पति पर उड़ेला खौलता हुआ तेल, मौके से फरार हुई पत्नी - rashtrmat.com

पति पर उड़ेला खौलता हुआ तेल, मौके से फरार हुई पत्नी

 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। पारिवारिक विवाद ने एक बार फिर रिश्तों को झकझोर कर रख दिया। जिस घर में पति-पत्नी के बीच कभी साथ रहने को लेकर विवाद हुआ था, उसी घर में खौलते तेल से हमला करने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोप है कि पत्नी ने खाना बनाते समय अचानक अपने पति पर खौलता हुआ तेल उड़ेल दिया। गर्म तेल से पति का चेहरा, कान के पास का हिस्सा और गला बुरी तरह झुलस गया। वही घटना के बाद आरोपी पत्नी मौके से फरार हो गई। इधर, घायल पति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था
दरअसल, यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 33 गायखुरी की है। जहां डालीराम बोपचे मजदूरी करके जीविका चलाता है। परिवार में पत्नी श्यामकला और 14 वर्षीय बेटी है। बेटी फिलहाल अपनी बुआ के घर ग्राम मुरमाड़ी में रहकर पढ़ाई कर रही है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। करीब सात महीने पहले श्यामकला घर छोड़कर चली गई थी। इसके बाद सितंबर माह में वह वापस लौटी और घर का दरवाजा तोड़कर रहने लगी। हालांकि, इस दौरान डालीराम अलग रह रहे थे। करीब दो महीने तक दोनों के बीच स्थिति सामान्य रही। दीपावली के दौरान बेटी के घर आने के बाद पति-पत्नी फिर से साथ रहने लगे थे। लेकिन 18 नवंबर की शाम करीब 6 बजे अचानक घर का माहौल खूनी संघर्ष जैसी घटना में बदल गया।

खौलता हुआ तेल  उड़ेल दिया
डालीराम मजदूरी कर घर लौटे थे। फ्रेश होने के बाद वह घर में करवट लेकर लेटे हुए मोबाइल देख रहे थे। इसी दौरान पत्नी श्यामकला रसोई में खाना बना रही थी। आरोप है कि इस दौरान ही पत्नी ने अचानक खौलता हुआ तेल डालीराम के ऊपर उड़ेल दिया। जहां गर्म तेल पड़ते ही वह दर्द से चीखने लगे। उनके चेहरे, कान के पास और गले का हिस्सा बुरी तरह झुलस गया। वही उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे। जहां लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी और घायल डालीराम को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां उनका उपचार जारी है। इधर, घटना के बाद पत्नी श्यामकला के मौके से फरार हो गई। अब पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *