेदारी है कि संबंधित खाद्य स्टॉलों पर इस्तेमाल की गई सामग्री, तेल, पानी और भोजन तैयार करने की प्रक्रिया की बारीकी से जांच करे।

दुकानदारों की जांच क्यों नहीं होती
हिर्री मंडई से निकलकर सामने आई यह घटना केवल फूड पॉइजनिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि मेलों और सार्वजनिक आयोजनों में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को भी उजागर करती है। सवाल यह है कि मेले में खाद्य सामग्री बेचने वाले दुकानदारों की जांच क्यों नहीं होती? क्या खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा स्टॉलों पर बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की निगरानी की गई थी? यदि नहीं तो इसका जिम्मेदार खाद्य विभाग माना जाएगा।
सेहत से खिलवाड़ करने की जिम्मेदारी कौन लेगा?
एक साथ करीब 118 लोगों के बीमार पड़ने की घटना ने जिला प्रशासन को फिर चिंता में डाल दिया है। एम्बुलेंस से मरीजों को अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल प्राथमिकता, सभी प्रभावितों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए रखने की है। पुलिस ने मेले मे चाउमीन और मंचूरियन की दूकान लगाने वाले को पूछताछ के लिए हिरासत मे लिया है। अब सम्पूर्ण जांच के बाद यदि खाद्य सामग्री में लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई भी जरूरी होगी। आखिर बच्चों और आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने की जिम्मेदारी कौन लेगा?