रमेश कुमार रिपु की एक पल में कहानी बताती है कि सच्चा प्रेम हमेशा साथ रहने का नाम नहीं है। कभी-कभी कुछ पल इतने गहरे और अनमोल होते हैं कि वे पूरी जिंदगी का हिस्सा बन जाते हैं।प्रेम का अर्थ किसी को भूल जाना नहीं, बल्कि उसकी स्मृतियों का सम्मान करते हुए जिंदगी में आगे बढ़ना है। कुछ लोग जीवन से चले जाते हैं, लेकिन दिल में हमेशा जीवित रहते हैं। लेखक ने राहुल के चरित्र के माध्यम से आधुनिक वैश्विक जीवन में बसे भारतीय मनुष्य की उस आंतरिक संघर्षशीलता को उकेरा है, जो भौगोलिक दूरी के बावजूद अपने सांस्कृतिक और भावनात्मक मूल्यों से जुड़ा रहता है।
एक पल में \ कहानी
कुछ पल घड़ी में नहीं होते…वे सीधे जीवन में दर्ज हो जाते हैं। राहुल ने जब पहली बार प्रिया की ओर देखा, उसी क्षण उसे लगा,समय ने अभी-अभी दिशा बदली है। एक सच यह भी है कि ज़िन्दगी में प्रेम कभी घोषणा करके नहीं आता।वह भीड़ के बीच चुपचाप दो लोगों को चुन लेता है।उस दिन उसने राहुल और प्रिया को चुना।
राहुल लंदन में रहता था। उम्र ढलान पर नहीं थी, घर वालों की नज़र में अब विवाह योग्य हो चुकी थी। माता–पिता बार-बार विवाह की बात छेड़ते, रिश्तों के प्रस्ताव आते,लेकिन राहुल हर बार शांति से एक ही उत्तर देता,“मैं शादी ज़रूर करूंगा, लेकिन भारतीय लड़की से। ऐसी लड़की जो भारतीय संस्कारों को समझती हो, रिश्तों को निभाना जानती हो। वही मेरे जीवन को बेहतर बना सकेगी।”

लंदन की चकाचौंध भरी दुनिया में रहते हुए भी राहुल का मन वहाँ की जीवनशैली से पूरी तरह नहीं जुड़ पाया था। उसे लगता था कि यहाँ रिश्ते बहुत जल्दी टूट जाते हैं, तलाक जैसे निर्णय बहुत सहजता से ले लिए जाते हैं। लड़कियाँ बहुत ही आजाद ख्यालों की होती हैं। उनके साथ मेरा दाम्पत्य जीवन बहुत दिनों तक नहीं चल सकता। मैं सुशील,संस्कारी और सभ्य लड़की को अपना जीवन साथी के रूप में चुनना चाहता हूँ। जो मुझे और मेरे माता को भी समझे। मेरे परिवार से और मुझसे प्यार करे। हमारी धन दौलत और बिजनसे को देखकर मुझे अपना पति न चुने। उससे घर वाले जब भी शादी की बात करते तो वह दो टुक कह देता यहाँ की लड़कियाँ मुझे पसंद नहीं है। मेरे जीवन में जब भी कोई मेरी पसंद की लड़की आयेगी तो मै आप सब को बता दूंगा। मुझसे बार-बार शादी करने की बात मत किया करो। मुझे कोफ्त होती है।
अंततः घर वालों के बढ़ते दबाव से बचने के लिए उसने एक रास्ता निकाला।
“मैं अभी शादी नहीं कर रहा। इंडिया जा रहा हूँ,बिज़नेस के सिलसिले में।”
लेकिन सच यह था कि राहुल इंडिया नहीं गया। वह अमेरिका चला गया,खुद से,अपने सवालों से, और शायद शादी के दबाव से दूर भागने के लिए।अमेरिका से लौटते समय,हवाई जहाज में उसकी सीट के बाजू में एक युवती बैठी थी,प्रिया।
साधारण भारतीय परिधान, सलीके से बंधे बाल और आँखों में सहज अपनापन। राहुल की मौजूदगी पर प्रिया की नज़र पड़ी तो वह अनायास ही उसे देखती रह गई।
“कितना हैंडसम है,” वह मन ही मन सोचने लगी।
“काश,यही मेरा पति होता।”
फिर तुरंत ही एक और ख्याल उभरा,“पता नहीं यह कहाँ रहता होगा। अगर लंदन में रहता हो तो कितना अच्छा हो,लंदन देखने को मिल जाएगा।”
कल्पनाओं की उसी धारा में बहते हुए, जब वह ऊपर के लगेज बॉक्स में अपना बैग रखने लगी, तभी उसके हाथ से एक किताब फिसलकर नीचे आ गिरी,सीधे राहुल की गोद में।
राहुल ने किताब उठाई।
धर्मवीर भारती की ‘गुनाहों का देवता’।
उसके चेहरे पर हल्की-सी मुस्कान फैल गई। उसने पहली बार गौर से प्रिया को देखा।“यह लड़की भारतीय है,” उसने मन में सोचा,“और सिर्फ़ भारतीय ही नहीं,संवेदनशील भी है।”
प्रिया की पसंद ने राहुल के भीतर कुछ जगा दिया। उसे लगा, यही वह स्त्री है, जिसे वह जीवन संगिनी के रूप में देख सकता है।
यात्रा के दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई।
शौक़,आदतें,परिवार,जीवन के मूल्य,धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे को जानने लगे।राहुल को प्रिया में वही भारतीय संस्कार दिखे,जिनकी वह तलाश कर रहा था।बातों ही बातो में राहुल ने पूछा,“तुम अमेरिका में डॉक्टर बनने आई हो। अब डॉक्टर की डिग्री भी मिल गयी है। यह बताओ अमूमन डॉक्टर लोग धर्म को नहीं मानते। पूजा पाठ से दूर रहते हैं।क्या तुम भी ईश्वर को नहीं मानती।”
प्रिया चहककर बोली,“अभी तक हमने जो बातें की क्या उससे कहीं आपका लगा कि मैं नास्तिक हूँ। माई डियर मै भारतीय महिला हूँ। मैने अपने घर के संस्कार नहीं भूले हैं। मेरे घर में रोज सुबह-शाम आरती होती है।वो भी नियम कायदे से। सत्यनारायण की कथा भी होती है। हनुमानजी का बर्थ डे बेहद उत्साह से मनाया जाता है। कृष्ण जन्माष्टमी भी। हमारे यहाँ हर हिन्दू त्यौहार मानाए जाते हैं। कहो तो मैं आप को गायत्री के मंत्र से लेकर हनुमान चालीसा या फिर दूर्गा चालीसा सुना दूं। मेरे फादर आदित्य बिड़ला बिजनेस मेन हैं। लेकिन हमारे यहाँ धार्मिक संस्कार कूट- कूट कर सब में भरा है।”
राहुल ने हँसते हुए कहा,‘‘ मंत्र तो बाजार में किताबें खरीद कर कोई भी पढ़कर याद कर सकता है। यदि वाकई में आप के यहाँ धार्मिक परंपरा को बड़ी निष्ठा और श्रद्धा से निभाया जाता है तो मेरे सवालों का जवाब यदि दे दीं तो मैं समझूंगा जो कह रही हो वो सब सच है।”
“पूछिये क्या पूछना चाहते हैं?”
राहुल ने कहा,“ये बताओ कितने शक्तिशाली हिन्दू प्रतीक हैं।”
प्रिया ने कहा,“हैं तो बहुत लेकिन 12 ही मान्य हैं।”
राहुल ने कहा,“हिन्दू धर्म को मानने वाले हर मंत्र का जाप करने से पहले ओम् कहते हैं। इसका क्या मतलब है।”
“यह ब्रम्हांड का आदिम कंपन 3 शब्दांश जीवन की विभिन्न त्रिमूर्तियों और चेतना की चार अवस्थाओं का प्रतीक है। छह कोंण वाला सितारा सृजन का प्रतिनिधित्व करने वाला पौरुष और स्त्रित्व के मिलन की ऊर्जा का प्रतीक है।आठ नोक वाला सितारा देवी लक्ष्मी के आठ स्वरूपों और आठ दिशाओं का प्रतिनिधित्व करता है। हम सभी हिन्दू अपने अपने घरों में हर शुभ काम के अवसर पर शुभ -लाभ यानी स्वास्त्कि का चिन्ह प्रवेश द्वार पर बनाते हैं। यह चार दिशाओं,चार ऋतुओं,अनंत काल और ब्रम्हांड की चक्रीय प्रकृति का प्रतीक है।”
“अरे वाह,मुझे लगा अमेरिका में डॉक्टर की पढ़ाई करने वाली लड़की रेस्टोरेंट की खाने -पीने की चीजों के अलावा कुछ नहीं जानती होगी।”
“लंदन और अमेरिका वाली लड़कियाँ अभी तक समझ रहे थे तो अपनी सोच बदल दो। ऐसा नहीं है कि लंदन में रहने वाली भारतीय लड़कियों अपने संस्कारों को भूल जाती हैं। कुछ अपवाद हो सकती हैं।”
हवाई यात्रा के अंत तक दोनों के मन एक साझा भविष्य की ओर बढ़ चुके थे।
राहुल ने कहा,“अब डॉक्टर बन गयी हैं। जाहिर सी बात है अपने घर जाओगी तो वहाँ आप के लिए कोई लड़का देखा जाएगा या फिर हो सकता है घर वाले पहले से देख रखे हों। शादी के बारे में आप का क्या ख्याल है? अपने घर वालों की पसंद के लड़के से शादी करना जाजय समझोगी या फिर इस मामले में लंदन और अमेरिका जैसी सोच है।”
“मेरे घर वाले शादी से पहले एक बार मेरी पसंद और नापसंद जरूर जानना चाहेंगे। अभी शादी के बारे में कुछ सोचा नहीं है। लेकिन मैं चाहती हूँ,मेरी शादी यदि होती है तो लंदन में हो। मैं लंदन को करीब से देखना चाहती हूँ । यह मत कह देना कि वहाँ कुछ दिन रहकर भी लंदन को देख सकती हो। लंदन की बहू बनकर वहाँ रहना चाहती हूँ। बशर्ते लड़का मेरे ख्यालों वाला हो। हैण्डसम हो,स्मार्ट हो,संस्कारी हो,मेरे माता-पिता की इज्जत करना जानता हो। घर परिवार को एक साथ लेकर चलने की चाह रखता हो। सभी को रिस्पेक्ट दे।”
राहुल ने मुस्काते हुए कहा,“आप अन्यथा न लीजियेगा। मैं आप को कैसा लगता हूँ\ मेरा अपना बिजनेस है,कपड़े और ज्वेलरी का। मेरे घर मे बुजुर्ग माता- पिता हैं। एक छोटी सी बहन है। हमारी बहुत बड़ी फेमली नहीं है। ज्यादातर रिश्तेदार इंडिया में रहते हैं।”
मन ही मन प्रिया भी चाह रही थी कि राहुल ही उसे प्रपोज करे तो अच्छा रहेगा। जब राहुल ने कहा मैं आप को कैसा लगता हूँ। तब प्रिया समझ गयी कि इसके मन को मैं भा गयी हूँ। लेकिन उसने स्पष्ट शब्दों में कही,मेरी शादी की दो शर्त है। यदि आप और आपके घर वाले मेरी शर्तो को मान लेते हैं तो ही मैं शादी के लिए राजी हो सकती हूँ।”
राहुल ने उत्सकुता से पूछा,“कौन सी शर्त है आपकी.?”.
प्रिया ने स्पष्ट शब्दों में अपनी शर्त रखी,“अगर तुम मुझसे शादी करना चाहते हो, तो मंगनी इंडिया आकर करनी होगी।रिंग सेरेमनी खजुराहो में होगी, और शादी लंदन में।”
राहुल बिना हिचक सहमत हो गया।उसने एक पल की भी देर नहीं किया। तुरंत अपने मोबाइल से प्रिया की एक तस्वीर खींचा और उसे अपनी छोटी बहन के मोबाइल पर सेंड कर दिया। और नीचे लिखा,“ मैं तुम्हारी होने वाली भाभी की तस्वीर भेज रहा हूँ। बताना कैसी लगी तुम्हें तुम्हारी भाभी। अमेरिका से डॉक्टर की पढ़ाई कर मेरे साथ इंडिया जा रही है।”

थोड़ी देर में राहुल के लंदन वाले घर का कोना- कोना झूम उठा। खुशियों से नाच उठा। राहुल की माँ ने कहा,‘‘ ईश्वर ने मेरी सुन ली। अब मैं बहु के साथ सत्यनारायण की कथा सुनूंगी।”
निर्धारित समय पर दोनों परिवार मिले।खजुराहो की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि में रिंग सेरेमनी हुई।दो परिवार, दो संस्कृतियाँ, और अनगिनत सपने,सब कुछ बेहद सुंदर लग रहा था।शादी के लिए प्रिया का पूरा परिवार लंदन जाने की तैयारी में जुट गया।खुशियाँ हर चेहरे पर थीं।
प्रिया के माता-पिता संतुष्ट थे कि बेटी को लंदन में रहने वाला अच्छा दामाद मिला है।और राहुल के माता-पिता प्रसन्न थे कि बेटे की पसंद की, संस्कारों वाली बहू उन्हें मिल रही है।
हवाई जहाज में सभी सवार हुए।जहाज ने उड़ान भरी।और…कुछ ही देर बाद..वह क्रैश हो गया।
लंदन में राहुल उस दिन ऑफिस में था।किसी ने आकर कहा,“राहुल, टीवी ऑन कीजिए,एक फ्लाइट क्रैश की खबर है।”
टीवी ऑन करता है।ब्रेकिंग न्यूज़ चल रही थी,“एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान हादसे का शिकार, कोई भी जीवित नहीं बचा।”
राहुल के हाथ से रिमोट गिर पड़ता है।वह जानता था,उस जहाज में कौन था।प्रिया और उसका पूरा परिवार।एक पल में सब कुछ खत्म हो गया।सपने, भविष्य, शादी..सब।
कुछ दिनों बाद, राहुल ने घर वालों से बहुत शांत स्वर में कहा,“मैं अब शादी नहीं करूंगा।प्रिया के साथ बिताए वे कुछ पल मेरी पूरी ज़िंदगी के लिए काफ़ी हैं।वे पल अनमोल हैं, अमूल्य हैं।”
वह थोड़ी देर चुप रहा, फिर बोला,“मैं उन यादों के सहारे कब तक जी पाऊँगा,यह मैं खुद नहीं जानता।
लेकिन आप लोग मुझसे शादी की बात दोबारा न करें।”
घर में सन्नाटा था।और राहुल की ज़िंदगी में,एक ऐसा खालीपन, जो एक पल में जन्मा था,और शायद उम्र भर साथ रहने वाला था।राहुल जब भी तन्हाइयों में होता प्रिया के साथ गुजारे पुराने पलों में खो जाता। खजुराहो से आने के बाद राहुल और प्रिया पहली बार खुले मन से एक-दूसरे के सामने थे। पत्थरों पर उकेरी गई सदियों पुरानी मूर्तियाँ, मंदिरों की शांति और हवा में घुला इतिहास,सब कुछ मानो उनके भावों का साक्षी बन गया था।
रिंग सेरेमनी से एक दिन पहले,दोनों सुबह-सुबह लक्ष्मण मंदिर के प्रांगण में बैठे थे।
प्रिया ने धीमे स्वर में कहा,“इन मूर्तियों को लोग सिर्फ़ देह से जोड़ते हैं, लेकिन देखो..इनमें प्रेम की गहराई है,समर्पण है।”
राहुल ने उसकी ओर देखा।
“शायद इसलिए मुझे खजुराहो अच्छा लग रहा है।” उसने मुस्कराते हुए कहा,
“यहाँ प्रेम छुपाया नहीं जाता,स्वीकार किया जाता है।”
प्रिया हल्के से शरमा गई।
“और तुम?”
“मैं?”
“तुम अपने प्रेम को स्वीकार कर पाओगे?”
राहुल ने बिना किसी झिझक के कहा,“मैं तो कर चुका हूँ, प्रिया।”
वह पल शब्दों से आगे का था।
प्रेम, जो शब्दों से पहले महसूस होता है,खजुराहो की रातें कुछ अलग थीं।यहाँ अँधेरा भी उजाला लगता था और हवा भी कोई अधूरी बात कहती हुई बहती थी।रिंग सेरेमनी के बाद राहुल और प्रिया मंदिरों के प्रांगण में बैठे थे। पत्थरों पर पड़े चाँद के टुकड़े मानो उनके मन के भावों को पढ़ रहे हों।
प्रिया ने धीरे से पूछा,“राहुल… जब मैं लंदन आऊँगी, तो तुम मुझे कहाँ-कहाँ ले जाओगे?”
राहुल मुस्कराया। यह मुस्कान किसी योजना की नहीं, किसी सपने की थी।
“सबसे पहले मैं तुम्हें थेम्स नदी के किनारे ले जाऊँगा। वहाँ बैठकर हम बिना बोले बातें करेंगे।
फिर तुम्हें लंदन ब्रिज दिखाऊँगा,जहाँ हर दिन हजारों लोग आते-जाते हैं, लेकिन मैं चाहूँगा कि उस भीड़ में तुम मुझे अकेली दिखाई दो।”
प्रिया उसकी बातों में खोती चली गई।
“मैं तुम्हें हाइड पार्क ले जाऊँगा,” राहुल बोलता रहा,“जहाँ तुम घास पर बैठकर किताब पढ़ोगी और मैं तुम्हें चुपचाप देखता रहूँगा।क्रिसमस के दिनों में सड़कों की रोशनी दिखाऊँगा, और सर्दियों में तुम्हारे ठंडे हाथ अपनी जेबों में छुपा लूँगा।”
प्रिया की आँखों में एक नमी उतर आई।
“और मैं?” उसने पूछा,
“मैं तुम्हारे जीवन में कहाँ रहूँगी?”

राहुल ने बहुत धीमे, लेकिन बहुत सधे स्वर में कहा,“जहाँ मेरी थकान खत्म होती है.. वहीं।”
संकोच और विश्वास के बीच कुछ देर की चुप्पी के बाद प्रिया ने अचानक एक सवाल किया।
“राहुल… एक बात पूछूँ?”
“पूछो।”
“लंदन में रहते हो, तो क्या तुम मुझे अपनी गर्लफ्रेंड से नहीं मिलवाओगे?”
उसकी आवाज़ में हँसी थी,लेकिन आँखों में डर।
राहुल चौंक गया।
“ऐसा क्यों सोचती हो?”
प्रिया ने निगाहें झुका लीं।
“सुना है,लंदन में जो रहता है, उसकी कोई न कोई गर्लफ्रेंड ज़रूर होती है।रिश्ते वहाँ जल्दी बनते हैं,और जल्दी बदल भी जाते हैं।”
राहुल ने उसका हाथ थाम लिया। यह स्पर्श आश्वासन था।
“मेरी ज़िंदगी में कोई ऐसी खास गर्लफ्रेंड नहीं है प्रिया।”
फिर कुछ ठहरकर बोला,“कॉलेज के दिनों में दो-चार लड़कियाँ थीं,दोस्ती जैसी।वे चाहती थीं कि मैं उनसे शादी करूँ,लेकिन मैंने साफ़ कह दिया था,मुझे भारतीय लड़की ही पसंद है।ऐसी लड़की,जो रिश्तों को निभाना जानती हो,बदलना नहीं।”
प्रिया ने उसकी ओर देखा।
“और अब?”
“अब,” राहुल ने मुस्कराते हुए कहा,“मेरे जीवन में जगह सिर्फ़ तुम्हारी है।”
रिंग सेरेमनी के बाद आँखों में भविष्य के सपने थे।प्रिया ने कहा,“लंदन में ज़िंदगी बहुत अलग होगी, है न?”
राहुल बोला,“हाँ, लेकिन अगर तुम साथ हो, तो हर जगह अपना घर लगेगा।”
प्रिया ठहर गई।
“और अगर कभी मैं उदास हुई?”

राहुल ने बहुत सहजता से कहा,“तो मैं तुम्हें इंडिया घुमाने ले आऊँगा,क्योंकि तुम इंडिया जैसी ही हो,गहरी, भावुक और जीवंत।”
प्रिया की आँखें भर आईं।
खजुराहो से लौटने के बाद राहुल वापस लंदन चला गया।अब दोनों के बीच दूरी थी, लेकिन बातचीत पहले से अधिक गहरी हो गई थी।रोज़ रात को फोन पर बातें होतीं।
प्रिया कहती,“आज मम्मी ने शादी की साड़ी दिखाई,सोच रही थीं कि तुम पर कौन-सा रंग अच्छा लगेगा।”
राहुल हँसता,“जो तुम पहनोगी, वही रंग मेरे लिए शुभ होगा।”
कभी-कभी प्रिया भावुक हो जाती,“डर लगता है राहुल,सब कुछ इतना अच्छा है कि कहीं नज़र न लग जाए।”
राहुल आश्वस्त करता,“हम साथ हैं,प्रिया।और जब दो लोग पूरे मन से साथ होते हैं,तो दुनिया की कोई नज़र उन्हें तोड़ नहीं सकती।”
शादी से कुछ हफ्ते पहले राहुल इंडिया आया।इस बार वह सिर्फ़ बिज़नेस के लिए नहीं, बल्कि अपने भविष्य से मिलने आया था।प्रिया उसे वाराणसी ले गई।गंगा आरती के समय, उसने राहुल से कहा,
“देखो, हर दीया अकेला है,फिर भी सब मिलकर उजाला करते हैं।”
राहुल ने कहा,“हम भी वैसे ही होंगे।”
फिर दोनों जयपुर गए।हवा महल के सामने प्रिया ने हँसते हुए कहा,“राजकुमार और राजकुमारी जैसे लग रहे हैं हम।”
राहुल ने मज़ाक में कहा,“तो फिर वादा करो,कभी अपना किला नहीं छोड़ोगी।”
प्रिया बोली,“अगर तुम साथ रहोगे, तो किला क्या,पूरी दुनिया छोड़ दूँगी।”
शाम को कॉफ़ी पीते हुए, राहुल ने उसका हाथ थाम लिया।यह पहला स्पर्श था,संकोच भरा,लेकिन पूर्ण।
लंदन लौटने से पहले एयरपोर्ट पर प्रिया ने कहा,“अब बस कुछ दिन,फिर हमेशा के लिए साथ।”
राहुल ने उसके माथे पर हाथ रखा,“हमारी कहानी बहुत छोटी है, प्रिया,लेकिन बहुत गहरी है।”
प्रिया मुस्कराई,“छोटी नहीं,बस क़ीमती।”
और सचमुच, पल छोटे थे,लेकिन इतने मूल्यवान कि राहुल की पूरी ज़िंदगी उन्हीं स्मृतियों में सिमट गई।रिंग सेरेमनी के बाद राहुल के माता–पिता भी लंदन चले गए।अब घर में शादी की बातें थीं, योजनाएँ थीं,और भविष्य की कल्पनाएँ थीं।माँ हर दिन किसी न किसी रिश्तेदार को फोन कर कहती,“बहू बहुत संस्कारी है,पढ़ी-लिखी है, किताबें पढ़ती है,डॉक्टर है।”
पिता गर्व से कहते,“हमारा बेटा लंदन में रहता है,लेकिन सोच पूरी तरह भारतीय है।”
लंदन के घर में मेहमानों के लिए कमरे सजाए जा रहे थे।शादी का हॉल बुक हो चुका था।फूलों के रंग तय हो रहे थे,कार्ड की भाषा पर बहस चल रही थी,हिंदी में छपे या अंग्रेज़ी में?राहुल इन सबके बीच चुप-चाप खड़ा रहता।उसे लगता था,यह सब किसी सपने जैसा है,जिसे ज़ोर से छूने पर टूट जाने का डर हो।
इधर प्रिया के घर में भी हलचल थी।माँ अलमारी खोल-खोलकर साड़ियाँ देखतीं,“यह लंदन में पहनने लायक़ है या नहीं?”
पिता बार-बार पासपोर्ट और वीज़ा चेक करते।“सब ठीक है न? कोई काग़ज़ छूट तो नहीं गया?”
प्रिया मुस्कराकर सबको देखती।उसके भीतर एक अजीब-सी शांति थी,जैसे उसने जीवन में सही जगह चुन ली हो।हवाई जहाज़ की टिकट बुक हो चुकी थी।लंदन अब कोई दूर का सपना नहीं था,वह एक उड़ान भर दूर था।
उस दिन सुबह सब बहुत खुश थे।एयरपोर्ट पर फोटो खिंचवाई गईं।प्रिया ने राहुल को मैसेज किया,“हम बैठ गए हैं, कुछ ही घंटों में तुम्हारे पास होंगे।”
राहुल ने जवाब दिया,“मैं एयरपोर्ट पर इंतज़ार करूँगा।”
जहाज़ रनवे पर दौड़ा।थोड़ी ऊँचाई तक पहुँचा।और फिर,एक झटका।कुछ ही पलों में,सब कुछ समाप्त।
राहुल ऑफिस में था।किसी ने आकर कहा,“राहुल, टीवी ऑन कीजिए,एक फ्लाइट क्रैश की खबर है।”
राहुल ने बिना कुछ सोचे रिमोट उठाया।स्क्रीन पर वही हेडलाइन थी,जिसे पढ़कर आँखें विश्वास करने से इंकार कर दें,“कोई भी यात्री जीवित नहीं बचा।”
राहुल का शरीर सुन्न हो गया।उसके कानों में आवाज़ गूँजने लगी,“प्रिया… उसी फ्लाइट से आने वाली थी।”
उसने तुरंत जानकारी जुटानी शुरू की।एयरलाइन, हेल्पलाइन, न्यूज़ चैनल,हर जगह एक ही जवाब।
“सभी मारे गए।”
राहुल कुर्सी पर बैठा रहा।आँखों से आँसू नहीं निकले।सिर्फ़ एक सवाल मन में घूमता रहा,“इतना सुंदर… इतना पवित्र… इतना सच्चा प्रेम,क्या इतना कमज़ोर होता है?”
उसे प्रिया की आवाज़ याद आई,“कहीं सब टूट न जाए।”
और उसका जवाब,“तो मैं टूट जाऊँगा, सपना नहीं।”
अब सपना टूट चुका था।और राहुल जीवित था।यह सबसे बड़ी सज़ा थी।शाम को घर पहुँचा तो माँ ने पूछा,“क्यों इतना चुप है बेटा?”
राहुल ने टीवी की ओर इशारा किया।पिता समझ गए।घर में सन्नाटा छा गया।
कुछ देर बाद राहुल बोला,“मैं अब शादी नहीं करूँगा।”
माँ रो पड़ी।“ऐसा मत कहो बेटा, ज़िंदगी बहुत लंबी होती है।”
राहुल ने बहुत धीमे,लेकिन बेहद ठोस स्वर में कहा,“मेरी ज़िंदगी पूरी हो चुकी है माँ।बस उसकी उम्र बाकी है।”
पिता ने उसके कंधे पर हाथ रखा।“समय सब ठीक कर देता है।”
राहुल ने सिर हिला दिया।“नहीं पापा…कुछ चीज़ें समय से ठीक नहीं होतीं,वे समय बन जाती हैं।”
उस रात राहुल ने प्रिया की आख़िरी आवाज़ सुनी,“अब बस कुछ दिन,फिर हमेशा के लिए साथ।”
वह जानता था,वह ‘हमेशा’ बहुत छोटा था।लेकिन इतना गहरा था कि पूरी ज़िंदगी उसी एक पल में कैद हो गई।
राहुल जो स्मृतियों में रहने लगा। अब यह जानता था,जानने से भी आगे,स्वीकार करने की उस अवस्था में कि उसकी ज़िंदगी में प्रिया दोबारा कभी नहीं आ सकती।यह बोध अचानक नहीं हुआ था।
यह रोज़-रोज़,हर सुबह,हर शाम थोड़ा-थोड़ा करके भीतर उतरा था।वह यह भी जानता था कि दुख़ तब और गहरा होता है,जब उसमें कोई आशा शेष न रहे।लेकिन आश्चर्य यह था कि आशा के ख़त्म होते ही दुख़ ने चीखना बंद कर दिया था।स्मृति,जो समय नहीं मानती राहुल की ज़िंदगी अब दो हिस्सों में बँट चुकी थी,एक, जिसमें वह दिखाई देता था।और दूसरा,जिसमें वह रहता था।वह जिस कमरे में बैठा होता,वहाँ वह मौजूद नहीं होता।वह जयपुर की उस छत पर होता,जहाँ प्रिया की आवाज़ पहली बार हवा में घुली थी।कभी वह काशी की सीढ़ियों पर खड़ा होता,जहाँ दीयों की लौ उसके भीतर की अंधेरी जगहों को धीरे-धीरे रोशन करती थी।
कभी खजुराहो की रातों में,जहाँ पत्थर भी संवेदना का भार उठाते दिखते थे।समय वहाँ रुक जाता था।
घड़ियाँ केवल चलती थीं,समय नहीं।आवाज़ जो लौटकर नहीं जाती जयपुर में गाया गया वह गीत अब केवल एक रिकॉर्डिंग नहीं था।वह एक दरवाज़ा बन चुका था।राहुल जानता था,अगर वह वीडियो न देखे,तो वह उस दरवाज़े के इस पार रहेगा।और अगर देख ले,तो कुछ देर के लिए उस पार चला जाएगा।वह अकसर यह जोखिम उठाता था।वीडियो चलते ही प्रिया की आवाज़ उसके कानों में नहीं,
उसके भीतर उतरती थी,“रहे या ना रहे हम..।”
कभी वह मोबाइल को बंद कर देता,जैसे आवाज़ से डर गया हो।और कभी पूरी रात उसे दोहराता रहता।यह निर्भरता नहीं थी।यह अनुपस्थिति से संवाद था।दीवानापन एक नियंत्रित विचलन राहुल जानता था कि लोग उसे देखकर सोचते हैं,“यह सामान्य नहीं है।”
वह खुद भी जानता था कि यह सामान्य जीवन नहीं है।लेकिन वह यह भी समझता था कुछ प्रेम
सामान्यता से बाहर ही पूरे होते हैं।
वह वीडियो से बातें नहीं करता था,जैसे कोई भ्रम में हो।वह बातें करता था जैसे कोई पत्र लिख रहा हो,
जिसका उत्तर नहीं आने वाला।
“आज तुम्हारी बहुत याद आई,”काशी में जो कहा था,वह मैं अब समझ पा रहा हूँ।”
यह पागलपन नहीं था।यह स्वीकृत शून्य था।शरीर यहाँ,मन वहाँ कभी-कभी वह अचानक ठिठक जाता।जैसे किसी ने पीछे से पुकारा हो।उसे लगता,प्रिया अभी बोलेगी,“इतना क्यों सोचते हो?”
उस क्षण वह मुस्करा देता।
लोग समझते,वह अजीब है।लेकिन वह जानता था,वह सिर्फ़ अकेला है।खुशबू की तरह राहुल,की ज़िंदगी में प्रिया किसी घटना की तरह नहीं,किसी गुण की तरह मौजूद है।जैसे खुशबू।दिखाई नहीं देती,लेकिन दिशा बदल देती है।वह जानता था,वह अब कभी ठीक नहीं होगा।और शायद उसे ठीक होना था भी नहीं।क्योंकि कुछ प्रेम इलाज नहीं माँगते,वे स्मरण माँगते हैं।
राहुल के जीवन में समय आगे बढ़ रहा था,लेकिन उसका मन अब भी वहीं ठहरा था,जहाँ प्रिया की आवाज़, उसकी हँसी और उसका गीत हवा में घुला हुआ था।इसी बीच,एक दिन मोना उससे मिलने आई।
मोना,राहुल के कॉलेज के दिनों की मित्र।कभी बहुत पास नहीं थी,लेकिन इतनी दूर भी नहीं कि स्मृति से मिट जाए।उसे राहुल के जीवन में आए इस शून्य का पता चल चुका था। राहुल के जन्मदिन पर मोना उसके घर आई।उसके हाथ में एक बड़ा-सा पैकेट था।
“यह तुम्हारे लिए है,” उसने कहा।
राहुल ने जब उसे खोला,तो भीतर प्रिया की एक बेहद आकर्षक,शांत और सौम्य तस्वीर थी,सुंदर फ्रेम में जड़ी हुई।राहुल की आँखें भर आईं।
मोना ने बहुत संयम से कहा,“मैं चाहती हूँ कि यह तस्वीर हमेशा तुम्हारे साथ रहे।अगर कभी हम दोनों एक हों,तो यह तस्वीर हमारे बेडरूम में भी रहे और डाइनिंग हॉल में भी।”

राहुल ने आश्चर्य से उसकी ओर देखा।
मोना बोली,“मैं चाहती हूँ कि तुम्हें कभी यह न लगे कि प्रिया को हटाकर मैंने तुम्हारी ज़िंदगी में जगह बनाई है।मैं चाहती हूँ कि तुम्हें यह एहसास रहे कि प्रिया मेरे साथ भी रहती है,उसकी यादें, उसका स्थान।”
फिर वह थोड़ा रुकी,जैसे शब्द चुन रही हो।“तुम्हें याद है,” उसने कहा,“प्रिया ने एक बार कहा था,‘अगर कभी मैं न रहूँ,तो मेरी कमी तुम मोना के साथ बाँट सकते हो।’”
राहुल का दिल काँप गया।
मोना ने आगे कहा,“मुझे यक़ीन है, राहुल,मैं तुम्हें निराश नहीं करूँगी।मैं लंदन में रहती हूँ,लेकिन मैं भी भारतीय ही हूँ।विदेश में बस जाने से किसी का संस्कार नहीं बदल जाता।”
उसने मुस्कराकर जोड़ा,“तुम्हें भारतीय संस्कृति को जीने वाली हमसफ़र चाहिए,चाहे वह अमेरिका की हो,रूस की हो,या लंदन की।”
मोना की बातें सुनते हुए राहुल के भीतर प्रिया की आवाज़ें गूँजने लगीं।जयपुर की छत,काशी की सीढ़ियाँ,खजुराहो की रातें,सब एक साथ लौट आए।उसे लगा,प्रिया कहीं पास ही खड़ी है,मुस्कराकर कह रही हो,“ज़िंदगी रुकनी नहीं चाहिए, राहुल।”
राहुल ने बहुत शाँत स्वर में कहा,“मैं वादा करता हूँ, मोना मैं प्रिया की कहानी,उसकी भावनाओं और उसकी आत्मा को कभी दरकिनार नहीं करूँगा।“अगर मैं आगे बढ़ूँगा,तो उसे साथ लेकर ही।”
मोना की आँखों में नमी आ गई।
कुछ समय बाद राहुल और मोना का विवाह हो गया।मोना ने अपने वादे के अनुसार सबसे पहले बेडरूम में प्रिया की तस्वीर लगवाई।उसके बाद ही नए जीवन की शुरुआत की।
उस रात राहुल की आँखें भर आईं।वह मोना को गले लगा बैठा।उस पल उसे ऐसा लगा,जैसे मोना में
कहीं-न-कहीं प्रिया की ही एक छाया बस गई हो।यह भ्रम नहीं था।यह स्वीकार था।
राहुल समझ चुका था,कुछ प्रेम चले जाते हैं,लेकिन जगह खाली नहीं करते।वे किसी और रूप में साथ बने रहते हैं।और ज़िंदगी,उन्हीं स्मृतियों को सहेजते हुए आगे बढ़ती है।
राहुल ने समझ लिया था कि प्रेम का अर्थ हमेशा साथ रहना नहीं होता।कभी-कभी प्रेम का अर्थ होता है,किसी की अनुपस्थिति को सम्मान के साथ स्वीकार कर लेना।प्रिया अब उसके जीवन में एक व्यक्ति की तरह नहीं,एक संस्कार की तरह मौजूद थी।वह उसके निर्णयों में थी,उसके मौन में थी,
और उसके हर नए रिश्ते की नींव में थी।
मोना को गले लगाते हुए राहुल ने यह महसूस किया कि यह किसी को भूलने का क्षण नहीं है,यह किसी को साथ लेकर आगे बढ़ने का क्षण है।
प्रिया की तस्वीर दीवार पर थी,लेकिन उसकी उपस्थिति राहुल के भीतर थी।और यही प्रेम की सबसे परिपक्व अवस्था होती है जहाँ स्मृति बोझ नहीं बनती,मार्गदर्शक बन जाती है।

रमेश कुमार रिपु
MO-7974304532