बालाघाट में बाहरी धान खरीदी होने पर SDM जिम्मेदार - rashtrmat.com

बालाघाट में बाहरी धान खरीदी होने पर SDM जिम्मेदार

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट में 1 दिसंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी। कलेक्टर आदित्य सिंह ने साफ निर्देश दिए हैं कि जिले के खरीदी केंद्रों पर दूसरे जिलों और राज्यों से आने वाली धान नहीं खरीदी जाए। यदि किसी केंद्र पर बाहरी धान की खरीदी होती है तो संबंधित क्षेत्र के एसडीएम की जिम्मेदारी तय की जाएगी। पहली बार इस मामले में एसडीएम को सीधे जवाबदेह बनाया गया है।

बैठक में मौजूद अधिकारी।

केंद्रों का निरीक्षण करने को कहा

शनिवार को कलेक्टर ने धान खरीदी की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने 25 नवंबर तक सभी केंद्रों पर जरूरी इंतजाम पूरे करने के निर्देश दिए। सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ और खरीदी से जुड़े विभागों के अधिकारियों को अगले दो दिनों में अपने-अपने क्षेत्र के केंद्रों का निरीक्षण करने को कहा।

185 केंद्रों पर होगी खरीदी

बालाघाट जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए कुल 185 केंद्र बनाए जा रहे हैं। इनमें 62 केंद्र गोदाम स्तर पर और 123 केंद्र सहकारी समितियों के माध्यम से संचालित होंगे। जिले में धान बेचने के लिए 1 लाख 31 हजार 203 किसानों का पंजीयन हुआ है।धान खरीदी 1 दिसंबर से शुरू होकर 20 जनवरी तक चलेगी। सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन सुबह 8 से शाम 8 बजे तक खरीदी होगी। किसानों के लिए स्लॉट बुकिंग 25 नवंबर से शुरू होगी।

परिवहन सुनिश्चित किया जाए

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए छाया, पीने का पानी और अलाव की व्यवस्था रहे। बारिश से धान को सुरक्षित रखने के लिए तिरपाल भी उपलब्ध कराए जाएं। पर्याप्त बारदाने, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे, नमी मापक यंत्र, छन्ना और गुणवत्ता जांचने के जरूरी उपकरण रखने को कहा गया।किसानों को स्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया और उसके तरीकों की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि धान तौलने के 48 घंटे के भीतर किसानों को भुगतान किया जाए। केंद्रों से धान का समय पर उठाव और गोदामों तक परिवहन सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *