राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। खैरलांजी थाना क्षेत्र के तुमसर-बालाघाट हाईवे पर 19 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे महाराष्ट्र एसटी बस और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार सत्यभामा उइके (55) गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनके पति ईश्वर उइके को हल्की चोटें आई हैं।
मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे
जानकारी के अनुसार, फोगलटोला निवासी ईश्वर उइके अपनी पत्नी के साथ बेटी के गांव डोंगरिया में तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होकर मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नवेगांव खं स्कूल टोली के पास तुमसर से बालाघाट जा रही महाराष्ट्र एसटी की तिरोड़ा बस क्रमांक एमएच-40 टी 5896 और उनकी बाइक क्रमांक एमपी-50 एचई 7096 के बीच टक्कर हो गई। हादसे में सत्यभामा के सिर में गंभीर चोट आई। सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम ने दोनों घायलों को खैरलांजी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल बालाघाट रेफर किया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, स्कूल टोली के पास गति अवरोधक नहीं होने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है।