चहट-चंपा \ कहानी - rashtrmat.com

चहट-चंपा \ कहानी

संतोष झांझी की कहानी ‘चहट-चंपा‘  यह केवल चंपा और अस्तु की प्रेम कहानी नहीं है, जिस समाज में गरीब की आवाज दबा दी जाती है, वहां प्रेम भी संघर्ष बन जाता है और सम्मान भी एक सपना।’चहट-चंपा’  आदिवासी समाज के शोषण, गरीबी, साहूकारी कर्ज, पुलिसिया अत्याचार, पलायन और बदलते ग्रामीण जीवन की पीड़ा को भी सामने लाती है। कहानी का अंत केवल प्रेम की जीत नहीं है। अस्तु का साहूकार के कर्ज से निकलना और अपने गांव में सम्मान के साथ गृहस्थी बसाना भी कहानी का महत्वपूर्ण पक्ष है।

                               चहट-चंपा \ कहानी

अगहनी धान के साथ  आंगन में महुआ झरने लगा ।अब की सल्फी घेड़ा पके तो चंपा का ब्याह करा दे— पटेल यही सोच रहा था।गांव देहात का मामला, सयानी लड़की– फिर कुंवारी दोष दूर करने के लिए पटेल, क्या करे—?बेटी  चंपा का ‘कांडाबारा ” ही तो। फिर  चंपा  को कोई  लड़का जंचे तो  देखते हैं ।वैसे साग से माछ ढाका  नहीं जा सकता पर ‘कुरू रानी गांधारी” का भी कांडाबारा हुआ था न–!

” कांडाबारा” प्रतीकात्मक  विवाह–“पंडित जी  समझा  रहे थे। गांव  में  पांडे  जी  की पंडिताई खूब चलती थी।पटेल भी मान गये और कांडाबारा  की खबर इस गांव  से उस गांव ,दस गांव  फैल गई ।अस्तू ने भी सुनी, मोहन ने भी।मोहन, मोहरी फूंकने वाला –पटेल की वह पहली पसंद था पर चंपा तो राजी न थी।

अस्तु के प्रति उसका आकर्षण कम नहीं था।अस्तु, एक गबरु जवान  –मंद-बोकड़ा के चक्कर  में  बाप ने खेत -खलियान  कर्जा उठाया  और अस्तु भूमिहार मजदूर — ।

कांडाबारा—अंजुरी में  जंगली फूल ,कनेर माला मंदार खोसा,लाल-हरी चूडियां, लाज-शरम  का घूँघट ओढ़े चंपा, ‘सागौन खूँटे , से ब्याह करा दी गई ।ओड़िशा की पंडिताइन  की हुलहुलीऔर मोहन की मोहरी  दूर तक  बज रही थी ।अस्तू  लडकियों से ठिठोली कर रहा था–“देख रे टोकी मन! मोहरी संगवारी बुला रही है”–लडकियाँ  शर्मा गईं पर चंपा सोच रही थी कि –अस्तु –!पर वह तो कब का  जा चुका था ।

उस दिन शहर के गंगा मुंडा तालाब में कदंबमार मेला भरना था ।राजपरिवार के साथ गांव -गवलियों के लोग भी  जमा  थे  । अस्तू भी पंडरीपानी के लेका- लेकी संग खूबे नाचा । –चंपा भी   ‘चईतपरब, गा सकती थी  पर आज तो  उसका ब्याह था न  कांडाबारा —  ।हुलहुली और मोहरी की तान  दूर तक बज रही थी ।गांव  -गली ,पुलिस- पाईक बिन बुलाये  जमा—कैमरा, फोटो खबर  ,जाने क्या-क्या–दिलबहलाव अलग से —।गांव   के गुरूजी  बड़बड़ा  रहे थे  ।थाना दरोगा अनसुना खड़े  थे–“देखना गुनाह है क्या”

–कैमरे के पीछे से कोई मुस्करा  रहा था।संयोग से उसी दिन गांव में लिंगायत मेला था। गाजन -छाजन’ लाठी, देवी -देवता गेंड़ी  चढ़ते भक्त। गजागज भीड़ – धक्का-मुक्की।ढेकला- मसका।

आवारा लड़कों की फौज मौज- मस्ती  , छेड़छाड़–। गांव  का माहौल  गरमा रहा था लडकियाँ  ,छेड़छाड़

आपस में  मारपीट और धूम- धड़ाका ।पुलिस का बीच-बचावो फिर डंडा खाकर  तमाशबीनों  का  शहर  प्रस्थान।आजकल गाँव , शहर में बदल रहा था। अस्तू ,  मोहन , जो सामने पड़े

वही सपड़ में आये फिर

एक -दो -डंडा खा कर वे भी मुँह  लटकाए  पोखर किनारे बैठे रहे।

कांडा बारा की मोहरी अब पोखरी से ही उठने लगी थी ।

उसी रात एक और घटना घटी ।

पोखरी से उठकर मोहन पटेल   के साथ  पुलिस बंगले के पीछे बैठा खूब पी रहा था। बगल में  सेठिया का  मुर्गी- फार्म और कुकड़ा की  कुकड़ कूं- कुकड़ू कूं –बस दोनों  ने दीवार फांदी और नशे का जोश-बेहोश  दो मुर्गियाँ   दाबे ‘ मोहन तो  दीवार  फांद   गया  पर सत्यानाश हो–चौकीदार  के हत्थे चढ़ा –पटेल और सीधे  पुलिस गारद के सामने–

सुबह का समय पुलिस साब भी नशे में–आव देखा न ताव –दो तमाचा जड़  दिया -“साला चोरी करता है!तेरे  बाप का माल है

मुर्गी  खायेगा -”

–साहब का गुस्सा  सातवें  आसमान पर। पटेल का नशा  कापूर उपर से इज्जत पानी-पानी–जानता था कि थाना-कचहरी कर्जा,-उधार गरीब के लिए मरण दशा है–

वह साब के सामने माफी के लिए  चिचियाता रहा। पर नक्कार खाने में  तू-तू की आवाज–बड़े  मान-मनव्वल के बाद साहब ने एक प्रस्ताव  रखा –“जुर्माना  भरने को तू  तैयार नहीं  –फिर–

एक काम कर मेरे बंगले  में  साफ-सफाई  करने अपनी  बायले -नहीं -नहीं  बेटी को भेज ”

“क्या नाम है उसका –चंपा–”

चार पैसा भी कमा लेगी और तेरा जुर्माना भी भर देगी–जा”

पटेल पूछना चाह रहा था -कितना जुर्माना भरना है पर साब ने एक लात जमाई –‘ “गेट-आऊट-‘जो कहा सो कर।”

बात का पता ये कि कांडाबारा की  रात से  साहब  की नाक में  चंपा  महक रही थी।देखो मौका सामने  हाज़िर  ‘समरथ को  नहीं दोष गुसाईं,”  जानकर थके पाँव पटेल अपने घर पंहुचा।

नए बदलाव के साथ गांव में  नई परिस्थितियां आ खड़ी हुई थीं ।

भूमिहार सदा की तरह मुश्किल  में  थे । दिनभर दूसरे के खेत में  काम करो और शाम को नोन -मिरी भी साहू- साहूकार के दुकान से खरीदो ।जैन- मारवाड़ी, पांडे साहू ,श्रीवास्तव मिश्रा  ,उपाध्याय,खूंटिया ,सेठिया  साहूकारों, के कई  नाम थे ।

कुछ साल पहले धान मिंडाई के समय  बाबा ने कर्जा लिया था जो आज तक  चुकता नही हो रहा था।

गांव के  सियान तो सोली-पैली धान नपा कर जी लेते थे पर अब किलो-वाट में भी भुखहा–!

राशन कार्ड, पट्टा  सब मिला था पर —कहने को तो धान मंडी में  चला जाये  पर मंडी तक जाने के लिए  अपना ही पट्टा साहूकार से लेना पड़ता  था ।

उपर से ताकीद– “धान बिकते ही मेरा ब्याज चुका देना  सुने– ”

‘सुना–‘सबके ‘कोचकने ‘से अस्तु ने बक ही दिया–”

“महाराज अब कौड़ी दो कौड़ी  में  खटने का जमाना नहीं  रहा–”

साहू तिलमिला  उठा–

“साला ‘हरामजादा — फोकट खाऊ,–जब करारे नोट गिना था तब नहीं  सोचा अब चुकान की बारी आई तो नाटगुरु बनता है -”

“मांग खाया –जब भी उधार मांगने  जाओ तो –बाबा घर में  नही है”

“क्यों  रे !कहाँ  मरा रहता है तेरा बाप–दूसर डौकी के पास–!”

“खुद की डौकी को खाट में बांध नहीं सका भग गयी -अब–”

अस्तु को काटो तो खून नही–बाप,डौकी जैसी बातें वह सह नहीं सकता था ।

बस हाथ उठाकर मार ही देता कि” उधार खाऊ किसानों  “ने उसका हाथ पकड़  लिया।

साहू  बाबू भी अकेले कहाँ थे “ब्याज खाऊ” दूसरों  को उन्होंने  ढाढ़स बंधाया-

-“मस्ती चढ़ी है –ठीक कर देगें ”

“रात-बिरात पैसा -चंदा हम देते हैं-शहर हो के जंगल–”

ये सड़क  ठेकेदार कह रहा था-

-परचून से लेकर हार्डवेयर तक के दुकान दार भी सिर हिला रहे थे।

साइकल पंक्चर बनाने वाला दोनों  तरफ सिर हिला रहा था –सुरते हाल -बेहाल था उसका।

काहे का डर ,किसका डर, ये सब समझ  रहे थे –रात के अंधेरे में  मनचाहा सामान रख दो या कि साब की जेब गरम कर दो—

इस सबके बीच यह सोच प्रबल हो रही थी कि–गांव में  ये कैसा बदलाव आ रहा है–

फोकट चना, चाऊर ,गुड़ खाने वाले, नाकों चना चबा  रहे हैं।

जुवान लड़की मन भी सस्ता  लिपिस्टिक लगाये शहर के दुकानों में  खट रही हैं-‘पर यहाँ  खेती -किसानी पर नानी मरती है।

परिस्थिति की शांति ओढ़े साहू ने  अस्तु से कहा-‘

“उधार खाना ठीक नहीं  –पाप लगेगा ,पटा देना–

“तुम लोगों को तो राशन कार्ड  भी है, हमें तो जागंर खटना पड़ता है” कहने वाले साहू को यह भी सुनना पड़ा था

“हमें  माफ करो प्रभु-‘अब नही होगा ‘की पुकार  में  कौन-कौन शामिल थे कहना कठिन था।

मुखिया ने बीच-बचावो किया–

“अरे रामा –गांव  में इनकी भी खेती है –एक गांव के तुम, उधार खा के कैसे रहोगे–सब भाई-बंधु आत -“।

“भाई- बंधु !पर पिछले साल गुड़घानी के लिए  कांडा – लकडी मांगने गया था –दिया नहीं– ओला,बरसा,करा ने सड़ गया -‘पर नहीं—”

मुखिया  को काटो तो खून नहीं ।

साहू का विरोध करे तो अगले चुनाव में  टिकट नहीं और गांव  का साथ छोड़ो तो व्होट नही –कुकुर गति–।

फिर समापन तो होना था–

“साहू और साहूकार भाई, आप ही लोग विचार करो ,

सरकारी नौकरी ,भूईं  ने अधिया कमाई  — सब कुछ तो है आप सबके पास –”

मिश्रा जी  को गुस्से  में  देख कर  मुखिया की आवाज भी कुछ तीखी हो गयी –

“सुनो महाराज !मै भी कम अक्ल हूँ  पर गांव की हालत तो देखो–

पहले तो खेती- किसानी के साथ हल -बैल का भी काम होता था। मुंजी- लोहार, फाल- कुल्हाड़ी सोली- पैली बनाकर बेचते थे ।कांटा, भाजी दुकान अब कहां— सब सामान तो शहर से आता है –उसकी दुकान भी आप ही लोग लगा रहे हो–

चार मासिया धान के अलावा क्या है–वैसे भी इन्द्रावती नदी  ओड़ियान में चेपटा होली –खोलाप–नगरनार ने और शंखनी -डंकनी तो लोहा धोते-धोते लाल हो गयी  -।

मुखिया मन ही मन अपने सामान्य ज्ञान पर मुग्ध  था । जबसे  वह पार्टी  मीटिंग जाने लगा है ,उसकी जानकारी  पर गांव वाले भी उसे सयाना समझने लगे थे।

मुखिया  की बात सुनकर

साहूकारों  के मुँह लटक गये फिर मौके की नजाकत भांप कर बोले-

“चलो तुम्हारी ही सही फसल पकने पर चुकान पूरा कर देना।”

सभा उठ गई पर मुखिया के कान में बात रखी गई कि “गरीबी रेखा ” से हमें भी गैस सिलेंडर  दिलाओ–

“हव महाराज! उधार खाऊ  लोगों का गैस कार्ड रख लो ।

वैसे भी गैस भराने का पैसा इनके पास कहाँ  है–? लाटा-बूटा,जंगल झाड़ी तो डगराते हैं -बेवकूफ

साहू और साथी खुश हो गये ।फटफटी उठाये‐ फटाफट शहर की ओर चल दिए।

।पर साल  से सड़क भी पक्की बन गई  है–फुर्र-

।अब के बारिश सड़क बहती है कि नहीं  देखना है -‘फेर सड़क  ठेका तो हमारा ही पक्का –साहू ,मन ही मन आश्वस्त हो रहे थे।गांव के  जुवान लड़के ,गाँव  छोड़  शहर कमाने जा रहे हैं  तो उनका लड़का भी तो विदेश जाने वाला है।

परिवर्तन  ही प्रकृति  का नियम है क्या ये वे नहीं  जानते-‘

पर “पूँजी  का ब्याज तो शाश्वत है “ये गांव वाले क्यों नहीं समझते—

गांव  के  दूसरे गरीबों  की तरह अस्तु के पास भी गैस कार्ड  था पर  गैस भराने का दाम कहाँ था –। वह भी सोचने लगा

“ले कारड लेता है तो ले ”

ये रान-वन तो उनका अपना है –हरामी –।”

एक रूपया चांवल भी तो मारवाड़ी  दुकानदार  बाइस रूपये में बेच देता है फिर कोदो ,कुटकी पसिया ही जीवना है।

ये जंगल भी–रिज़र्व  फारेस्ट–‘पेड़  लगाओ,समूह बनाओ,चौकीदारी करो,पेड़  मत काटो–जाने क्या-क्या–रात भर पहरेदारी करो फेर–फारेस्ट साब रात को जंगल क्यों  काटते हैं—?

वह भी सागवान के।

मोहन ठीक कहता है–

“सब मिलीभगत है।”

रामा ने तो देखा भी है। इंद्रावती में बड़े-बड़े बांस के लट्ठे बहते हुए।

अगले दिन झमरु के घर मंद हांडी चढ़ी है –गाँव-गंवली के बाबू-गुरूजी सब जमा–।चाखना अलग से।

सामने साहू का घर है  –खेती हार किसान ,बीज के लिए  जमा हुए हैं–वहां अस्तु को देखकर साहू दुत्कारते हुए कहता है

” क्यों रे अस्तू–कहाँ  “चला । बीज लेने के पहले पुराने उधार पर चुका ब्याज—”

सत्यानाश –!

अस्तु सोचने लगा काहे इधर से निकला –

“कहाँ से दूं साहूकार?

गोंचा, दशरा दियारी,गणेश-दुर्गा–सब तो चंदा   देने  में गया –फेर -‘?

साहू के साथ पांडे भी थे

” चंदा को भी गिनता है रे !अधर्मी –!

देव धामी– नाश हो तेरा।”

अस्तु पाट देव लिंगो , देव की पूजा को जानता था पर इन दिनों देव धामी की बाढ़ आ गई थी।

कोई कहता वनवासियों के राम। तो कोई कहता आदिवासियों के श्याम।पर हां एक बात तो है कि उनके नाम पर पंडाल, भंडारा, नाच गाना, लाउडस्पीकर,मोबाइल की धूम मचती थी। पियो खाओ और मजा ही मजा।

ऐसे समय में अस्तु को चंपा का धनकुल बजाना भी अच्छा लगता था। चंपा चुलबुली सी। चहट- चंपा  ,ये,ओड़ियाइन पंडिताईन ने उसका नाम रखा था।

चंपा, सच में ही चंपा थी। आमा फांक जैसा चेहरा। आंखें–  जामुन सी काली डालिम्ब जैसे दाँत ,तोरयी जसन कलाई–चार पाक जैसे गोदना और-‘ये सब बहुत सुंदर।

कई बार आम, जाम,अनार  उसने अपनी बाड़ी में रोपा पर  घर, घर  कहाँ —?घुसरी  मेंढी,बोकड़ी  — किस -किस से बचाये—,एक सेमी भी फल रहा था तो  उसे भी  बाहमन की   गाय चर  गयी।

जो हो अस्तु  अब तो उधार नहीं  न चुकायेगा पर कब तक–?

मुखिया भी कम हरामी नहीं  है

-‘बाप-दादा,खानदान को बखानता है–उसका तो कोठार भरा है पर पेट नहीं- ।

इन दिनों बारह महीने फसल तैयार होने से  जल्दी फसल काटने  के चक्कर में साहू बाबू   मजदूरों को दुहार रहे थे ट्रैक्टर में भर भर कर।

खेतिहर मजदूर भी कम नहीं  —

“रात भर जो पिलाये ,हम उसके साथ चले ” –बोलने वाले बड़ी सुबह जो गाड़ी  घर के सामने लगाये उसमें चढ़ते चले  ।किसकी गाड़ी, किसने बयाना दिया था –पता नहीं ।

फिर दिन बूड़े, भूति पूरे, मजूरी लिये चलते चले।

–बाबू,साहूकार  आपस में  झगड़ा-झंझटहोते रहो।

साहूकारों की स्थिति — एक नागनाथ दूसरा साँप नाथ-“-रात में  चोखनी भर पिलाओ, पैलक भात खिलाओ-और क्या –।

रात गई ,बात गई”

ऐसे तो मजदूर हैं–साहू बड़बड़ा रहे थे।रात को मंद,दिन में  पेज-पसिया–फिर  हफ्ता -दस दिन पड़े रहे-इसलिए तो डौकी मन तेतर कूटकर,महुआ बीन कर हाट-बाजार करें, राशन कार्ड  का चना गुड़ खाजा बनाकर बेचेंगे तो घर में  नून -तेल—

उस पर पुलिस  कैंप जगह -जगह ,–बाहर निकलना भी डर–

कौन, कब ,किसके सपड़  में  आए पता नही –फिर जन अदालत या कोर्ट-कचहरी–।

माता मावली–जुहार ,शरण-शरण।

गाँव में बजार -हाट औरतों के जिम्मे।चंपा की माँ  ने भी हाट- बाजार करके जो कमाई हुई थी उनसे”पैसा  माला” गहना बनाया पर चंपा को तो झुमका चाहिए –नए जमाने की लडकी –।वैसे तो नए जमाने के साथ खेत -खलियान छोड़कर शहर में रेजा -कुली खटने जाना सबको अच्छा  लगता है- टोंका -टोकी  सबको।

पर चंपा के शहर न जाने के पीछे  कुछ और ही बात थी –एक तो पटेल की बेटी ,दूसर उसके आँगन में सल्फी घेड़ा अभी-अभी पका है, तीसरा –  कांडाबारा–‘ के साथ ही थानेदार  वाली घटना ,अत्याचार–तब से डर गई है वह।

यही– उस दिन की बात है

पटेल के द्वारा आधीरात  में मुर्गा चोरी–धर-पकड़ के चक्कर में पेशी और थानेदार का हुज्जत

“साला चोरी करता है ,

“तेरे बाप  का माल है”

बहुत  चिचियाने के बाद भी पटेल को माफी नहीं मिली।

“-जुर्माना तो भरना ही पड़ेगा -कहने वाले थानेदार ने एक अजीब सा फरमान जारी किया–

“एक काम कर

“तू अपनी बेटी को भेज

बंगले की साफ-सफाई करने के लिए।  तेरी बेटी कुछ पैसे कमा भी लेगी -”

पटेल जुर्माना भरने को तैयार था पर साहब रकम की बात नहीं  कर रहे थे–थाने के चौकीदार ने समझाया –“साहब के घर कामवाली नही है ,भेज दे काम ही तो करना है —”

थके पाँव  पटेल घर पंहुचा और बाप-दादा के जमाने के शोषण की कथा नमक -मिर्च लगा कर सुनाने लगा –जंगल से बेदखल होने से लेकर बेगारी कराने तक की कहानी –‘अंत में चंपा के लिए साहब के घर काम करने जाने की बात भी एक आदेश की तरह रख दिया –इसके पहले की चंपा की माँ कुछ कहती चंपा तो बस जाने को तैयार —  उसने देखा है मेम साब, साहब लोगों का नया रंग -ढंग–साड़ी,  सलवार चूड़ी-फुंदरी ,स्नो -पावडर की चमक –फिर ये भी कि काम करने वाली को भी वे चकाचक रखती हैं  और एक से एक उतरन देती हैं–चंपा को नशा सा होने लगा -‘पल भर में  वो शहरिया  सलवार ,कमीज ,स्नो पावडर सब लगाकर चकाचक! जागती आंखों का सपना। -आज उसे अस्तू  की याद आ रही थी

” -‘भकुवा है समझता नहीं –।”

अगले दिन से ही झाडू-पोंछा के चक्कर में साहब के बंगले पर दिन -बूड़ा काम धाम।घर -आँगन बुहारना ,चाय-पानी करने के बाद भी छुट्टी नहीं —

।”साँझ  उतरली साहब,-

-हाँ  चले जाना—!

पर –जाने क्या हुआ?

जब अस्तु जंगल से लकड़ी काटकर लौट रहा था तो साहब के बंगले में चीख-पुकार मची थी –‘ खिड़की से झांका तो– झिका -टानी , गाली गलौज की आवाज सुनाई दे रही थी।

चंपा की आर्त- पुकार!थानेदार की डांट-फटकार -‘अस्तू तो सीधे भीतर पहुंचा “आओ देखा न ताओ —कुल्हाड़ी से खच्च कंधे पर वार किया–

-मर गया रे-!थानेदार की चीख- पुकार  को अनसुना करते हुए  वह तो सीधा थाने के सामने खड़ा हो गया-‘

“मैने मारा है थानेदार को” क्यों कि चंपा–

पर चंपा  –वह तो घर की ओर सीधा दौड़ पड़ी थी।

“क्या हुआ ,कैसे—-पुलिस साथी साहब के बंगले की ओर दौड़  पड़ी–”

गांव-गवंलियों  का मामला। एक प्राथमिक स्वास्थ्य  केन्द्र था ।एक कंपाउंडर । उसने अपनी समझ, दवा-दारू,मरहम- पट्टी कर ‘ साहब को नींद की गोली दे अपने कर्तव्य की पूर्ति कर ली ।

अस्तु  रात भर थाने के सामने खड़ा रहा।दोपहर को थानेदार ,थाने में  -‘फिर अस्तू  की दे कुटाई– जाति ,धर्म  ,माँ-बाप की गाली सो अलग -‘ थाने के पुराने हवलदार ने ही बीच-बचावो किया

“मामला अब पहले जैसा नहीं  रहा साहब–जाने दो इसे-“फिर सब की रजामंदी के बिना ही उसने अस्तू को इशारा किया  -जा$$$ –।

जाऊँ  –अस्तु  हैरान था। –फिर थानेदार को घूरता हुआ कुल्हाड़ी  हिलाते वह निकल गया ।साहब कुछ कहते कि हवलदार ने समझा दिया “”–मामला बिगड़ेगा तो थाने पर हमला हो जायेगा” -‘

साहब की नई -नई पोस्टिंग  हुई थी  –समझ गये कि इशारा नक्सलियों की ओर है। हमला हो ना हो पर डराने के लिए इतना ही काफी था।

अस्तु, जब पटेल के घर पहुंचा  –चंपा सल्फी पेड़ के नीचे  खड़ी  थी और पटेल – गांव के शोषण की गाथा — नदी -तालाब,वनोपज से बेदखल कहानी —

पहले तो भाई  -भाई का बंटवारा होता था अब तो नयी -नई कम्पनी  गांव  उजाड़  रही है–मुआवजा भी देते हैं  तो  –गाड़ी-मोटर ,मंद -कुकड़ा  – इन सबके बीच चंपा  सुबकती रही – कोई औरत दबी जुबान समझ रही थी उसे —

“ओगाय रहो –माटी की हांडी फूटेगी ही -‘कौन सी नई बात है”

–सरकारी बाबू–की।

अस्तु  सोचने लगा था कि सरकारी महकमें  मे सभी तो बुरे नहीं  होते–   -‘पर क्या  हो एक मछली भी सारे तालाब को गंदा कर देती है।

हालात की गंभीरता को देखते हुए अस्तु भी वहां से चुपचाप निकल गया था  -चंपा उसे  जाते दूर तक देखती रही –।

अस्तू को समझना मुश्किल  था

गबरू जवान, मेहनती और सबका चहेता पर गुमसुम ।पाकलो दाई ने तो उसे  बचपन से ही ऐसा देखा है ।अस्तु  को अपनी माँ से बहुत  लगाव था पर माँ—,कब तक  जुआरी ,शराबी आदमी की मार  खाती रहती –एक दिन

दूसरे आदमी का हाथ पकड़र चली गई  –।ऐसा करने वाली वह पहली औरत नहीं थी पर थी तो औरत –घर उजड़ने और  बच्चे  को अनाथ छोड़ने की बदनामी उसके  हिस्से ही आ गई’ तबसे  बालक अस्तू बाप के साथ बचपन से ही  घर संभाल रहा था और   बाप — -‘दो दिन कमाई,चार दिन सोना, आठ दिन मंद-कुकड़ा  -यही उसकी  पहचान बन गई थी ।एक और ‘डौकी’ भी लाया था

बाप पर साली ,वह भी भाग गई।

अस्तू  फ्रायड का सिद्धांत  नहीं   जानता था–पांच बरस के बालक में तबसे ही एक मातृग्रंथि विकसित हो रही थी ।माता की छाया उसे अन्य स्त्रियों के पास फटकने नही देती थी।

।कहते हैं-  बचपन की कुंठा या तो विकृति देती है या संत कवि बना देती है पर अस्तू न  तो जोगी था न भोगी–

इसके विपरीत चंपा परिस्थिति और संस्कृति के निकट थी।

–किशोरी बालिका बहुत कुछ पाना चाहती थी जबकि अस्तू  सब कुछ खो चुका था।

अस्तु अक्सर सोचता था  -‘भला उसे भी कोई  प्रेम कर सकता है–।

इन दिनों गांव में एक नया  ट्रेंड  चल निकला  था  –ज्यादा कमाई  के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन।टोका -पीला सब।

महीने भर में लौट आने कहने वाले– साल दो साल तक नहीं  लौटते–

सुनने में आया था कि महानगरों में पहुंचते ही मजदूरों का वोटर कार्ड ठेकेदार रख लेते हैं और जब तक काम पूरा न हो मांगते रहो  –ठेंगे से –।

पर हां कमाई तो कुछ  बढ़  गई थी।अस्तू को भी सब साथ चलने कहते पर वह टाल जाता “‘क्या जाना –‘अपना घर द्वार  छोड़ कर –“पर एक बात उसके जेहन में आती थी कि   — शायद शहरिया कमाई से ही साहू का कर्जा  चुकाया जा सकता है।

इधर  गांव में नई कम्पनी के साथ ,नई-नई मशीनें लग रही थीं ।खेती -भुईं  वालों को मुआवजा मिला’ फटफटी खरीदो और नौकरी भी– पर अस्तू तो भूमिहार हो गया था ,इधर खाई ,उधर कुआँ—।खेत उजड़ कर कारखाने बन रहे थे तो -‘खेती -किसानी काम भी नहीं ।नेता मन कहते हैं कि कारखाने में  बस्तरिया  लोगों को ही काम मिलेगा-स्थानीय–लोगों को–पर कम्पनी तो जाते ही भगा देती है —ट्रेंड नही हो–

शहर जाओ तो बाहमन पारा की दाई कहती है –‘चना ,गुड़ तिखूर बैचांदी-लाओ गाँव  से –तुम्हारे  आया -बुआ तो लाते थे —

अस्तू  क्या कहे –मामला पहले जैसा नहीं  रहा ।

चंपा  उदास थी ,अस्तु उदासीन।

कल तक जिस खेत पर मजूरी कर रहे थे आज — धौंकनी-के धुएं की धुरी पर अस्तू  जैसे  ही लोग  थे।

चंपा  कभी हिरणी सी चंचल थी पर थाने के हादसे के बाद वह  मूछ  -दाढ़ी  वाले  अलेख महिमा के साधुओं को भी देखकर डर जाती थी  -‘” बड़ा  ढंग नाच है” –संगवारी मन मन ही मन हँसती रहती थीं ।”

उस दिन भी आंगन बाड़ी की दीदी मिलने आई  पर उसे न निकलना था न निकली–। आंगनबाड़ी की दीदियां बाढ़ हो, सूखा पड़े  हैजा ,मलेरिया ,जचकी सब में  मदद को हमेशा हाज़िर ।च॔पा अक्सर सोचती कि – औरत जात सब एक समान चाहे वह टोपी लगाले या कि बंदूक तान ले –ये दिदियां सबका सामना कैसे कर लेती हैं —

इन दोनों दीदी उसे  ‘महिला सहायता प्रकोष्ठ, में रपट लिखाने तैयार  कर रही थी पर नहीं  –वह तो तैयार ही नहीं।

दीदी से मुलाकात तब भी हुई थी जब मां ने उसे घर से अलग दूसरे कोठार पर तीन नहान तक रखा था –वो दाई –दीदी  ने साफ -सफाई का तरीका और कुछ  कपास के पैकेट दिये थे –गांव  की औरत जात सब बड़े खुश —

पर थाना ,कचहरी –“नही-नहीं ई-‘रहने दो”

आगंन बाड़ी की दीदी परेशान हो गई थी  कि –वो  कैसे समझाये — थाना -कचहरी ,रिपोर्ट  ये सहायता के लिए  है — ।पर

कैसी विडंबना –पेट भरा हो तो इज्जत  और पेट खाली तो डर भय –।

चंपा के बढ़ते अवसाद का अब एक ही उपाय था   -सिरहा -गुनिया ,बैगा – की शरण–टोना -टोटका।बड़े मान-मनव्वल के बाद

सिरहा ने चांवर को मंत्र फूंका, दो दाना  चंपा  के मुँह  में फिर   –टोनहा -टोटका —

,”नज़र  लगी है ।अमावस की रात इमली तरे चूडी -फुंदरी अंडा  ,चोखनी भर सल्फी चढ़ाने  का –“पटेल राजी -‘सल्फी तो अभी रस दे ही रहा था । पचास रूपया चढ़ावा– देखकर गाँव गवलियों ने एतराज़  किया

“-‘दस-बीस देना था -‘तुम्  मन मंहगाई बढा रहे हो –”

आले दस -बीस कहाँ  –,पचास  देने से फिर बुलाने से आयेंदे”

-‘सल्फी  की कमाई  से अंटी   खनखना रही थी।कोई चिंता  नहीं–इतने के बाद भी चंपा ,–जस की तस।

उसे मचान,कोठार ,अंधेरा तीन रात और अंधेरे में जाड़ा तेल का दिया घुमाती माँ  ,बाघ-डुरका का डर  –काहे औरत है वो —-

“स्कूल क्यों छोड़ा –”

बस ऐसे ही –

‘माने–?चंपा को इसका जवाब न सूझा —

काहे को पढ़ेगी वो—?क्या हुआ ,उस रात –।

देख चुप रहने का नहीं–

तू सामने तो हम साथ में—

दीदी जानती थी   — सरकारी  योजना  का सच–जमीन चुप-आसमान चुप।

दूसरी ओर बाबू साब के धूप-  ओसारे धान की ढेरी लगी थी–गंवरिया भाई ,अपना पट्टा जो साहू के पास गिरवी पड़ा है लेने और,धान मंडी ले जाने खड़े थे  –साहू की  कड़क-धड़क  किसी को नही सुहा रही थी— पर  भूख से बड़ी  पीड़ा और पसीने से बड़ी  कीमत कुछ नहीं   ।

“रहते झोपड़ी में  इतराते महल पर –“साहूकारों  की खुसुर -फुसूर–

अस्तू सब सहन कर सकता था पर अपनी गाढ़ी कमाई –नही नहीं–अति की पराकाष्ठा  हो गयी– किसान कमिया और मालिक—तू,तू,मैं, मैं और हाथा -पाई,।पास ही कच्ची – दारू की भट्टी  -‘चीख -पुकार में  मैकेनिक, ड्राईवर,मजदूर सब जमा,

धक्का -मुक्की, मार -कुटाई

“मर गया रे,!ये आया! ,ये बुआ! –के बीच में   किसी ने  अस्तू को पीछे से खींचा —अस्तू  — मर गया रे–ढेंकी सार के पीछे गिरा

,”चुप-चुप,मुँह बंद कर , —मेरी सौगंध” कौन–चंपा –”

धान कूट रही थी ढेंकी सार में — आवाज सुनकर– देखा तो—-

अस्तु  कुर्ता झाड़े खड़ा  हो गया

–माटी किरिया ,जो तू बाहर गया तो –मेरी कसम  ,बाहर मत निकलना –

चंपा की व्याकुलता देखकर बड़े  स्नेह से अस्तू  बोला

” — तेरी कसम जो सांझ से पहले बाहर निकला तो।

चंपा निहाल हो गयी ।

सुबह घर से निकला आदमी और घोंसले से निकला पंछी, दिन के दर्पण में कब तक कैद रह सकते  थे— बाहर निकलते ही’ घसू ‘ ने ही पहले माफी मांगी–पर माँ  को धंधेवाली कहे तो  कौन छोड़ देगा –!

माँ ने दूसरा घर किया तो किया — कौन बाप भी मेरा अच्छा  है  कहने वाला अस्तू  भीतर से टूट रहा था  —  –  ।

जब घर पंहुचा तो चूल्हा  ठंडा ,बाप मदहोश –आज अस्तू  को  फैसला करना ही था—गांव में  रहे या कमाने  शहर चला जाए।

घटना की दूसरी सुबह–चौपाल में  पुलिस-गाँव वाले जमा–

अस्तू  सामने—” यही है इनका सरगना “-

-‘पुलिस मोबाईल पर थी –उसे छोड़   — –अच्छा  तू है–!

रिपोर्ट के लिए थाना जायेगा या यहीं बयान निपटायेगा —

“उधार में  टंका गिनो और वसूली में टंगिया मारो”

-‘अब नही चलेगा —

अस्तु पुलिस के सामने था पर माफी मांग रहा था घसू–

“अब गलती नही होगी साब !माफी करो ,भूल हो गई–अस्तू  हैरान! –आये दिन पुलिस की कुटाई खाने वाला, आज एक घुड़की से घबरा गया ।

तू और तू –अब बारी अस्तू  की —

धंधेवाली कहता है साहब–

“अरे छोड़  धंधेवाली कह दिया तो कह दिया –तेरा बाप मंदहा ओकर डौकी फरार –”

“देख उधार तो वसूल करेगा ही –नही दोगे तो  –तो तुम्हारी  औरत को रात भर थाने में—-‘फिर जानते हो न–अस्तू   तू तो जानता है –क्यों –? –अब की नहीं  छुडाऊंगा—-”

हठात् अस्तू  के सामने  जैसे चंपा रोती  खड़ी  हो गई —

“करजा लिये हो  ब्याज चुकाओ “यही दुनिया की रीत है—-के बीच अस्तू ने भी मुंडी  हिलाकर माफी मांग  ली।साहूकारों  की बाछें खिल गईं।

साहू  गरज रहा था –पट्टा ले जाओ,धान बेचो ,ब्याज भरो ,चाहो तो  बीज के लिए नया कर्जा ले  लो ,–।लो चा -चू पियो और जाओ-

‘हम लोग भी तो मानुष है ,धंधा करते हैं-‘–झंगड़ा-झंझट –काहे–!

इस सब के बीच चौपाल

के पीछे  बकरा पक रहा था –ना रिपोर्ट, न गवाही  मुखिया ,चौपाल के  न्याय  का वीडियो  बनाकर  अपने वाट सप ग्रुप मे वायरल कर रहा था ।

‘अब क्या सोच रहे हो–,घसू, पूछ रहा था  ।

अस्तू –क्या सोचना –?

दूसरी सुबह काले -पोखर के पास किसी ने आवाज़ लगाई

–कौन –?पास जाकर देखा –चंपा– ।– गांव  छोड़े जा रहे हो—-अस्तू चुप–

कब लौटोगे -‘?

पता नहीं —।फिर –?फिर क्या –?बाबा कह रहे थे –नई सरकार ने कर्जा माफ कर दिया है —सही–पर महाजन का कर्जा–!

कोई  गांव  छोड़े ,मैं न छोड़ूं –कहते थे न–अस्तु  तिलमिला उठा!

“तू समझती नहीं  ,ये भगवान का इशारा है ,किसान पत्थर से फसल और  पाताल से पानी निकाल सकता है -‘फिर डर काहे”यहां दिन -रात खटो ,मां-बहन की गाली खाओ—-चंपा रोने लगी पर अस्तु पलटा तक नहीं ।

शहर तो वह कई बार गया था। पर यह– महानगर– दशहरा, गोंचा– नहीं रोजी रोजगार की तलाश थी-‘अपने बाप के बालसखा  ‘सोमाए दादा, का पता  पूछता जब  वह पहुंचा   सोमाय ने उसे देखते ही पहचान लिया—

न दियारी  ना दशहरा फिर—।

अस्तू  ने  अपनी राम कहानी सुनाई।सोमाय गांव को  जानता था पर अस्तु महानगर को नहीं जानता था  ।

सोमाय ने भरोसा दिलाया –

-काम मिल जाएगा।शहर किनारे एक स्कूल बिल्डिंग बन रही थी। सोमाय वहां चौकीदार करता था और अस्तु को मिल गया कुली का काम ।

खेती किसानी करने वाले के लिए , ढेला-पत्थर-ढोना सहज नही – था–उसे लगता था कोई  और काम मिल जाये तो —समय का फेर–एक अच्छा शगुन —

सोमाय को एक बड़े ठेकेदार अपने साथ ले गये  और  जाते -जाते —सिफारिश  — और अस्तू  की झोली में  चौकीदारी —

“वो झूलेलाल — “सिंधी ठेकेदार का भला हो —

देखते ही देखते अपनी विनम्रता  से अस्तु   –चकाचक  स्कूल मैनेजर का चहेता बन गया ।टोपी ड्रेस– चौकीदार–! आते -जाते साहब को नमस्ते करना– अस्तू को अच्छा लगने लगा।

स्कूल मैनेजर ,साहूकारों जैसे अधर्मी  नहीं थे हंसकर सलाम का जवाब देते हैं  –सोचकर वो खुश था।रात भर” जागते रहो” कहने वाले अस्तु को अब  कभी-कभी  गांव की याद आ जाती थी  स्कूल बिल्डिंग बनाने वाले कारीगर पूरे परिवार  के  साथ कोलकाता से आए थे। टीन- शेड क्वाटर। मजदूरों की बस्ती। सुबह से लेकर शाम तक– कभी-कभी रात के लाइट में भी वे  स्कूल बिल्डिंग का काम करते थे।सुना है दो साल से यहीं काम कर रहे हैं ।पिछले साल टिंकू का जन्म यहीं हुआ था। न दाई, ना डाक्टर, टीन कनस्तर। टिंकू।

जब जिंदगी थोड़ी

संभलने लगी  तब अस्तू  को गांव और चंपा की याद सताने लगी–

कांडाबारा के  दिन उसने एक कंघी भेंट की थी  — चंपा ने उसे अपने बालों खोसा –यह क्या? —

फूल है–?अस्तु ने शरारत की थी।

और चंपा शर्मा गई थी। संगवारी हंसने लगी थीं-ये लड़कियां इतनी हंसती क्यों  हैं–?ऐसा सोचते हुए अस्तू को इस पल आभास हुआ कि– प्रेम ही जीवन है और प्रेम की असफलता मृत्यु।

काश!तब वह चंपा से यह कह पाता।गारा ,उठाने वाली” काली” उसे चंपा सी लगती थी– यदि चंपा चोटी बना ले और बड़ी सी टिकुली लगा ले तो काली भी चंपा से पीछे रह जाए।

कभी -कभी माँ  की लोरी उसे बुलाती थी– — इस बार वह गांव जाकर  माँ  से  जरूर मिलेगा।

अस्तू को पता नहीं था कि निर्माण कार्य में एक बड़ा विरोधाभास होता है।जैसे-जैसे काम पूरा होता है ,मालिक की खुशी और मजदूर की उदासी बढ़ जाती है  ।

इस सोच में–कि टाटा -बाटा उठाओ,नये सिरे  से काम की तलाश करो — बंगाली टीन- शेड उखाड़ने के दौरान काली की मां  अपने आदमी से कह रही थी —

अब के कोई  स्थायी काम ढूँढो– –

!काली उसकी बहू टिंकू, अस्तू सब उदास थे।

जाते-जाते काली और बहू सब मिलने आए –अस्तू हैरान कि   उसकी आंखों  में भी आंसू थे  —

काम की समाप्ति  पर  लोहा-लक्कड़,टीन-टप्पर –बचा सब कुछ चोरी -छुपे मजदूरों  ने कबाड़ी को बेच दिया था –शुरू में  अस्तु  मना करता था पर नोट की गड्डी ईमानदारी  की परिभाषा  बदल देती है –पकड़ में  आओ तो मैनेजर साब के सामने भले बन जाओ और नहीं  तो –ठनठनाहट–आज फिर मां याद आ रही थी

। नहीं वह भी गांव जाकर आएगा –यह ठानकर वह मालिक के सामने खड़ा हो गया।

क्यों—- तुम तो चौकीदार हो।

और चौकीदारी कहाँ  खतम होगी  —नहीं  नहीं–।

नहीं साहब कुछ दिनों के लिए गांव जा के आऊंगा–कुछ  कर्जा चुकाना है– फिर लौट आऊंगा।

अस्तू  जैसा  ईमानदार चौकीदार  — मालिक उसे छोड़ना नहीं चाहते थे पर “ठीक है जल्दी  लौटना–”

औकात के अनुसार पैसे की गड्डी उठाकर अस्तू सीधे गांव की गाड़ी पकड़  लिया।भीड़-भाड़ से उठकर गांव की गलियां सूनी लग रही थी। काली पोखर कुछ और  सूख गई थी।सीधे  मां के पास -पहुंचा-

‘ये आया ,मोचो बेटा’

–मां  की रूलाई फूटने लगी  थी –

मां ने ही अस्तू को बताया कि

–तेरे जाने के दिन ही चंपा ने जहर पी लिया था –वो तो आंगन बाड़ी की दीदी ने उल्टी ,दवा-दारू कराकर  उसे  बचा लिया नहीं तो —।अस्तु अपने को कोसने लगा–

हाय री चंपा! मैं ही तेरा दोषी हूँ ।—अस्तु के जाने के बाद देखभाल  के अभाव में  उसका बाप भी पी-पी कर मर गया था।

अस्तु ने आते ही साहू का आधा कर्जा  चुका दिया– चंपा का  बाप तो जैसे अस्तु  को जुवांईं बनाने तैयार ही खड़ा हुआ था –

और जिस दिन अस्तु दूल्हा बना याचक की तरह खड़ा हुआ

चंपा गुस्साती रही —काहे छोड़ गया था–?मिलन की रात चंपा ने अस्तू  से वादा ले ही लिया कि—‘अब छोड़  के मत जाना—‘।अगली सुबह माथे पर बड़ी  सी टिकुली लगाये  चंपा ,काली से अधिक सुदंर लग रही थी–।

साहू गृहस्थी जमाने के नाम पर कुछ नया कर्ज लेने के लिए  उकसा रहा था पर अस्तु अब उसकी चालाकी में नहीं फंसेगा–।अस्तु ने झोपड़ी की छत खोलकर टीन -शेड बिठा दिया। कबाड़ी की दुकान से औने -पौने दाम लोहे की एक पलंग और दो फोल्डिंग कुर्सियां भी ले आया  ।

गैस चूल्हा था ही सिलेंडर भी–

साहू ने गैस कार्ड लौटा  दिया —

“भला फलते पेड़ को भी कोई  काटता है –“अस्तू  का ठाठ देखकर गांव वाले हैरान थे।

पूंजी  पर ब्याज देने की ताकत आ जाने से साहू ने अपना पुराना पोर्टेबल टी वी इस ताकीद के साथ उसके घर पहुंचाया कि

पैसा आने पर दाम चुका देना।

महीना चार महीना गांव-शहर का  अस्तू अब गांव वालों के  लिए  चौकीदार साहब हो गया था ।

चंपा की बेहोशी और जहरखुरानी अब नहीं  रही–साहू  कहता था ” गांव -शहर दोनों  बनाये  रखो –।”

पर मुखिया की सलाह अलग थी –नई-नई सरकारी योजनाओं  पर काम करने की –‘वे गांव  छोड़  कर जाने वालों को वापस बुला  रहे थे–।

पर–अब अस्तु को साहू अच्छा लगने लगा था-भला क्या धंधा करता है वो –?

सत्य का मदारी उसके दरवाजे सामने खड़ा  था ।

संतोष झांझी

MO-9770336177

भिलाई, छत्तीसगढ़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *